गोलियों की तड़तड़ाहट से दहशत में ग्रामीण
थाना क्षेत्र के भरतशीला पंचायत स्थित असौता नगेल गांव में सरकारी जमीन पर कब्जा जमाने को लेकर गुरुवार को दो पक्षों के बीच जमकर गोलीबारी...
शंभूगंज (बांका)। एक संवाददाता
थाना क्षेत्र के भरतशीला पंचायत स्थित असौता नगेल गांव में सरकारी जमीन पर कब्जा जमाने को लेकर गुरुवार को दो पक्षों के बीच जमकर गोलीबारी हुई। गोलियों की तड़तड़ाहट से ग्रामीण दहशत में आ गए। दोनों पक्षों द्वारा करीब डेढ़ कठ्ठे जमीन पर अपना वर्चस्व कायम रखने के लिए लगभग दो दर्जन से भी अधिक हवाई फायरिंग होने की बात कही जा रही है। इस अंधाधुंध फायरिंग में कोई हताहत नहीं हुआ है। वहीं किसी भी पक्ष से किसी को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। थानाध्यक्ष ने गोली चलने की पुष्टि की है। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया। गांव पुलिस छावनी में तब्दील हो गया। जबकि घटनास्थल से पुलिस ने कोई खोखा व अवैध सामान बरामद नहीं किया है। पुलिस ने बताया कि गांव के अशोक यादव एवं कैलाश यादव के बीच वर्षों से रास्ता विवाद चल रहा था। जिसके कारण यह घटना हुई है। घटना के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों के चार लोगों को हिरासत में लिया है। जिसमें अशोक यादव, अजय यादव, कैलाश यादव एवं महेश यादव शामिल हैं। एक पक्ष के अशोक यादव ने बताया कि गांव में विद्यालय के लिए पांच कट्ठा जमीन दान स्वरूप दिया था। जहां विद्यालय के पीछे शेष भाग में रास्ता छोड़ा गया ताकि आवाजाही में कोई परेशानी नहीं हो। इस रास्ते पर विपक्षी अपना अधिपत्य कायम करना चाहते हैं। वहीं दूसरे पक्ष के कैलाश यादव का कहना हुआ कि मध्य विद्यालय के पीछे पश्चिम भाग में बिहार सरकार की जमीन है, जो वर्षों पूर्व से नाला था लेकिन इस डांड को अशोक यादव द्वारा निजी स्वार्थ के चलते भर दिया गया। जिससे सिंचाई संरचना भी प्रभावित हुई है। जानकारी के अनुसार गुरुवार की सुबह शंभूगंज के असौता नगेल गांव में विवादित स्थल पर कैलाश यादव की पत्नी कूड़े को फेंकने पहुंची, जिसका अशोक यादव ने विरोध किया। जिसमें आपसी बहस बढ़ जाने से उत्पन्न विवाद में अचानक फायरिंग शुरू हो गयी। इस बीच गोलियों की आवाज सुन गांव के लोग हैरत में पड़ गए। ग्रामीण सूत्रों की मानें तो दोनों पक्षों के बीच करीब एक घंटे तक रुक-रुक कर फायरिंग होते रही। सूचना पर शंभूगंज व खेसर पुलिस गांव पहुंच स्थिति को नियंत्रण किया। इस बाबत थाना प्रभारी ने बताया कि अब तक दोनों में से किसी भी पक्षों द्वारा लिखित शिकायत नहीं की गयी है। हालांकि पुलिस हिरासत में लिए गए सभी लोगों से पूछताछ कर रही है साथ ही घटनास्थल पर पुलिस कैंप कर रही है।