
पेयजल संकट से जूझ रहे केनौलिया गांव के लोग, पीएचइडी विभाग बना उदासीन
बोले बांकाबोले बांका 2 महीने से बंद पडा है जल मीनार बाराहाट, बांका। निज प्रतिनिधि। बांका जिले के बाराहाट प्रखंड क्षेत्र के महुआ पंचायत
बाराहाट, निज प्रतिनिधि। बांका जिले के बाराहाट प्रखंड क्षेत्र के महुआ पंचायत अंतर्गत वार्ड नंबर 5 केनौलिया गांव के लोग इन दिनों जल संकट से जूझ रहे हैं। हालांकि, यहां मुख्यमंत्री की महत्वाकांक्षी नल जल योजना को धरातल पर उतारा गया है। लेकिन यहां के जल मीनार का स्टार्टर व केबल वायर जल जाने के साथ ही पाइप लाइन भी लिकेज हो गया है। जिसकी वजह से यहां नल जल योजना की सार्थकता सिद्ध नहीं हो पा रही है। आलम तो ये है कि 25 घरों की आबादी वाले इस गांव में 2 महीने से ग्रामीण जल संकट से जूझ रहे हैं।
जबकि ग्रामीणों की ओर से कई बार यहां नल से की जाने वाली जलापूर्ति बंद हो जाने की शिकायत पीएचइडी विभाग सहित स्थानीय प्रशासनिक पदाधिकारियों से की गई है। बावजूद इसके अब तक इस दिशा में विभाग की ओर से कोई कारगर पहल नहीं की गई है। जिससे ग्रामीणों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड रहा है। वहीं, क्षेत्र में मानसून की अच्छी बारिश होने के बाद भी भूजल स्तर नियंत्रित नहीं होने से भी जल संकट गहरा रहा है। यहां के लिए लोगों को मजबूरन गांव के सार्वजनिक व निजी चापाकलों से पानी लाकर अपनी प्यास बुझा रहे हैं। जबकि सरकार की ओर से लोगों के घरों तक नल का शुद्ध जल पहुंचाने के लिए नल जल योजना की शुरूआत की गई है। लेकिन विभागीय उदासीनता की वजह से लोगों के हलक सूख रहे हैं। केनोलिया गांव मुख्य सडक से करीब 3 किलोमीटर की दूरी पर अवस्थित है। जिससे यहां के लोगों को पेयजल संकट के साथ ही अन्य कई तरह की समस्याओं से जूझना पड रहा है। जबकि यहां के लोग अपनी समस्या को दूर करने के लिए अपनी आवाज बुलंद करते आए हैं। लेकिन विभाग की उदासीनता व मनमानी की वजह से लोग मूलभूत सुविधाओं की कमी का भी दंश झेल रहे हैं। यही नहीं यहां जल मीनार के संचालन के लिए तैनात किए गए केयर टेकर को पिछले दो साल से मानदेय का भुगतान नहीं किया गया है। इससे भी यहां पेयजल संकट को दूर नहीं किया जा सका है। कहते हैं जिम्मेदार केनौलिया गांव के जल मीनार के खराब पडे स्टार्टर, केबल वायर एवं पाईप लाइन के लिकेज को एक सप्ताह के अंदर ठिक करा कर पेय जल की आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी। जिससे ग्रामीणों को पेयजल संकट से निजात मिल सके। वहीं, यहां के केयरटेकर को भी बकाए राशि का भुगतान किए जाने की दिशा में विभाग की ओर से पहल की जाएगी। ऋषिकेश कुमार, कनीय अभियंता, पीएचइडी बाराहाट

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




