पीबीएस कॉलेज के छात्रों को जल्द मिलेगा हाईटेक लाइब्रेरी व स्मार्ट क्लास की सुविधा
पेज तीन की लीडपेज तीन की लीड विद्यार्थियों के लिये खुशखबरी पीबीएस कॉलेज में कॉलेज प्रशासन के द्वारा बनवाया जा रहा है अत्याधुनिक ई-ला

बांका, नगर प्रतिनिधि। जिले के शिक्षा क्षेत्र में एक बड़ी और सकारात्मक पहल सामने आई है। पीबीएस कॉलेज में विद्यार्थियों के लिए अत्याधुनिक ई-लाइब्रेरी और स्मार्ट क्लासरूम का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। कॉलेज प्रशासन द्वारा शुरू की गई इस योजना से आने वाले दो महीनों में कॉलेज छात्रों को अत्याधुनिक शिक्षण सुविधाओं का लाभ मिलने लगेगा। इधर कॉलेज प्रशासन का मानना है कि, बदलते समय के साथ शिक्षा प्रणाली में तकनीकी संसाधनों का समावेश बेहद आवश्यक हो गया है। इसी उद्देश्य से पीबीएस कॉलेज में हाईटेक ई-लाइब्रेरी की स्थापना की जा रही है, जहां छात्र डिजिटल माध्यम से देश-विदेश की पुस्तकों, शोध पत्रों और अध्ययन सामग्री तक आसानी से पहुंच सकेंगे।
इससे न केवल छात्रों की पढ़ाई का स्तर बेहतर होगा, बल्कि उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में भी मदद मिलेगी। साथ ही स्मार्ट क्लासरूम की सुविधा भी विद्यार्थियों के लिए किसी सौगात से कम नहीं होगी। इन कक्षाओं में प्रोजेक्टर, डिजिटल बोर्ड और इंटरनेट आधारित शिक्षण सामग्री का उपयोग किया जाएगा, जिससे पढ़ाई अधिक रोचक और प्रभावी बनेगी। जबकि शिक्षक भी आधुनिक तकनीकों का उपयोग कर जटिल विषयों को सरल तरीके से आसानी से समझा सकेंगे। इस संबंध में कॉलेज के प्राचार्य डा. सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि, इस पहल का मुख्य उद्देश्य छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना और उन्हें आधुनिक प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करना है। उन्होंने आगे कहा कि, हम चाहते हैं कि हमारे विद्यार्थी किसी भी स्तर पर पीछे न रहें और उन्हें वही सुविधाएं मिलें जो बड़े शहरों के संस्थानों में उपलब्ध हैं। वहीं छात्रों में भी इस परियोजना को लेकर काफी उत्साह देखा जा रहा है। कॉलेज के कुछ छात्रों का मानना है कि, ई-लाइब्रेरी और स्मार्ट क्लास की सुविधा मिलने से उनकी पढ़ाई में काफी सुधार होगा और उन्हें नई तकनीकों को सीखने के अवसर मिलेंगे। जबकि जिले के शिक्षा जगत में इसे एक नई क्रांति के रूप में देखा जा रहा है। कुछ विशेषज्ञों का मानना है कि, इस तरह की पहल से अन्य शिक्षण संस्थान भी प्रेरित होंगे और शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव आएगा। गौरतलब है कि, पीबीएस कॉलेज की यह पहल विद्यार्थियों के सपनों को नई उड़ान देने वाली साबित होगी और उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


