प्रेम त्रिकोण बना खौफनाक कहानी, छात्रा की गुमशुदगी से उठे सवाल
फॉलोअपफॉलोअप एक से वादा, दूसरी से रिश्ता, और बीच में मौत की साजिश प्रेम प्रसंग, झूठे वादे और साजिश की परतें कटोरिया (बांका) निज प्रतिनिधि

कटोरिया (बांका), निज प्रतिनिधि। इंटर की छात्रा शिवानी हत्याकांड में गिरफ्तार वनकर्मी प्रिंस कुमार राय की कहानी महज एक अपहरण या हत्या तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रेम प्रसंग, झूठे शादी के वादों और दोहरी जिंदगी की उलझी हुई दास्तान बनकर सामने आई है। पुलिस जांच में जो तथ्य उभर रहे हैं, वे कई चौंकाने वाले खुलासों की ओर इशारा कर रहे हैं। प्रिंस कुमार राय की अगस्त 2022 में वन विभाग में बहाली हुई थी। पहली पोस्टिंग जमुई जिले में मिली। वहीं उसकी मुलाकात एक युवती से हुई, जो 2021 से बिहार पुलिस में कार्यरत बतायी जाती है। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और प्रेम संबंध स्थापित हो गया।
इसी दौरान नवंबर 2022 में प्रिंस प्रशिक्षण के लिए कानपुर चला गया। कानपुर में प्रशिक्षण के दौरान जमुई की युवती को शक हुआ कि प्रिंस किसी अन्य लड़की से भी संबंध में है और उसे शादी का झांसा दे रहा है। वह सीधे प्रशिक्षण स्थल पहुंच गई और हंगामा किया। मामला बढ़ता देख प्रिंस ने उसे समझा-बुझाकर वापस भेजा। बाद में अपने खर्च पर उसकी शादी किसी अन्य युवक से करवा दी गई। लेकिन कहानी यहीं खत्म नहीं हुई। सूत्रों के अनुसार, शादी के बाद भी प्रिंस उस युवती के संपर्क में बना रहा। बताया जाता है कि उसने युवती का वैवाहिक रिश्ता भी तुड़वा दिया और उससे दोबारा शादी का वादा किया। इसी बीच उसका संबंध शिवानी से भी गहरा हो चुका था। मामले में एक और तथ्य सामने आया है कि जनवरी 2026 के पहले सप्ताह में प्रिंस ने जमुई की अपनी पूर्व प्रेमिका से शादी कर ली। यह शादी कथित तौर पर शिवानी की हत्या के बाद हुई। पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। फिलहाल इस सनसनीखेज कांड ने रोहतास, बांका और जमुई जिलों में चर्चा का विषय बना दिया है। बताया जाता है कि शिवानी भी प्रिंस पर शादी का दबाव बना रही थी। प्रिंस बार-बार बात टालता रहा, लेकिन संपर्क बनाए रखा। 20 नवंबर 2025 को उसने शिवानी को शादी का भरोसा देकर घर से निकलने को कहा। हालांकि परिजनों ने इसे अपहरण बताया और 24 नवंबर 2025 को थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई। बताया जा रहा है कि शिवानी को पहले बटिया रेस्ट हाउस ले जाया गया। वहां से उसे बटिया जंगल ले जाया गया, जहां प्रिंस ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर गोली मार दी। बताया जाता है कि शिवानी को तीन गोलियां मारी गईं। हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाने की साजिश रची गई और महादेवपुर जंगल में साथियों की मदद से शव दफनाया गया। हालांकि इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही होगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



