प्रखंड क्षेत्र में शीतलहर से जनजीवन अस्त-व्यस्त
चान्दन ( बांका )। निज प्रतिनिधि चान्दन ( बांका )। निज प्रतिनिधि प्रखंड क्षेत्र में बीते कई दिनों से जारी शीतलहर और घने कोहरे ने जनजीवन को पूरी तरह प्

चान्दन (बांका), निज प्रतिनिधि। प्रखंड क्षेत्र में बीते कई दिनों से जारी शीतलहर और घने कोहरे ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। तापमान में अचानक आई भारी गिरावट से ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। सुबह और शाम के समय घना कोहरा छाए रहने के कारण दृश्यता बेहद कम हो जा रही है, जिससे आम लोगों के साथ-साथ राहगीरों और वाहन चालकों को भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कड़ाके की ठंड के कारण लोग आवश्यक काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। बाजारों में सुबह के समय सन्नाटा पसरा रहता है, जबकि शाम ढलते ही लोग अलाव और आग का सहारा लेने को मजबूर हैं।
शीतलहर का सबसे अधिक असर बुजुर्गों, बच्चों और गरीब-निस्सहाय लोगों पर देखा जा रहा है। घने कोहरे और ठंड से प्रखंड क्षेत्र के आलू, दलहन और तिलहन उत्पादक किसान खासे चिंतित हैं। किसानों का कहना है कि लगातार कोहरा और नमी बने रहने से फसलों में झुलसा रोग और कीट प्रकोप की आशंका बढ़ गई है। विशेषकर आलू की फसल पर इसका प्रतिकूल असर पड़ सकता है, जिससे उत्पादन घटने का खतरा बना हुआ है। दलहन और तिलहन की फसलों में भी वृद्धि रुकने और गुणवत्ता प्रभावित होने की चिंता सताने लगी है। कृषि विभाग से किसानों ने फसल सुरक्षा को लेकर उचित सलाह और सहयोग की मांग की है। वहीं, मौसम विभाग के अनुसार अभी कुछ दिनों तक ठंड और कोहरे से राहत मिलने की संभावना कम है। ऐसे में प्रशासन से जरूरतमंदों के लिए अलाव, कंबल वितरण और स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाएं और सुदृढ़ करने की मांग उठ रही है। कुल मिलाकर शीतलहर और घने कोहरे ने प्रखंड क्षेत्र में जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है, जबकि किसान अपनी मेहनत की फसल को बचाने के लिए आसमान की ओर टकटकी लगाए हुए हैं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




