दिनभर मौसम रहा सुहाना, लोगों को मिली गर्मी से राहत
दोपहर के समय कुछ देर सूर्यदेव ने जिलेवासियों की ली कड़ी परीक्षा, मगर सूर्यदेव के बादलों में छुपते ही लोगों ने ली चैन की सांस*दोपहर के समय कुछ देर सूर्

बांका, नगर प्रतिनिधि। सोमवार को जिले में मौसम का मिजाज काफी सुहाना बना रहा, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिली। सुबह से ही आसमान में हल्के बादल छाए रहे और ठंडी हवाओं के झोंकों ने वातावरण को खुशनुमा बनाए रखा। हालांकि दोपहर के समय कुछ देर के लिए सूर्यदेव ने अपनी तेज धूप से लोगों की कड़ी परीक्षा ली, जिससे तापमान में हल्की बढ़ोतरी महसूस की गई।इस दौरान बाहर निकले लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ा, लेकिन यह स्थिति ज्यादा देर तक नहीं रही।दोपहर बाद जैसे ही सूर्यदेव बादलों की ओट में छुपे, वैसे ही मौसम फिर से सुहावना हो गया और लोगों ने राहत की सांस ली।
जिससे बाजारों, सड़कों और सार्वजनिक स्थलों पर लोगों की चहल-पहल पुनः बढ़ गई।साथ ही ठंडी हवा के कारण वातावरण में ताजगी का अहसास बना रहा, जिससे दिनभर लोगों का मूड भी बेहतर रहा। इधर मौसम विभाग के अनुसार, जिले का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं लगभग 12 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाओं ने गर्मी के प्रभाव को काफी हद तक कम किया। आर्द्रता का स्तर 49 प्रतिशत रहने के कारण उमस भी ज्यादा महसूस नहीं हुई, जिससे लोगों को दिनभर राहत मिलती रही। स्थानीय लोगों के अनुसार पिछले कुछ दिनों से पड़ रही तेज गर्मी के बाद इस तरह का मौसम किसी वरदान से कम नहीं है। खासकर बच्चों और बुजुर्गों को इससे काफी राहत मिली है। साथ ही मौसम विभाग ने आने वाले एक-दो दिनों में जिले में हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना जताई है। यदि ऐसा होता है तो तापमान में और गिरावट आ सकती है तथा गर्मी से राहत का सिलसिला जारी रह सकता है। फिलहाल जिलेवासी इस सुहावने मौसम का आनंद ले रहे हैं और बारिश की उम्मीद में आसमान की ओर टकटकी लगाए हुए हैं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


