कार और बाइक के भीषण टक्कर में तीन की मौत, चार घायल

Apr 05, 2026 01:45 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, बांका
share

पेज वन के लिए प्रस्तावितपेज वन के लिए प्रस्तावित मृतक तीनों कटोरिया के बनरझोंप गांव के थे निवासी सुलतानगंज देवघर मुख्य मार्ग पर शनिवार की सुबह

कार और बाइक के भीषण टक्कर में तीन की मौत, चार घायल

बेलहर(बांका), निज प्रतिनिधि। बांका जिला के जिलेबिया मोड़ थाना क्षेत्र के जिलेबिया मोड़ और बिज्जीखोरबा के बीच शनिवार की सुबह देवघर सुल्तानगंज मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार कार और बाइक के भीषण टक्कर में बाइक सवार तीन लोगों की मौत हो गई। जबकि कार सवार चार लोग घायल हो गए। दो लोगों की मौत घटना स्थल पर हो गई और एक ने अस्पताल ले जाने के दौरान दम तोड़ दिया। इस भीषण हादसे में बाइक के परखच्चे उड़ गए। जबकि कार गड्ढे में पलट कर गिर गई। पुलिस ने तीनों मृतक को पोस्टमार्टम में बांका भेज दिया। जबकि दोनों वाहन को जब्त कर लिया गया।

मृतक में रूपेश कुमार साह(28), सुरेन साह उर्फ सुरेन्द्र साह (46) और बालेश्वर साह उर्फ गुलो साह(59) शामिल हैं। सभी मृतक जिले के ओढ़नी डैम थाना क्षेत्र के बनरझोंप गांव के निवासी थे और एक ही गोतिया परिवार के सदस्य थे। तीनों मृतक एक ही बाइक से टोना टोटका और झाड़फूंक कराने के लिए मटिहानी(साहबगंज) गांव जा रहे थे। जबकि घायलों में प्रवीण कुमार गुप्ता(45), पुष्पा देवी(40), खुशबू कुमारी(21) और प्रिया कुमारी(21) शामिल हैं। ये सभी झारखंड के गढवा जिला के नगवां गांव के रहने वाले हैं। प्रवीण कुमार गुप्ता सहित अन्य घायलों को प्राथमिकी उपचार के बाद डॉक्टर ने बेहतर इलाज के लिए भागलपुर रेफर कर दिया। हालाकि घायल के परिजन अपने निजी वाहन से सभी घायल को इलाज के लिए देवघर लेकर चले गए। प्रवीण कुमार गुप्ता पूरा परिवार सुल्तानगंज में गंगा स्नान कर जल लेकर कार से चढ़ाने और पूजा करने के लिए बाबा धाम जा रहे थे। बताया गया कि मृतक सुरेन साह और बालेश्वर साह कोलकाता में मजदूरी करते हैं। बालेश्वर साह का पोता यहां गांव में बीमार था और अस्पताल में भर्ती था। पोता को देखने और गैस की किल्लत के कारण दोनों कोलकाता से 10 दिन पूर्व घर आ गए थे। जबकि तीन दिन पूर्व मृतक बालेश्वर साह के बीमार पोता की मौत हो गई थी। तीनों मृतक के परिवार को विश्वास था कि डायन भूत और जादू टोना के कारण पोता की जान गई और तीनों परिवार पर डायन भूत और जादू टोना का साया है। इसे दूर करने के लिए तीनों मृतक एक ही बाइक से बीजजीखोरबा के पास मटिहानी(साहबगंज) गांव जा रहे थे। मटिहानी गांव पहुंचने में मात्र दो किलोमीटर की दूरी शेष थी और हादसा हो गया। थानाध्यक्ष राजू कुमार ठाकुर ने बताया की तीनों मृतक को पोस्टमार्टम के लिए बांका भेज दिया गया है और दोनों वाहन को जब्त कर लिया गया है। मृतक के परिजन भोला साह के लिखित आवेदन पर प्राथमिकी के लिए ट्रैफिक थाना बांका भेजा जा रहा है। बेलहर एसडीपीओ रविंद्र मोहन प्रसाद, ट्रैफिक डीएसपी नीरज कुमार और ट्रैफिक थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार झा ने घटना स्थल का दौरा कर हादसे की जांच किया।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।