महादलित टोला के काली मंदिर स्थित वाटर पोस्ट पिछले डेढ़ महीने से खराब

Apr 06, 2026 01:28 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, बांका
share

पेज चार की लीडपेज चार की लीड नगर परिषद के विजयनगर वार्ड संख्या 24 का हाल, लोगों को होती है असुविधा गर्मी के शुरू होते ही नगर परिषद के

महादलित टोला के काली मंदिर स्थित वाटर पोस्ट पिछले डेढ़ महीने से खराब

बांका, नगर प्रतिनिधि। गर्मी की शुरुआत के साथ ही नगर परिषद की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। नगर परिषद क्षेत्र के विजयनगर वार्ड संख्या 24 स्थित महादलित टोला के काली मंदिर परिसर में लगा वाटर पोस्ट पिछले डेढ़ महीने से खराब पड़ा है, जिससे स्थानीय लोगों और राहगीरों को भारी परेशानीयों का सामना करना पड़ रहा है। बढ़ती गर्मी में जहां पानी की आवश्यकता और अधिक बढ़ जाती है, वहीं इस तरह की लापरवाही से पेयजल संकट विकराल रूप धारण कर सकता है। वहीं स्थानीय निवासियों के अनुसार, नगर परिषद द्वारा आम लोगों की सुविधा के लिए इस वाटर पोस्ट की स्थापना की गई थी, ताकि राह चलते लोग अपनी प्यास बुझा सकें।

लेकिन रखरखाव के अभाव में यह योजना फिलहाल पूरी तरह से निष्क्रिय साबित हो रही है। साथ ही लोगों का कहना है कि, कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक इसकी मरम्मत नहीं कराई गई है। जबकि मंदिर परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं है। यहां नगर परिषद की ओर से कूड़ेदान की कोई व्यवस्था नहीं की गई है, जिसके कारण आसपास गंदगी का अंबार लगा रहता है। इससे न केवल श्रद्धालुओं को असुविधा होती है, बल्कि वातावरण भी प्रदूषित हो रहा है। इतना ही नहीं, मंदिर परिसर में लगे सोलर पैनल भी पिछले करीब दो वर्षों से खराब पड़े हैं। इनके बंद रहने से रात के समय मंदिर परिसर में अंधेरा छाया रहता है, जिससे लोगों को आने-जाने में परेशानी होती है और सुरक्षा की दृष्टि से भी यह स्थिति चिंताजनक है। स्थानीय लोगों की माने तो कई बार संबंधित लोगों को इस समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। वहीं मंदिर परिसर में स्थित पुराने कुएं की स्थिति भी दयनीय बनी हुई है। वर्षों से इसकी सफाई नहीं होने के कारण यह उपयोग के लायक नहीं रह गया है। यदि समय-समय पर इसकी सफाई कराई जाती, तो यह भी जल स्रोत के रूप में लोगों के काम आ सकता था, खासकर गर्मी के मौसम में। स्थानीय लोगों ने नगर परिषद प्रशासन से मांग की है कि, जल्द से जल्द वाटर पोस्ट की मरम्मत कराई जाए, सोलर पैनल को दुरुस्त किया जाए और मंदिर परिसर में सफाई एवं कूड़ेदान की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही, कुएं की सफाई कर उसे पुनः उपयोगी बनाने की दिशा में भी कदम उठाए जाएं। चूंकि सांस्कृतिक आयोजनों में कुएँ का महत्व बढ़ जाता है। यदि समय रहते इन समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो आने वाले दिनों में क्षेत्र में पेयजल संकट और अधिक गंभीर हो सकता है। वहीं नगर परिषद के लिए यह आवश्यक है कि, वह अपनी योजनाओं के रखरखाव पर भी उतना ही ध्यान दे, जितना उनके निर्माण पर दिया जाता है। स्थानीय बलदेव दास ने कहा कि डेढ़ महीने से वाटर पोस्ट खराब पड़ा है, सम्बंधित लोगों को बार-बार शिकायत करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। गर्मी में राहगीरों को पेयजल के लिए बहुत परेशानी हो रही है। कौशल्या देवी ने कहा कि मंदिर के पास पानी की सुविधा थी, लेकिन अब वह भी बंद है, जिससे खासकर महिलाओं को दिक्कत हो रही है। राधे दास ने कहा कि नगर परिषद सिर्फ योजना बनाती है, लेकिन उसकी देखरेख नहीं करती। सोलर पैनल भी दो साल से खराब है, जिससे पूरे मंदिर परिसर में रात में अंधेरा रहता है। अजय दास ने बताया कि पहले यह कुआं भी काम आता था, लेकिन सालों से इसकी सफाई नहीं हुई। अगर इसे साफ किया जाता तो पानी की समस्या कुछ कम होती।चूंकि यहां से हर रोज कई लोग गुजरते हैं, वाटर पोस्ट चालू रहता तो सभी को राहत मिलती। घनश्याम दास ने कहा कि मंदिर परिसर में गंदगी फैली रहती है, मगर यहां कूड़ेदान तक नहीं है। पूजा करने आने में भी अच्छा नहीं लगता। यह सिर्फ लापरवाही नहीं, बल्कि प्रशासनिक विफलता है। शिकायत के बाद भी काम नहीं होना गंभीर चिंता का विषय है।धर्मेंद्र कुमार दास ने बताया कि नगर परिषद को सिर्फ नई योजनाएं शुरू करने पर नहीं, बल्कि उनके रखरखाव पर भी ध्यान देना चाहिए। यह एक उदाहरण है कि कैसे योजनाएं बेकार हो रही हैं।कहते हैं अधिकारीनगर परिषद क्षेत्र के विजयनगर वार्ड 24 की समस्याएं गंभीर हैं। खराब वाटर पोस्ट, बंद सोलर पैनल और सफाई व्यवस्था में कमी को प्राथमिकता से ठीक किया जाएगा। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दे दिया गया है। शीघ्र मरम्मत, कूड़ेदान की व्यवस्था और कुएं की सफाई सुनिश्चित कर लोगों को राहत दी जाएगी। बालमुकुंद सिन्हा, सभापति, नगर परिषद, बांका

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।