बांकीपुर से नामांकन करते ही जेजेडी कैंडिडेट वीणा मानवी को पुलिस ले गई, तेज प्रताप बोले- झूठे केस में फंसाया

लाइव हिन्दुस्तान, पटना
Follow us on Google News
share

पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट से नामांकन करने के तुरंत बाद पुलिस ने तेज प्रताप यादव की पार्टी जेजेडी की प्रत्याशी वीणा मानवी को हिरासत में ले लिया। पुलिस उन्हें कलेक्ट्रेट परिसर से उठाकर ले गई। इस पर बिहार का सियासी पारा गर्मा गया है। 

बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए नामांकन करते ही जनशक्ति जनता दल (JJD) की प्रत्याशी वीणा मानवी को पटना पुलिस ने पकड़ लिया। बताया जा रहा है कि एक पुराने मामले में गिरफ्तारी का वारंट निकलने के पुलिस उन्हें बाद कलेक्ट्रेट से ही ले गई। जेजेडी के प्रमुख एवं बिहार के पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव ने दावा किया है कि उनकी प्रत्याशी को झूठे केस में फंसाया गया है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है।

तेज प्रताप यादव ने सोमवार को सोशल मीडिया पोस्ट कर कहा, "वीणा मानवी का गिरफ्तारी का वारंट निकला है। यह सरकार की तरफ से साजिश की गई है। हमारे कैंडिडेट को जान-बूझकर फंसाया गया है। वह आधी आबादी की बात कर रही थीं। षडयंत्र ज्यादा टिकने वाला नहीं है। हम अभी दिल्ली में हैं। बिहार आकर सरकार का घेराव करेंगे"।

उन्होंने कहा कि वीणा मानवी आज अपना नामांकन दाखिल कर रही थीं। उसी दिन गिरफ्तारी का वारंट क्यों निकाला गया। जेजेडी प्रमुख ने कहा, "वीणा मानवी जीत रही थीं, इसलिए उन्हें फंसाया गया है। इतने दिन गिरफ्तारी वारंट क्यों नहीं आया। भाजपा और प्रशांत किशोर हार रहे हैं। बांकीपुर की जनता सत्य और न्याय के साथ खड़ी है। एक महिला के साथ अन्याय हो रहा है।"

वीणा मानवी को कलेक्ट्रेट से ले गई पुलिस

पुलिस ने वीणा मानवी को पटना कलेक्ट्रेट परिसर से ही सीध हिरासत में ले लिया। वह जैसे ही नामांकन कर बाहर निकलीं, पुलिस उन्हें वैन में बैठाकर लेकर चली गईं। इससे उनके कायकर्ताओं में भी हड़कंप मच गया। वीणा मानवी ने इस दौरान मीडिया से बातचीत में कहा कि उन्हें गिरफ्तारी वारंट के बारे में अभी ही बताया गया। जेजेडी प्रत्याशी वीणा की बेटी ने मीडिया से बातचीत ने सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार पर साजिश का आरोप लगाया है।

वीणा मानवी बोलीं- गांधी मैदान थाना ने अरेस्ट किया, पीएमसीएच ले गई पुलिस

वीणा मानवी ने पुलिस वैन से फेसबुक लाइव करते हुए कहा कि पटना के गांधी मैदान थाना पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया गया है। पुलिस उन्हें पीएमसीएच अस्पताल में मेडिकल जांच के लिए लेकर गई है। उन्होंने दावा किया कि उन्होंने कोई क्राइम नहीं किया है। उन्हें नहीं बताया गया कि किस मामले में उन्हें गिरफ्तार किया गया। वीणा मानवी ने बीजेपी सरकार पर षडयंत्र के तहत गिरफ्तारी का आरोप लगाया है।

कौन हैं वीणा मानवी?

वीणा मानवी एक महिला सामाजिक कार्यकर्ता हैं। पिछले दिनों ही उन्होंने जनशक्ति जनता दल की सदस्यता ली थी और तेज प्रताप ने उन्हें बांकीपुर से प्रत्याशी बनाने का ऐलान किया था।

वीणा मानवी को पुलिस ने क्यों पकड़ा?

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, वीणा मानवी के खिलाफ एक धोखाधड़ी का केस दर्ज है। कोर्ट से गिरफ्तारी का वारंट निकला है। उसी के चलते उन्हें पुलिस ने पकड़ा है। हालांकि, पुलिस इस बारे में कोई विस्तृत जानकारी अभी तक साझा नहीं की है।

बांकीपुर में 30 जुलाई को मतदान

पटना शहर की बांकीपुर विधानसभा सीट पर 30 जुलाई को उपचुनाव के लिए मतदान होना है। सोमवार को नामांकन के आखिरी दिन वीणा मानवी के अलावा, जन सुराज पार्टी के प्रशांत किशोर और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नीरज कुमार सिन्हा ने अपना पर्चा दाखिल किया। 3 अगस्त को मतगणना के बाद रिजल्ट जारी किया जाएगा। यह सीट बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन वीन के इस्तीफे से खाली हुई थी।

Jayesh Jetawat

लेखक के बारे में

Jayesh Jetawat

जयेश जेतावत एक अनुभवी, जुझारू एवं निष्पक्ष पत्रकार हैं। बीते 10 सालों से स्थानीय मुद्दों को कवर कर रहे हैं। राजनीतिक, सामाजिक और आपराधिक घटनाओं की रिपोर्टिंग एवं संपादन में महारत हासिल है। बिहार में पर्यटन एवं इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी गहरी पकड़ रखते हैं। तकनीकी रूप से निपुण जयेश, तथ्यों की बारीकी से जांच कर समयसीमा के भीतर पाठकों तक सटीक खबरें एवं शोध-परक विश्लेषण पहुंचाते हैं। जनसरोकार के मुद्दे उठाना, पेशेवर नैतिकता का पालन करना, समाज एवं मानव कल्याण के प्रति जिम्मेदारी, इन्हें और भी योग्य बनाती है। भाषा पर इनकी अच्छी पकड़ है। जटिल मुद्दों को पाठकों एवं दर्शकों तक आसान शब्दों में पहुंचाना इनकी खूबी है।

जयेश जेतावत मूलरूप से मेवाड़ क्षेत्र (राजस्थान) के रहने वाले हैं। इन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से जनसंचार में पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई की। इसके बाद ईटीवी भारत में बतौर प्रशिक्षु समाचार संपादक के रूप में काम शुरू किया। फिर इंडिया न्यूज के डिजिटल सेक्शन में विभिन्न बीट कवर की। इसके बाद, वे2न्यूज में बतौर टीम लीडर तीन राज्यों की कमान संभाली। साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े, तब से यहां बिहार की खबरों को कवर कर रहे हैं। जयेश ने टाइम्स ऑफ इंडिया, लाइव इंडिया न्यूज चैनल और सी-वोटर रिसर्च एजेंसी में इंटर्नशिप भी की। पटना से प्रकाशित मैगजीन राइजिंग मगध में समसामयिक विषयों पर इनके लेख छपते रहे हैं। समाचार लेखन के अलावा जयेश की साहित्यिक पठन एवं लेखन में रुचि है, सामाजिक मुद्दों पर कई लघु कथाएं लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar News के साथ-साथ Patna, Muzaffarpur, Bhagalpur और बिहार के अन्य जिलों की ताज़ा खबरें और पटना का मौसम हिंदी में जानने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।