Banka News: शादी का झांसा देकर विधवा महिला से संबंध बनाने का आरोप, युवक गिरफ्तार
Banka News: चान्दन ( बांका ) निज प्रतिनिधि आनंदपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की विधवा

Banka News: चान्दन ( बांका ) निज प्रतिनिधि आनंदपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की विधवा महिला की शिकायत पर पुलिस ने शादी का आश्वासन देकर लंबे समय तक संबंध बनाए रखने और बाद में शादी से इनकार करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक की पहचान सियांटांड़ गांव, थाना सिमुलतला निवासी मनोज कुमार, पिता प्रभु वर्णवाल के रूप में हुई है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। दर्ज प्राथमिकी में महिला ने आरोप लगाया है कि पति की मौत के बाद आरोपी युवक ने मोबाइल फोन के माध्यम से उससे संपर्क स्थापित किया और धीरे-धीरे दोनों के बीच संबंध बन गए।
महिला के अनुसार, आरोपी युवक लंबे समय से उससे शादी करने का आश्वासन देता रहा। इसी भरोसे पर महिला उसके साथ संबंध में रही, लेकिन अब आरोपी शादी करने से इनकार कर रहा है। महिला का आरोप है कि जब उसने युवक पर शादी करने के लिए दबाव बनाया तो उसने शादी करने से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद महिला ने मामले की शिकायत आनंदपुर थाना पुलिस से की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष विनोद कुमार ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है तथा प्राथमिकी में लगाए गए आरोपों की सत्यता की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।


