
बांका में किशोरी की गला रेतकर हत्या, नहर से मिला शव
पेज तीन की लीडपेज तीन की लीड ऑनर किलिंग का पुलिस ने किया खुलास, मृतका के पिता व भाई को किया गिरफ्तार बांका थाना के चमरैली गांव का
बांका, निज संवाददाता। शनिवार को चमरैली गांव के नहर से एक किशोरी का शव बरामद किया गया। किशारी की हत्या गला रेत कर किया गया था। मृतका की पहचान चमरैली गांव निवासी शशिभूषण झा की पुत्री सुप्रिया कुमारी(17) के रूप में हुई है। सुप्रिया गत गुरूवार से ही गायब थी तथा शुक्रवार को उसके पिता ने मजलिशपुर निवासी शैलेश कुमार पर शादी की नियत से अपहरण किए जाने को लेकर बांका थाना में मामला दर्ज कराया था। हालांकि पुलिस ने किशोरी का शव मिलने के कुछ देर में ही मामले में बड़ा खुलासा करते हुए इसे ऑनर किलिंग करार दिया है,जिसमें किशोरी के पिता और भाई की संलिप्तता सामने आई है।
पुलिस ने पिता व भाई इशान कुमार को गिरफ्तार कर लिया है तथा हत्या में उपयोग किया गया चाकू भी बरामद किया है। एसपी उपेन्द्रनाथ वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि शुक्रवार को सुप्रिया के पिता शशिभूषण झा ने बांका टाउन थाना में पड़ोसी गांव मजलिशपुर निवासी शैलेश कुमार पर शादी की नीयत से अपनी नाबालिग पुत्री के अपहरण का आरोप लगाते हुए नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई थी। प्राथमिकी के बाद एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ अमर विश्वास के नेतृत्व में टाउन थानाध्यक्ष अरविंद कुमार राय के साथ एक विशेष टीम का गठन कर मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान तकनीकी और वैज्ञानिक अनुसंधान के आधार पर पुलिस का शक प्रेम प्रसंग और ऑनर किलिंग की ओर गया। इसी बीच शनिवार को किशोरी का शव उसके घर से करीब 250 मीटर की दूरी पर नहर में बरामद किया गया। मौके पर पहुंची एफएसएल टीम को मृतका के घर और आसपास कई स्थानों पर खून के धब्बे भी मिले। पुलिस जांच में सामने आया कि एक जनवरी की रात सुप्रिया अपने प्रेमी शैलेश यादव से शादी करने की जिद पर अड़ी थी। परिजनों द्वारा मना किए जाने पर उसने घर से भागकर शादी करने की धमकी दी थी। इसी बात से लोक-लज्जा और सामाजिक बदनामी के डर से पिता शशिभूषण झा और मृत किशोरी के सहोदर भाई ने सुप्रिया के साथ मारपीट की और बाद में गला रेतकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाने के उद्देश्य से रात के अंधेरे में नहर में फेंक दिया गया और मामले को अपहरण का रूप देने के लिए प्रेमी युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई। वहीं शैलेश कुमार ने पुलिस को बताया कि एक जनवरी की रात करीब 10:30 बजे उसकी सुप्रिया से फोन पर बातचीत हो रही थी। बातचीत के दौरान सुप्रिया ने अपनी जान को खतरा बताते हुए उसे बचाने की गुहार लगाई थी। तभी फोन पर मारपीट और चीख-पुकार की आवाज सुनाई दी, जिसके बाद कॉल कट गया। एफएसएल टीम के सदस्य पवन प्रजापति और सुनील कुमार ने बताया कि वैज्ञानिक जांच में यह स्पष्ट हुआ कि सुप्रिया की हत्या उसके ही कमरे में बेड पर की गई थी। हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने के लिए बेड, बेडशीट समेत अन्य सामान को परिजनों द्वारा जला दिया गया था। जांच के दौरान किशोरी के पिता के हाथ में बंधे रक्षा सूत्र पर भी मृतका के खून के नमूने पाए गए। कड़ाई से पूछताछ के बाद पिता शशिभूषण झा ने हत्या की बात स्वीकार कर ली। उसकी निशानदेही पर घर के भीतर आम के पेड़ के पास जमीन में गाड़ा गया चाकू भी बरामद किया गया, जिससे किशोरी का गला रेतकर हत्या की गई थी। पुलिस ने पिता और सहोदर भाई को गिरफ्तार कर लिया है तथा मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




