बांकीपुर सीट पर नामांकन खत्म, आखिरी दिन प्रशांत किशोर, नीरज सिन्हा और वीणा मानवी ने भरा पर्चा
बांकीपुर विधानसभा सीट पर सोमवार को नामांकन के आखिरी दिन जन सुराज पार्टी के प्रशांत किशोर, बीजेपी कैंडिडेट नीरज कुमार सिन्हा और जेजेडी की प्रत्याशी वीणा मानवी ने पर्चा भरा।

बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए सोमवार को नामांकन की प्रक्रिया समाप्त हो गई। आखिरी दिन जन सुराज पार्टी के प्रशांत किशोर, भारतीय जनता पार्टी (BJP) के कैंडिडेट नीरज कुमार सिन्हा और जनशक्ति जनता दल (JJD) की प्रत्याशी वीणा मानवी समेत अन्य ने नामांकन किया। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन बांकीपुर सीट से विधायक थे, लेकिन राज्यसभा सांसद बनने के बाद उनके बाद उनके इस्तीफे से यह सीट खाली हुई थी। अब यहां उपचुनाव के लिए 30 जुलाई को मतदान होगा। महागठबंधन से राष्ट्रीय जनता दल (RJD) की उम्मीदवार रेखा गुप्ता पहले ही अपना नॉमिनेशन कर चुकी हैं।
पूर्व चुनावी रणनीतिकार एवं जन सुराज पार्टी के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने अपनी पत्नी जाह्नवी दास की मौजूदगी में पटना कलेक्ट्रेट में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। असम की रहने वालीं डॉक्टर जाह्नवी दास आमतौर पर सार्वजनिक जीवन से दूर रहती हैं, लेकिन इस मौके पर वह पीके के साथ नजर आईं। प्रशांत किशोर नामांकन दाखिल करने के लिए एक विशाल जुलूस के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचे।
दूसरी ओर, बीजेपी कैंडिडेट नीरज कुमार सिन्हा ने पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पटना साहिब से सांसद रविशंकर प्रसाद तथा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी की मौजूदगी में अपना नामांकन किया। 32 साल के नीरज सिन्हा भाजयुमो के नेता हैं। बीजेपी ने उन्हें अभिषेक कुमार सिन्हा बंटी का चुनाव लड़ने से इनकार करने के बाद प्रत्याशी बनाया। अभिषेक ने पिछले सप्ताह बीजेपी प्रत्याशी के रूप में नामांकन कर दिया था। मगर बाद में उन्होंने चुनाव से हटने का ऐलान कर दिया था। इसके बाद पार्टी ने बांकीपुर में अपना कैंडिडेट बदल दिया।
इस बीच, जनशक्ति जनता दल (जेजेडी) की उम्मीदवार वीणा मानवी को नामांकन दाखिल करने के कुछ ही देर बाद पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पटना (मध्य) की पुलिस अधीक्षक ममता कल्याणी ने बताया, धोखाधड़ी के एक मामले में उनके खिलाफ वारंट जारी था। इसी के चलते उन्हें गिरफ्तार किया गया। इस कार्रवाई पर दिल्ली में मौजूद जेजेडी प्रमुख तेजप्रताप यादव ने आपत्ति जताई। उन्होंने वीणा की गिरफ्तारी को सरकार की साजिश करार देते हुए दावा किया कि उनकी पार्टी की उम्मीदवार को झूठे मामले में फंसाया गया है।
Bankipur By Election Nomination LIVE Updates-:
14.14 PM- Bankipur LIVE: वीणा मानवी ने कहा है कि उन्हें फंसाने की कोशिश हो रही है। इधर पार्टी प्रत्याशी के समर्थन में खुद जेजेडी सुप्रीमो तेज प्रताप यादव भी उतर आए हैं। तेज प्रताप यादव ने कहा है कि उनके प्रत्याशी को फंसाने की यह चाल है।
14.10 PM- Bankipur LIVE: तेज प्रताप यादव की कैंडिडेट वीणा मानवी अरेस्ट
बांकीपुर सीट पर नामांकन के बाद जनशक्ति जनता दल की कैंडिडेट वीणा मानवी को पुलिस ने अरेस्ट कर लिया। कहा जा रहा है कि यह पूरा मामला साल 2009-2010 का है। वीणा मानवी पर 420 का केस दर्ज था और धोखाधड़ी के आरोप थे।
14.05 PM- Bankipur LIVE: बांकीपुर उपचुनाव के लिए बीजेपी प्रत्याशी नीरज सिन्हा नामांकन कराने पहुंचे। इस मौके पर रविशंकर प्रसाद ने कहा कि जनता बीजेपी के समर्थन में डटी है। जनता जंगलराज के खिलाफ डटी है। इस चुनाव में सरल सोच के हमारे कार्यकर्ता खड़े हैं।
13.50 PM- Bankipur LIVE: बता दें कि जन सुराज पार्टी के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने साल 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में किसी भी सीट पर चुनाव नहीं लड़ा था। लेकिन पार्टी कोर कमेटी की बीते दिनों हुई बैठक में सर्वसम्मति से फैसला लिया गया कि बांकीपुर उपचुनाव में प्रशांत किशोर खुद पार्टी के उम्मीदवार होंगे। जिसके बाद प्रशांत किशोर ने अब अपना पर्चा दाखिल कर दिया है।
13.40 PM- Bankipur LIVE: बांकीपुर उपचुनाव में जनशक्ति जनता दल की प्रत्याशी वीणा मानवी भी अपनी किस्मत आजमा रही हैं। वीणा मानवी ने अपना पर्चा दाखिल कर दिया है।
13.20 PM- Bankipur LIVE: जनसुराज के उम्मीदवार प्रशांत किशोर ने बांकीपुर उपचुनाव के लिए अपना नामांकन दाखिल कर दिया है। प्रशांत किशोर अपने समर्थकों के साथ नामांकन दाखिल करने पहुंचे थे।
13.16 PM- Bankipur LIVE: बांकीपुर उपचुनाव पर बिहार सरकार के मंत्री दीपक प्रकाश ने कहा, "सरकार के काम पर मतदान होगा। NDA उम्मीदवार की जीत निश्चित है।" तेजस्वी यादव के विदेश दौरे पर उन्होंने कहा, "जनता देख रही है कि कौन लोग जनता के बीच में हैं और कौन लोग नहीं हैं। जनता उस हिसाब से आकलन करेगी।"
13.09 PM- Bankipur LIVE: प्रशांत किशोर भी थोड़ी देर में समाहरणालय जाकर अपना नामांकन पर्चा भरेंगे। प्रशांत किशोर अपना नामांकन दाखिल करने के लिए अपने समर्थकों के साथ निकल चुके हैं। प्रशांत किशोर ने साल 2024 में जनसुराज पार्टी बनाई थी। प्रशांत किशोर पहली बार चुनावी मैदान में हैं। बांकीपुर सीट पर उपचुनाव इस बार बेहद दिलचस्प हो सकता है।
12.49 PM- Bankipur LIVE: बांकीपुर उपचुनाव के लिए नामांकन के लिए जा रहे नीरज सिन्हा के रोड शो की तस्वीरें सामने आई हैं। सड़क पर बीजेपी कार्यकर्ता लगातार नारे लगाते हुए पैदल आगे बढ़ रहे हैं। कई कार्यकर्ता बाइक से भी आगे बढ़ रहे हैं।
12.46 PM- Bankipur LIVE: बीजेपी उम्मीदवार नीरज सिन्हा ने नवीन सिन्हा पार्क में जाकर नवीन सिन्हा को श्रद्धांजलि दी है। नीरज सिन्हा ने अपने नामांकन से पहले हनुमान मंदिर में पूजा अर्चना की है। नीरज सिन्हा अपने नामांकन के लिए पटना स्थित बीजेपी कार्यालय से निकल चुके हैं। नीरज सिन्हा दिग्गज बीजेपी नेताओं के साथ गाड़ी पर सवार हैं। कई कार्यकर्ता पैदल और मोटरसाइकिल से पटना की सड़क पर इस गाड़ी के आगे-आगे चल रहे हैं। नीरज सिन्हा के साथ रविशंकर और संजय सरावगी जैसे दिग्गज नेता मौजूद हैं।
12.40 PM- Bankipur LIVE: अभिषेक सिन्हा के नाम वापस लेने पर क्या बोले पिता
भाजपा नेता अभिषेक कुमार सिन्हा बंटी ने बांकीपुर विधानसभा सीट पर चुनाव के लिए अपनी उम्मीदवारी अपने माता-पिता के सम्मान की रक्षा करने के वास्ते वापस ले ली। उनके पिता ने शनिवार को यह बात कही। अभिषेक सिन्हा ने शुक्रवार को नामांकन पत्र दाखिल करने के एक दिन बाद 'पारिवारिक कारणों' का हवाला देते हुए चुनाव मैदान से हटने की घोषणा की थी। उन्होंने राजग के सभी सहयोगी दलों के नेताओं की मौजूदगी में नामांकन पत्र दाखिल किया था। अभिषेक सिन्हा के पिता रवींद्र प्रसाद ने यहां मीडिया के सामने अपनी बात साझा की।
रवींद्र प्रसाद ने कहा था कि जब तक बंटी ने यह फैसला नहीं लिया था, तब तक हमारे घर का माहौल जश्न जैसा था। अब उसकी जगह मायूसी और वीरानी ने ले ली है। मेरे बेटे ने अपने माता-पिता के सम्मान की रक्षा के लिए यह कदम उठाया।' रवींद्र प्रसाद पटना स्थित एक फर्म के मालिक हैं, जो 1990 के दशक के 1,000 करोड़ रुपये के वित्तीय घोटाले की जांच के दायरे में आई थी। उन्होंने कहा था कि सीबीआई द्वारा आरोपी बनाए जाने के बाद मेरी पत्नी और मैं जमानत पर बाहर हैं और हमारी अपील उच्च न्यायालय में लंबित हैं।
12.15 PM- Bankipur LIVE: बांकीपुर उपचुनाव पर JDU नेता राजीव रंजन ने कहा, "भाजपा के लिए सबसे आसान सीटों में से एक बांकीपुर है। बहुत सारी गलतफहमियों के शिकार प्रशांत किशोर पहले भी रहे। उनकी पार्टी बिहार में खाता भी नहीं खोल पाई... ये चुनाव उनके राजनीतिक जीवन की सबसे बड़ी भूल साबित होगा।"
12.08 PM- Bankipur LIVE: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा, "बांकीपुर उपचुनाव है और तेजस्वी यादव यूरोप के भ्रमण पर हैं। इस बार NDA के प्रत्याशी बांकीपुर उपचुनाव में और अधिक मतों से जीतेंगे। राजद को पिछली बार 51 हजार वोटों से हराया था, इस बार उससे भी ज्यादा वोटों से राजद को हराएंगे।"
11.53 AM- Bankipur LIVE: राष्ट्रीय नागरिक मोर्चा ने राजनीतिक कुप्रबंधन और निरंकुश, नौकरशाही के खिलाफ स्वर उठाने के इरादे से बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में अपना उम्मीदवार खड़ा किया है। राष्ट्रीय नागरिक मोर्चा ने अपनी तरफ से उम्मीदवार बागीश नंदन के नाम की घोषणा की है।
मोर्चा के संयोजक बसंत कुमार चौधरी ने कहा कि यह संगठन किसी विचारधारा विशेष का कायल नहीं है। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश की समस्याओं को भारतीय संविधान के दायरे में रख कर सुलझाया जा सकता है और खुशहाल के साथ उन्नत बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि इस सत्ता में बैठे लोगों में राजनीतिक इच्छाशक्ति की कमी है और उनका संगठन इस बात को जनता तक पहुंचाना चाहता है।
11.47 AM- Bankipur LIVE: राजद ने बांकीपुर उपचुनाव में रेखा गुप्ता को अपना उम्मीदवार बनाया है। इस बार इस सीट पर त्रिकोणीय मुकाबला होने की उम्मीद है। रेखा गुप्ता इस सीट से पहले भी अपनी किस्मत आजमा चुकी हैं।
11.33 AM- Bankipur LIVE: जन सुराज पार्टी के वरिष्ठ नेता किशोर कुमार मुन्ना ने कहा कि बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव बिहार की राजनीति को नई दिशा देने वाला साबित होगा। यहीं से बिहार में बदलाव की शुरुआत होगी। पार्टी के सूत्रधार प्रशांत किशोर सोमवार को अपना नामांकन दाखिल करेंगे। इस बाबत उन्होंने बताया कि स्काउट एंड गाइड मैदान से नामांकन के लिये प्रशांत किशोर निकलेंगे। बांकीपुर हमेशा से प्रबुद्ध और जागरूक मतदाताओं का विधानसभा क्षेत्र रहा है। जनता से अपील है कि बिहार में विकास की नई सोच को आगे बढ़ाना है तो प्रशांत किशोर को विधानसभा भेजना होगा। उन्होंने कहा कि यह केवल एक विधानसभा उपचुनाव नहीं, बल्कि बिहार की राजनीति को नई दिशा देने का अवसर है। उन्होंने आरोप लगाया कि तीन माह में सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली सरकार का कार्यकाल निराशाजनक रहा है। यह जनता की अपेक्षाओं पर खरा नहीं उतर पायी है।
11.20 AM- Bankipur LIVE: बिहार के पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने रविवार को कहा कि बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की जीत तय है और गठबंधन के घटक दलों को एक जुट हो कर इसमें भाग लेना चाहिए। दीपक प्रकाश अपने दो दिवसीय दौरे पर शेखपुरा आए हुए थे और इस दौरान संवाददाताओं से बात करते हुए उन्होंने पटना के बांकीपुर विधानसभा में हो रहे उप चुनाव में राजग प्रत्याशी नीरज कुमार की जीत का दावा किया। दीपक प्रकाश ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के विकास कार्यों पर जनता की मुहर लगेगी और बांकीपुर में राजग प्रत्याशी को प्रचंड जीत मिलेगी। उन्होंने प्रत्याशी बदले जाने के प्रश्न को टालते हुए इसे भाजपा का अंदरूनी मामला बताया। उन्होंने कहा कि राजग पूरी तरह एकजुट है और घटक दलों में कोई मतभेद नहीं है।
10.38 AM- Bankipur LIVE: बता दें कि पटना के बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव इसलिए कराना पड़ा क्योंकि मौजूदा नितिन नवीन को पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने के बाद राज्यसभा के लिए चुना गया था। नवीन ने भाजपा का गढ़ रही बांकीपुर सीट लगातार पांच बार जीती थी। वो इस सीट से विधायक थे लेकिन राज्यसभा के लिए चुने जाने के बाद यह सीट खाली हो गई थी।
10.18 AM- Bankipur LIVE: पीके ने बीजेपी पर साधा था निशाना
जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने बिहार में बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव से भारतीय जनता पार्टी उम्मीदवार के अपनी उम्मीदवारी वापस लेने के फैसले को अभूतपूर्व बताया था और दावा किया था कि भाजपा के पास काबिल उम्मीदवार की कमी है। अपनी पार्टी के टिकट पर उपचुनाव लड़ रहे किशोर ने दावा किया था कि आम तौर पर, भाजपा के प्रतिद्वंद्वी उम्मीदवार पार्टी के दबाव या डर के कारण चुनावी मुकाबले से हट जाते हैं। प्रशांत किशोर ने कहा था कि संदेश साफ है, लोग अब बदलाव चाहते हैं और अपनी आवाज उठा रहे हैं। इस बार वे भाजपा को उसके ही गढ़ में सबक सिखाएंगे। पार्टी के पास कोई काबिल उम्मीदवार नहीं है।
9:48 AM - Bankipur By Election Nomination LIVE: अभिषेक सिन्हा ने चुनाव लड़ने से किया था इनकार
बता दें कि बीजेपी ने बांकीपुर उपचुनाव के लिए पहले अभिषेक कुमार सिन्हा को अपना प्रत्याशी बनाया था। भाजपा के उम्मीदवार अभिषेक कुमार सिन्हा ने पारिवारिक कारणों का हवाला देते हुए उपचुनाव से अपना नाम वापस ले लिया था, जिसके बाद पार्टी ने उनकी जगह अपने युवा मोर्चा के नेता नीरज कुमार सिन्हा को उम्मीदवार बनाया था।
9:36 AM - Bankipur By Election Nomination LIVE: चिराग पासवान ने जताया है जीत का भरोसा
राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सहयोगी दल के नेता और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने रविवार को भरोसा जताया था कि बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) फिर जीत हासिल करेगी। इस सीट पर 30 जुलाई को उपचुनाव होना है। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष ने यहां एक कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से बातचीत में यह भी कहा था कि इस सीट से चुनाव लड़ रहे जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर को हार का सामना करना पड़ेगा।
9:18 AM - Bankipur By Election Nomination LIVE: आज पटना आएंगे नितिन नवीन
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन दो दिवसीय बिहार दौरे पर आ रहे हैं। वे सोमवार की शाम पटना पहुंचेंगे। मंगलवार को उनकी वापसी है। जानकारी के अनुसार शाम में पटना आने के बाद वे पार्टी नेताओं से मुलाकात करेंगे। मंगलवार को भी वे पार्टी के प्रमुख नेताओं से मुलाकात करेंगे। बांकीपुर उपचुनाव की घोषणा के बाद भाजपा अध्यक्ष पहली बार बिहार आ रहे हैं।
9:15 AM - Bankipur By Election Nomination LIVE: तेज प्रताप यादव ने एक्स पर क्या लिखा
आज बांकीपुर उपचुनाव के लिए तेज प्रताप यादव की पार्टी जेजेडी की प्रत्याशी वीणा मानवी भी अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगी। नामांकन से पहले तेज प्रताप यादव ने एक्स पर लिखा, 'महत्वपूर्ण सूचना...सभी सम्मानित क्षेत्रवासियों, शुभचिंतकों एवं कार्यकर्ताओं को सूचित किया जाता है कि जनशक्ति जनता दल की प्रत्याशी श्रीमती वीणा मानवी जी दिनांक 13 जुलाई को अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगी।
इस अवसर पर आप सभी की गरिमामयी उपस्थिति एवं सहयोग की अपेक्षा है। आइए, हम सभी अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर लोकतंत्र के इस महत्वपूर्ण पर्व में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें तथा अपनी प्रिय प्रत्याशी श्रीमती वीणा मानवी जी का उत्साहवर्धन करें।'
9:11 AM - Bankipur By Election Nomination LIVE: बीजेपी प्रत्याशी के नामांकन में आने का आह्वान
रविवार को भाजपा कार्याकर्ताओं की बैठक खाजेकलां सामुदायिक भवन में हुई। अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष रूपनारायण मेहता व संचालन सुरेश सिंह पटेल ने किया। विधायक रत्नेश कुशवाहा ने संगठन के कार्यक्रम को संचालित करने और बांकीपुर उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी के नामांकन में शामिल होने का आह्वान किया।
बैठक में प्रदेश मंत्री प्रभाकर मिश्र,विनय केशरी, संजय सिंह, प्रो. दिनेश पटेल, नवीन सिन्हा ,प्रदीप काश, लल्लू शर्मा,स्मिता रानी, मयंक जायसवाल,सन्नी यादव,चौक मंडल अध्यक्ष अमित कानोडिया,पंकज गुप्ता, जितेंद्र कुमार जितू मौजूद थे।
9:09 AM - Bankipur By Election Nomination LIVE: नीरज सिन्हा ने चलाया जनसंपर्क अभियान
इधर भाजपा प्रत्याशी नीरज सिन्हा ने रविवार को विधानसभा के विभिन्न वार्डों और मोहल्लों में जनसंपर्क अभियान चलाया। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, पूर्व सांसद डॉ. सीपी ठाकुर, पटना साहिब के सांसद रवि शंकर प्रसाद, पूर्व विधायक प्रेम रंजन पटेल से मिलकर विधानसभा उपचुनाव में सफलता के लिए आशीर्वाद लिया। भाजपा प्रत्याशी नीरज सिन्हा ने बांकीपुर विधानसभा अंतर्गत कई निगम पार्षदों से भी मुलाकात कर जीत के लिए समर्थन मांगा।
9:07 AM - Bankipur By Election Nomination LIVE: प्रशांत किशोर करेंगे सभा
जन सुराज की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक प्रशांत किशोर की सोमवार सुबह 10 बजे स्काउट एंड गाइड मैदान में सभा होगी। इसके बाद दिन में 11 बजे से नामांकन यात्रा की शुरुआत होगी। स्काउट एंड गाइड मैदान से कोतवाली थाना, डाकबंगला चौराहा, एसपी वर्मा रोड, जेपी गोलंबर होते हुए गांधी मैदान थाना के पास दोपहर 12 बजे नामांकन यात्रा पहुंचेगी और कारगिल चौक से कलेक्ट्रेट होते हुए नामांकन पत्र भरने चुनाव पदाधिकारी के पास पहुंचेंगे।


