सुबह के समय में छाया घना कोहरा, दिन में तेज धूप से परेशान रहे लोग
बदले मौसम से हैरान हो रहे लोगबदले मौसम से हैरान हो रहे लोग पंजवारा(बांका),निज प्रतिनिधि चैत माह की तपिश के बीच वैशाख की शुरुआत होते ही कुदरत का अ

पंजवारा(बांका),निज प्रतिनिधि। चैत माह की तपिश के बीच वैशाख की शुरुआत होते ही कुदरत का अनोखा रंग देखने को मिला। बुधवार की सुबह जब लोगों की आंखें खुलीं,तो नजारा देख हर कोई दंग रह गया। कड़कड़ाती धूप वाले इस महीने में पूरा इलाका घने कोहरे की सफेद चादर में लिपटा नजर आया। आलम यह था कि वैशाख के महीने में लोगों को पूस की ठंडक और धुंध का अहसास होने लगा। हालांकि दिन चढने के साथ की तेज धूप से दिनभर लोगों को गर्मी से मुहाल रहना पड़ा। सुबह सवेरे कोहरे का प्रकोप रहने के चलते विजिबिलिटी काफी कम हो गई थी।जिसके
चलते वाहन चालकों को हेडलाइट जलाकर सतर्कता के साथ वाहनों का परिचालन करना पड़ा।आमतौर पर अप्रैल और मई के महीने में लू और चिलचिलाती धूप का असर रहता है, लेकिन अचानक हुए इस मौसमी बदलाव ने आम जनमानस को भी सोचने पर मजबूर कर दिया है।लोग इस घटना को ग्लोबल वार्मिंग से जोड़कर देख रहे हैं।हालांकि,दिन चढ़ने के साथ ही सूरज की किरणें तेज हुईं और कुछ ही घंटों में कोहरे का प्रभाव पूरी तरह छंट गया,जिसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली। दिन चढ़ने के साथ ही सूरज के तल्ख तेवर ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। पंजवारा सहित आसपास के इलाकों में गर्मी और तेज धूप के सितम का सिलसिला लगातार जारी है,जिससे आम जन-जीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। स्थिति यह है कि दिन चढ़ते ही धूप इतनी तेज हो जा रही है,कि लोग घरों से बाहर निकलने में परहेज कर रहे हैं।दोपहर के समय सड़कों पर आवाजाही काफी कम हो जाती है,और सन्नाटा पसर जाता है।जरूरी काम होने पर ही लोग चेहरे और सिर को तौलिए से ढंककर बाहर निकल रहे हैं। मौसम के बदलते मिजाज के बीच तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है।अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस तक जा पहुंचा है। गर्म हवाओं के थपेड़ों ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है।गर्मी से राहत पाने के लिए लोग दिन भर ठंडी जगहों और छांव की तलाश करते नजर आ रहे हैं।वहीं, बाजारों में कोल्ड ड्रिंक्स, लस्सी और सत्तू के शरबत की मांग बढ़ गई है। लोग प्यास बुझाने के लिए ठंडे पेय पदार्थों का सहारा ले रहे हैं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


