
महिला मौत मामले में आया नया मोड़, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
फॉलोअपफॉलोअप चान्दन (बांका) निज प्रतिनिधि आनंदपुर थाना क्षेत्र के पूर्वी कटसकरा पंचायत अंतर्गत खमरुआडीह गांव में बीती रात हुई महिला रिंकू
चान्दन (बांका), निज प्रतिनिधि। आनंदपुर थाना क्षेत्र के पूर्वी कटसकरा पंचायत अंतर्गत खमरुआडीह गांव में बीती रात हुई महिला रिंकू देवी 28 वर्ष की संदिग्ध मौत का मामला अब नया मोड़ लेता नजर आ रहा है। मृतका के पिता, सुईया थाना क्षेत्र के आका गांव निवासी अर्जुन यादव के लिखित आवेदन के आधार पर पुलिस ने यूडी केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतका के पिता ने बताया कि सोमवार रात करीब 10 बजे उन्हें सूचना मिली कि मामूली घरेलू विवाद के दौरान उनके दामाद ने उनकी बेटी की गला दबाकर हत्या कर दी। घटना के बाद से आसपास के गांवों में तरह-तरह की चर्चाएं तेज हो गई है।
इधर, पुलिस प्रशासन पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी पहलुओं पर गहन जांच कर रहा है। मंगलवार को आनंदपुर थानाध्यक्ष विपिन कुमार के नेतृत्व में फॉरेंसिक साइंस लैब की टीम खमरुआडीह गांव पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करते हुए आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। इस संबंध में बेलहर प्रक्षेत्र के एसडीपीओ ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यह आत्महत्या है या हत्या, इसका अंतिम खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और रिपोर्ट की प्रतीक्षा की जा रही है। एसडीपीओ ने कहा कि यदि जांच व पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होती है, तो दोषियों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




