सुबह से ही तेज धूप ने ली जिलेवासियों की भरपूर परीक्षा, देर शाम ठंडी हवा से मिली राहत

हिन्दुस्तान, बांका
Follow us on Google News
share

तेज़ धूप दिखाया जेठ का असली रंग तेज़ धूप दिखाया जेठ का असली रंग दिन में देर दोपहर तक नहीं चली हवा, उमस भरी गर्मी से परेशान रहे लोग करीब दोपहर साढ़े 3 ब

सुबह से ही तेज धूप ने ली जिलेवासियों की भरपूर परीक्षा, देर शाम ठंडी हवा से मिली राहत

बांका, नगर प्रतिनिधि। जेठ माह की तपिश ने सोमवार को जिलेवासियों को दिनभर बेहाल किए रखा। सुबह से ही आसमान साफ रहने और तेज धूप निकलने के कारण लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा। दिन चढ़ने के साथ सूर्य की तपिश और बढ़ती गई, जिससे सड़कों पर आवाजाही कम देखने को मिली। वहीं दोपहर तक गर्म हवाओं और उमस ने लोगों की परेशानी को और बढ़ा दिया। स्थिति ऐसी रही कि जरूरी काम से बाहर निकले लोगों को भी तेज धूप से बचने के लिए छांव की तलाश करनी पड़ी। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को जिले का अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि, तापमान सामान्य गर्मी के अनुरूप रहा, लेकिन हवा नहीं चलने के कारण उमस का असर अधिक महसूस किया गया। जहाँ दोपहर बाद तक वातावरण पूरी तरह गर्म बना रहा और लोगों को पसीने तथा बेचैनी का सामना करना पड़ा। जिससे बाजारों में भी दोपहर के समय अपेक्षाकृत कम भीड़ देखने को मिली।

मौसम में बदलाव

वहीं दोपहर करीब साढ़े तीन बजे मौसम ने अचानक करवट ली और आसमान में हल्के बादल दिखाई देने लगे। इसके साथ ही ठंडी तेज हवाएं चलने लगीं। हवा चलने से वातावरण में मौजूद उमस कम हुई और लोगों को राहत मिली। कई दिनों बाद दोपहर के समय चली ठंडी हवा ने लोगों को गर्मी से कुछ हद तक राहत पहुंचाई। शाम तक मौसम अपेक्षाकृत सुहावना बना रहा, जिससे लोग घरों से बाहर निकलकर राहत महसूस करते नजर आए।

स्वास्थ्य विभाग की चिंता

इधर लगातार बदलते मौसम ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। जिले के सदर अस्पताल सहित विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों में मरीजों की संख्या में वृद्धि देखी जा रही है। चिकित्सकों के अनुसार तेज धूप, उमस और मौसम में अचानक हो रहे बदलाव के कारण लोग बीमार पड़ रहे हैं। अस्पतालों में सर्दी-खांसी, बुखार, वायरल संक्रमण तथा एलर्जी से संबंधित शिकायत लेकर बड़ी संख्या में मरीज पहुंच रहे हैं। जबकि बच्चों और बुजुर्गों पर मौसम का असर अधिक देखने को मिल रहा है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों से दोपहर के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने तथा हल्का एवं संतुलित भोजन करने की सलाह दी है। साथ ही मौसम में हो रहे बदलाव को देखते हुए सावधानी बरतने और किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या होने पर तुरंत चिकित्सकीय परामर्श लेने की अपील की है। मौसम के दोहरे मिजाज के बीच जिलेवासी फिलहाल राहत और परेशानी दोनों का अनुभव कर रहे हैं।

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न

बांका जिले में अधिकतम तापमान क्या था?
बांका जिले का अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।