शंभूगंज के वर्षो पुराने हाट में आज भी मुलभूत सुविधाओं का है अभाव

Mar 09, 2026 11:12 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, बांका
share

बोले बांकाबोले बांका प्रस्तुति- प्रदीप कुमार सिंह राजस्व वसूली के बावजूद शंभूगंज हाट बाजार में मूलभूत सुविधाओं का अभाव, धूप-बारिश

शंभूगंज के वर्षो पुराने हाट में आज भी मुलभूत सुविधाओं का है अभाव

शंभूगंज (बांका), एक संवाददाता। शंभूगंज प्रखंड मुख्यालय स्थित हाट बाजार की हालत दिनों-दिन बदतर होती जा रही है। सरकार द्वारा हाट परिसर से नियमित रूप से राजस्व वसूली किए जाने के बावजूद यहां मूलभूत सुविधाओं का घोर अभाव है। शौचालय, मूत्रालय, पक्के शेड, पर्याप्त रोशनी और बैठने की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण सब्जी विक्रेताओं से लेकर खरीदारों तक को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। खासकर तेज धूप और बारिश के समय सब्जी विक्रेता खुले आसमान के नीचे बैठकर अपना व्यवसाय करने को मजबूर हैं, जिससे उन्हें काफी दिक्कत झेलनी पड़ती है। स्थानीय दुकानदारों और बाजारवासियों का कहना है कि हाट बाजार परिसर में किसी प्रकार की स्थायी व्यवस्था नहीं होने के कारण बरसात के मौसम में स्थिति और भी खराब हो जाती है।

बारिश शुरू होते ही सब्जी विक्रेता अपनी दुकानें समेटकर इधर-उधर भागने को मजबूर हो जाते हैं। वहीं गर्मी के मौसम में तेज धूप के कारण कई घंटों तक जमीन पर बैठकर कारोबार करना मुश्किल हो जाता है। इसके बावजूद प्रशासन की ओर से अब तक इस समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस पहल नहीं की गई है। बाजार के व्यवसायी हिरालाल साह, रिटायर फौजी बालेश्वर प्रसाद सिंह, सरवन मोदी, जगरनाथ साह, विनोद सिंह और ओमप्रकाश गुप्ता सहित अन्य लोगों ने बताया कि शंभूगंज मुख्य पथ के किनारे लगने वाला यह हाट बाजार काफी पुराना है। बताया जाता है कि यह बाजार आजादी से भी पहले से लग रहा है। इस हाट में आसपास के दर्जनों गांवों के सैकड़ों किसान, व्यापारी और खरीदार पहुंचते हैं। यहां सब्जी, अनाज, फल, कपड़ा और अन्य घरेलू सामानों की खरीद-बिक्री होती है। उन्होंने बताया कि शंभूगंज में प्रत्येक सप्ताह गुरुवार और रविवार को दो दिन हाट बाजार लगता है। इन दिनों बाजार में भारी भीड़ उमड़ पड़ती है। इसके अलावा शंभूगंज-बांका मुख्य पथ के किनारे फूटपाथ पर भी कई सब्जी विक्रेता रोजाना दुकानें लगाते हैं। सड़क किनारे दुकानें लगने के कारण बाजार में अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है। कई बार वाहन घंटों तक जाम में फंसे रहते हैं, जिससे राहगीरों को भी भारी परेशानी झेलनी पड़ती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि हाट परिसर में व्यवस्थित ढंग से शेड और दुकानें बना दी जाएं तो न केवल सब्जी विक्रेताओं को राहत मिलेगी, बल्कि सड़क पर लगने वाली दुकानों की समस्या भी समाप्त हो जाएगी। इससे बाजार में लगने वाले जाम से भी मुक्ति मिल सकती है। सब्जी विक्रेताओं ने बताया कि हाट परिसर में दर्जनों गांवों के किसान और व्यापारी जमीन पर बैठकर सब्जी बेचते हैं। भीड़ के समय खरीदारों की संख्या इतनी अधिक हो जाती है कि चलना भी मुश्किल हो जाता है। ऐसे में यदि बाजार परिसर में छोटे-छोटे कमरे या पक्के शेड बना दिए जाएं और दुकानदारों को व्यवस्थित तरीके से जगह उपलब्ध कराई जाए तो इससे सैकड़ों लोगों को स्थायी रोजगार मिल सकता है। साथ ही बेरोजगार युवाओं के लिए भी व्यापार के नए अवसर पैदा होंगे। व्यवसायियों ने यह भी बताया कि शंभूगंज बाजार की खासियत यह है कि यह तीन जिलों की सीमा के करीब स्थित है। बांका जिले के अलावा मुंगेर जिले के नवादा और धोबेई तथा भागलपुर जिले के मोहद्दीपुर, करहरिया और बाथ सहित कई गांवों के व्यापारी यहां आकर दशकों से सब्जी मंडी लगाते हैं। इस कारण यह हाट बाजार क्षेत्र का एक प्रमुख व्यापारिक केंद्र बन चुका है। हालांकि बाजार की बढ़ती भीड़ और व्यापार के बावजूद यहां बुनियादी सुविधाओं की भारी कमी है। स्थानीय लोगों के अनुसार वर्षों पहले हाट बाजार परिसर में दो तरफ शेड का निर्माण कराया गया था, लेकिन समय के साथ वे जर्जर हो गए। कुछ शेड अपने आप गिर गए, जबकि कुछ को संभावित दुर्घटना की आशंका के कारण गिरा दिया गया। इसके बाद से अब तक वहां नए शेड का निर्माण नहीं कराया गया है। इस स्थिति से नाराज दुकानदारों और स्थानीय लोगों में रोष व्याप्त है। रविवार को हाट बाजार परिसर में कुछ दुकानदारों ने सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन भी किया। प्रदर्शन कर रहे दुकानदारों ने सरकार और क्षेत्रीय विधायक सह पूर्व मंत्री जयंत राज से जल्द से जल्द हाट बाजार का जीर्णोद्धार कराने की मांग की। उनका कहना था कि यदि जल्द ही बाजार की स्थिति में सुधार नहीं किया गया तो उन्हें आंदोलन करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि प्रशासन और जनप्रतिनिधि मिलकर ठोस योजना के तहत हाट बाजार का विकास कर दें तो यह क्षेत्र के व्यापार और रोजगार का बड़ा केंद्र बन सकता है। साथ ही सब्जी विक्रेताओं को खुले आसमान के नीचे बैठने की मजबूरी से भी मुक्ति मिल जाएगी। फिलहाल दुकानदारों और बाजारवासियों को इस दिशा में ठोस पहल का इंतजार है।क्या कहते हैं जिम्मेदारशंभूगंज हाट बाजार की समस्या से वे अवगत हैं। उन्होंने कहा कि इस समस्या के समाधान के लिए प्रयास किया जा रहा है और जल्द ही आवश्यक कदम उठाए जाएंगे, ताकि सब्जी विक्रेताओं और खरीदारों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।जयंत राज, विधायक सह पूर्व मंत्री अमरपुर

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।