
सरस्वती पूजा को लेकर जिलेभर के युवाओं में खासा उत्साह, पंडाल बनने की तैयारी में जुटे
युद्धस्तर पर मूर्तिकार मूर्तियों में दें रहे अंतिम रूप, देर रात तक कर रहे कामयुद्धस्तर पर मूर्तिकार मूर्तियों में दें रहे अंतिम रूप, देर रात तक कर रहे
बांका, नगर प्रतिनिधि। सरस्वती पूजा को लेकर जिलेभर में उत्सव का माहौल बनने लगा है।खासकर युवाओं में इस पर्व को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। पूजा की तिथि नजदीक आते ही विभिन्न मोहल्लों और गांवों में पंडाल निर्माण की तैयारियां तेज हो गई हैं। वहीं जगह-जगह बांस, बल्ली और कपड़े से भव्य पंडालों का ढांचा खड़ा किया जा रहा है। आयोजन समितियों के सदस्य दिन-रात तैयारियों में जुटे हुए हैं। जबकि मूर्तिकारों के लिए यह समय बेहद व्यस्त है। जिले के विभिन्न इलाकों में मूर्तिकार युद्धस्तर पर मां सरस्वती की प्रतिमाओं को अंतिम रूप देने में लगे हैं।
मिट्टी से बनी प्रतिमाओं पर रंग-रोगन और सजावट का काम देर रात तक चल रहा है। मूर्तिकारों का कहना है कि इस बार आकर्षक डिजाइन और अलग-अलग आकार की प्रतिमाओं की मांग अधिक है, जिससे काम का दबाव भी बढ़ गया है। इधर बाजारों में भी सरस्वती पूजा की रौनक साफ दिखाई दे रही है। सजावटी सामानों की दुकानों पर भीड़ उमड़ रही है। लाइट, झालर, रंग-बिरंगे कपड़े, फूल-मालाएं और अन्य सजावटी सामग्री से दुकानें भर गई हैं। जबकि पंडाल सजाने के लिए उपयोग में आने वाली सामग्री की खरीदारी जोरों पर है। दुकानदारों का कहना है कि पूजा के चलते बिक्री में अच्छी बढ़ोतरी हो रही है। साथ ही सरस्वती पूजा के आयोजन को सफल बनाने के लिए पूजा समितियों के कार्यकर्ता लगातार सक्रिय नजर आ रहे हैं। मूर्ति चयन से लेकर पंडाल, सजावट, मिठाई और डीजे की व्यवस्था के लिए कार्यकर्ता दिनभर बाजार में चक्कर लगा रहे हैं। जबकि विभिन्न पूजा समिति अपने पंडाल को आकर्षक और भव्य बनाने की होड़ में जुटी है, ताकि लोगों का ध्यान आकर्षित किया जा सके। उधर मिठाई दुकानों पर भी तैयारियां शुरू हो गई हैं। पूजा के प्रसाद और वितरण के लिए विभिन्न प्रकार की मिठाइयां बनाई जा रही हैं। वहीं डीजे और साउंड सिस्टम के व्यवसायियों के यहां भी अग्रिम बुकिंग जारी है। साथ ही बाजार में बिक्री के लिए मां शारदे की सुंदर प्रतिमाएं सजी हुई हैं, जिन्हें देखने के लिए लोग रुक-रुक कर पहुंच रहे हैं। बाजार में बिकने वाली प्रतिमा 200 रूपये से लेकर करीब 5000 रूपये तक बिक रही है। जबकि मूर्तिकार के पास आर्डर दिए गए मूर्तियां 2000 रूपये से लेकर करीब 20000 रूपये तक में बिक रही है। जिलेभर में सरस्वती पूजा को लेकर उत्साह अपने चरम पर है। जिसे हर कोई इस पर्व को भव्य रूप देने में जुटा हुआ है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




