शंभूगंज के बिरनौधा पंचायत के बटेश्वर नगर में पिआऊं निर्माण में अनियमितता
बांका। एक संवाददाता शंभूगंज। प्रखंड क्षेत्र के बिरनौधा पंचायत अंतर्गत बटेश्वर नगर में निर्माणाधीन पिआऊं (पेयजल शेड) में कथित अनियमितता को लेकर ग्राम

शंभूगंज। प्रखंड क्षेत्र के बिरनौधा पंचायत अंतर्गत बटेश्वर नगर में निर्माणाधीन पिआऊं (पेयजल शेड) में कथित अनियमितता को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। स्थानीय लोगों ने निर्माण स्थल पर एकत्र होकर संवेदक के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया और निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठाए। ग्रामीणों का आरोप है कि पिआऊं निर्माण में घटिया सामग्री का उपयोग किया जा रहा है। नींव की मजबूती, छत की ढलाई और फर्श निर्माण में मानकों की अनदेखी की गई है। लोगों का कहना है कि सरकार की योजना के तहत आमजनों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह पिआऊं बनाया जा रहा है, लेकिन यदि निर्माण ही कमजोर होगा तो इसका लाभ लंबे समय तक नहीं मिल पाएगा।
विरोध प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने बताया कि कार्य की शुरुआत से ही गुणवत्ता को लेकर आशंका थी, लेकिन संबंधित विभाग द्वारा नियमित मॉनिटरिंग नहीं की गई। ग्रामीणों ने मांग की कि निर्माण कार्य की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए तथा दोषी पाए जाने पर संवेदक पर कार्रवाई हो। कुछ ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि बिना सूचना पट्ट लगाए ही कार्य कराया जा रहा है, जिससे योजना की लागत और अवधि की जानकारी सार्वजनिक नहीं हो पा रही है। इससे पारदर्शिता पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्रामीणों के विरोध के बाद मौके पर पंचायत प्रतिनिधि पहुंचे और लोगों को आश्वासन दिया कि मामले की जांच कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि निर्माण कार्य में अनियमितता पाई जाती है तो संवेदक को कार्य में सुधार करने के लिए बाध्य किया जाएगा। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे प्रखंड मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन करेंगे। फिलहाल निर्माण कार्य को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


