ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News बिहार बांकारजौन : दरवाजे से चुराई बाइक

रजौन : दरवाजे से चुराई बाइक

रजौन (बांका)। निज संवाददाता रजौन (बांका)। निज संवाददाता रजौन प्रखंड क्षेत्र में इन दिनों बाइक चोरी की घटना लगातार बढ़ रही है। प्रखंड के नवादा...

रजौन : दरवाजे से चुराई बाइक
हिन्दुस्तान टीम,बांकाSat, 31 Jul 2021 04:50 AM
ऐप पर पढ़ें

रजौन (बांका)। निज संवाददाता

रजौन प्रखंड क्षेत्र में इन दिनों बाइक चोरी की घटना लगातार बढ़ रही है। प्रखंड के नवादा बाजार सहायक थाना क्षेत्र के दुर्गापुर गांव निवासी राकेश कुमार सिंह की बाइक चोरी चली गई। राकेश ने बताया कि वह रोज की तरह अपनी बाइक बिजनेस पार्टनर गुंजन कुमार के दरवाजे पर लगा कर सोने चला गया। सुबह गुंजन ने जानकारी दी कि उसका बाइक नहीं है। इसके पूर्व भी रजौन थाना क्षेत्र में पिछले एक माह के भीतर बाइक चोरी की कई घटनाएं घट चुकी है।

जान मारने की नीयत से हमला

कटोरिया (बांका)। निज प्रतिनिधि

कटोरिया थाना क्षेत्र के घघरीजोर गांव में शुक्रवार को एक युवक पर जानलेवा हमला करने की प्रयास का मामला सामने आया है। घटना को लेकर पीड़ित गांव के मैनेजर यादव के पुत्र मुकेश यादव ने थाना में आवेदन देकर प्राथमिकी की गुहार लगाई है। जिसमें गांव के ही तूफानी यादव, सरजू यादव, प्रमोद यादव एवं सुबोध यादव को नामजद अभियुक्त बनाया है। आवेदक ने बताया है कि गांव के पांचू यादव की पुत्री दस दिन पूर्व से लापता है। गुमशुदगी के संबंध में छानबीन के लिए पुलिस गांव पहुंची थी। पुलिस द्वारा पूछताछ करने पर आवेदक ने घटना के संबंध में पुलिस को जानकारी दी। जिससे नाराज होकर पांचू यादव के पक्ष के लोगों ने शुक्रवार को बहियार जाने के दौरान तलवार, भाला, चाकू से पीछा कर आवेदक को जान से मारने की कोशिश की। किसी तरह जान बचाकर आवेदक थाना पहुंचा तथा जान की सुरक्षा की गुहार थानाध्यक्ष से लगाई। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

पुलिस ने की कुर्की जब्ती की कार्रवाई

बाराहाट (बांका)। निज प्रतिनिधि

शुक्रवार को थाना क्षेत्र के मोहनपुर गांव के संतोष सिंह हत्याकांड के नामजद आरोपियों के घर बाराहाट पुलिस द्वारा कुर्की जब्ती की कार्रवाई की गई । कुर्की जब्ती की कार्रवाई का नेतृत्व बौसी सर्किल इंस्पेक्टर गोपाल सिंह के नेतृत्व में बाराहाट थानाध्यक्ष एसडी प्रभाकर एवं पुलिस जवानों के सहयोग से चार नामजद आरोपियों के घर की गई। जिसमें आरोपी राम गोपाल राउत, रोहित राउत, लोचन राउत एवं मनोज राउत के घर कार्रवाई की गई। यह सभी आरोपी घटना के बाद से पुलिस के पकड़ से बाहर चल रहे थे। न्यायालय के निर्देश पर पुलिस द्वारा शुक्रवार को मोहनपुर गांव में सभी आरोपियों के घर कुर्की जब्ती की कार्रवाई की गई। वहीं विनोद शाह की घर की कुर्की जब्ती की कार्रवाई एक सप्ताह बाद की जाएगी इस आशय की जानकारी थानाध्यक्ष एसडी प्रभाकर ने देते हुए बताया आरोपी विनोद शाह के घर न्यायालय के निर्देश मिलते हैं कुर्की जब्ती की कार्रवाई की जाएगी।

मटिहानी मध्य विद्यालय में शिक्षा समिति का हुआ पुनर्गठन

बेलहर(बांका)। निज प्रतिनिधि

प्रखंड के मटिहानी मध्य विद्यालय में शुक्रवार को विद्यालय शिक्षा समिति का पुनर्गठन किया गया। जिसमें अध्यक्ष राजकुमार पंडित, सचिव पूनम देवी, सदस्य कुमकुम देवी, सुनीता देवी, माला देवी, मीरा देवी, बाल संसद से सुमित कुमार और मीना मंच से प्रीति कुमारी का चुनाव किया गया। इस मौके पर परामर्शी समिति के अध्यक्ष सह मुखिया रामाननद पंडित, संकुल समन्वयक प्रभाकर रंजन, एचएम अन्नपूर्णा देवी, शिक्षक योगेंद्र कुमार, भुवनेश्वर पासवान, निरंजन प्रसाद यादव आदि उपस्थित थे।

राजद के कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता पर 6 वर्ष के लिए लगा प्रतिबंध

बांका। निज संवाददाता

जिला राजद में घमासान जारी है इसका जीता जागता उदाहरण है कि पूर्व प्रत्याशी जफरुल होदा ने पार्टी के जिलाध्यक्ष अर्जुन ठाकुर पर आरोप लगाया था कि उनके द्वारा जो भी कार्य किया जाता है दो-चार लोगों के बीच ही होता है, वह सिर्फ मीडिया तक ही सीमित रह जाते हैं। इसकी प्रतिक्रिया में शुक्रवार को जिलाध्यक्ष ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा है कि पार्टी के कई कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी को छह वर्ष के लिए पिछले साल के 25 अक्टूबर को ही राजद के प्रदेश कार्यालय सचिव चंदेश्वर प्रसाद सिंह के द्वारा कार्यालय आदेश जारी कर निष्कासित किया जा चुका है। जिसमें जफरुल होदा, निशा शालिनी, अनिरुद्ध भगत, रोहित राज शर्मा, खुशबू शर्मा को पार्टी विरोधी गतिविधियों के कारण पद एवं सदस्यता छह वर्ष के लिए समाप्त कर दी गयी।

बारिश होते ही बाधित हो जाती है विद्युत आपूर्ति

पंजवारा(बांका)। निज प्रतिनिधि

संवेदक के द्वारा पूर्व के दिनों में बिजली के संचरण लाइन में किए गए मेनटेनेंस के कार्य की गुणवत्ता की पोल बारिश के मौसम की शुरुआत के साथ ही खुलने लगी है। जिससे पंजवारा एवं इसके आसपास के क्षेत्र में इन दिनों बिजली आपूर्ति की व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है। हल्की बारिश व तेज हवा चलने से बिजली बाधित होना मानो स्थाई समस्या बन गई है। बिजली कंपनी सुधार की बात कह कर सप्लाई व्यवस्था को बेहतर करने की बात तो करती है,लेकिन वास्तविकता में समस्या और गहराता जा रहा है। गुरुवार देर रात करीब 12 बजे जो बिजली गई तो वह फिर शुक्रवार दोपहर 12 बजे कुछ ही मिनटों के लिए वापस लौटी,तो वो ठहर नहीं सकी। दो-चार मिनट रुकने के बाद बिजली ट्रिप कर जा रहा था। शुक्रवार को भी स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। बिजली रानी के आने-जाने का सिलसिला जारी रहा। थोड़ी बहुत बारिश होने पर कभी 11 हजार के संचरण लाइन में तो कभी 33 हजार केवी के संचरण लाइन में फॉल्ट आ जाने से विद्युत आपूर्ति इस इलाके की ठप हो जाती है। वहीं दूसरी ओर बिजली नहीं रहने से आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

बारिश से धान रोपाई के कार्य में आएगी तेजी

पंजवारा(बांका)। निज प्रतिनिधि

पंजवारा एवं इसके आसपास के इलाके में दो दिनों से हो रही रुक-रुक-कर बारिश से जहां किसानों के चेहरे पर मुस्कान फैल गई है,वहीं दूसरी और बारिश होने से गांव-देहात की गली-कूची पूरी तरह से कीचड़मय हो गई है। बारिश का सिलसिला शुक्रवार को भी जारी रहा। बाजार क्षेत्र की गलियां भी कीचड़मय हो गई है।हालांकि,बारिश किसानों के लिए वरदान साबित हो रहा है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें