Banka News: राखियों से गुलजार हुआ जिलेभर का बाजार, रंग-बिरंगी राखियों से सजीं दुकानें
Banka News: बांका, नगर प्रतिनिधि। बांका, नगर प्रतिनिधि। भाई-बहन के अटूट प्रेम, स्नेह और विश्वास का पर्व रक्षाबंधन नजदीक आते ही जिलेभर के बाजारों में रौनक बढ़ गई है।

Banka News: बांका, नगर प्रतिनिधि। भाई-बहन के अटूट प्रेम, स्नेह और विश्वास का पर्व रक्षाबंधन नजदीक आते ही जिलेभर के बाजारों में रौनक बढ़ गई है। आगामी 28 अगस्त को देश के साथ-साथ जिलेभर में रक्षाबंधन का त्योहार उत्साह और उमंग के साथ मनाया जाएगा। वहीं पर्व को लेकर बाजार में राखियों की दुकानें आकर्षक तरीके से सज गई हैं। रंग-बिरंगी और विभिन्न डिजाइनों की राखियां लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रही हैं।
राखियों की खरीदारी
जबकि बहनें अपने भाइयों की पसंद के अनुसार राखियों की खरीदारी में जुट गई हैं। फिलहाल बाजार में बच्चों के लिए कार्टून कैरेक्टर वाली राखियों की विशेष मांग है। इनमें विभिन्न कार्टून पात्रों के अलावा रंग-बिरंगे फूल, खिलौने और आकर्षक आकृतियों वाली राखियां बच्चों को खूब पसंद आ रही हैं। वहीं युवाओं के लिए स्टाइलिश और अलग-अलग डिजाइन की राखियां उपलब्ध हैं।
विशेष राखियाँ
मोती, स्टोन, रुद्राक्ष, धागे और फैंसी सामग्री से तैयार राखियां भी दुकानों की शोभा बढ़ा रही हैं। इसके अलावा पारंपरिक मौली और साधारण धागे वाली राखियों की भी मांग बनी हुई है। रक्षाबंधन का मूल भाव एक-दूसरे के प्रति प्रेम, सम्मान, विश्वास और जिम्मेदारी से जुड़ा है। राखी का धागा भले ही साधारण हो, लेकिन इसके साथ जुड़ी भावनाएं रिश्तों को मजबूती प्रदान करती हैं। पर्व को लेकर जिलेभर के भाई अपनी बहनों से राखी बंधवाने की तैयारी में जुटे हैं। वहीं बहनें भी भाई की कलाई पर राखी सजाने और उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना करने को लेकर उत्साहित हैं। बाजारों में बढ़ती चहल-पहल से त्योहार की खुशियां अभी से दिखाई देने लगी हैं।
रक्षाबंधन का महत्व
रक्षाबंधन के दिन बहनें भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर उनके सुख, समृद्धि और दीर्घायु की कामना करती हैं। वहीं भाई बहनों को उपहार देने के साथ जीवनभर उनकी रक्षा और हर सुख-दुख में साथ निभाने का संकल्प लेते हैं। यही वजह है कि, रक्षाबंधन को महज एक त्योहार नहीं, बल्कि भाई-बहन के रिश्ते को मजबूत करने वाला पर्व माना जाता है। रक्षाबंधन से जुड़ी पौराणिक कथाओं में भगवान श्रीकृष्ण और द्रौपदी की कथा प्रमुख मानी जाती है। मान्यता है कि, एक बार भगवान श्रीकृष्ण की उंगली में चोट लगने से रक्त निकलने लगा। यह देखकर द्रौपदी ने तत्काल अपनी साड़ी का एक टुकड़ा फाड़कर उनकी उंगली पर बांध दिया। द्रौपदी के इस स्नेह और आत्मीयता से प्रभावित होकर श्रीकृष्ण ने उनकी रक्षा का वचन दिया था। बाद में महाभारत के प्रसंग में जब द्रौपदी का चीरहरण किया जा रहा था, तब भगवान श्रीकृष्ण ने उनकी लाज बचाकर अपने वचन को निभाया। यह कथा भाई-बहन के बीच प्रेम, विश्वास और रक्षा के संकल्प का प्रतीक मानी जाती है।

