मोमबत्तियों की रोशनी में गूंजी नाइटेंगल प्लेज, 60 नर्सिंग छात्राओं ने ली मानव सेवा की शपथ

Feb 15, 2026 01:59 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, बांका
share Share
Follow Us on

बांका, निज संवाददाता।बांका, निज संवाददाता। बांका सदर अस्पताल परिसर में संचालित जीएनएम स्कूल में शनिवार संध्या प्रथम वर्ष की नव नामांकित छात्राओं

मोमबत्तियों की रोशनी में गूंजी नाइटेंगल प्लेज, 60 नर्सिंग छात्राओं ने ली मानव सेवा की शपथ

बांका, निज संवाददाता। बांका सदर अस्पताल परिसर में संचालित जीएनएम स्कूल में शनिवार संध्या प्रथम वर्ष की नव नामांकित छात्राओं का ओथ टेकिंग सेरेमनी गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अस्पताल के डीएस डॉ. लक्ष्मण पंडित और स्कूल की प्रधानाध्यापिका माया वर्मा की उपस्थिति में छात्राओं ने नर्सिंग जैसे पवित्र और मानवीय सेवा कार्य की शुरुआत से पूर्व नाइटेंगल प्लेज लिया। समारोह के दौरान सभी छात्राओं ने हाथों में जलती मोमबत्तियां लेकर एक साथ शपथ दोहराई। स्कूल के शिक्षक मनीष कुमार ने उन्हें नाइटेंगल प्लेज दिलाई। छात्राओं ने अपने पेशे को सम्मानजनक बनाए रखने, रोगियों की सेवा पूरी निष्ठा, ईमानदारी और करुणा भाव से करने का संकल्प लिया।

साथ ही किसी भी अनैतिक कार्य में भाग नहीं लेने, मरीजों की व्यक्तिगत जानकारी को गोपनीय रखने, उसे सार्वजनिक नहीं करने तथा डॉक्टरों और सहकर्मियों के साथ सहयोगात्मक रवैया अपनाने की शपथ ली। उन्होंने मानव सेवा को सर्वोपरि रखते हुए जरूरतमंदों की हरसंभव सहायता करने का भी प्रण लिया। कार्यक्रम में छात्राओं ने मंच पर विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं, जिन्हें उपस्थित लोगों ने खूब सराहा और तालियों की गूंज से उनका उत्साहवर्धन किया।अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. लक्ष्मण पंडित ने सभी नई नर्सिंग छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए प्रशिक्षण अवधि को गंभीरता और अनुशासन के साथ पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि नर्सिंग केवल एक पेशा नहीं, बल्कि सेवा और समर्पण का माध्यम है। नए बैच में एक साथ 60 छात्राएं शामिल हुई हैं, जो अब सदर अस्पताल के इमरजेंसी, ओपीडी, ऑपरेशन थिएटर और लैबोरेटरी सहित विभिन्न विभागों में प्रशिक्षण प्राप्त करेंगी। प्रशिक्षण के दौरान वे रोगियों को अपनी सेवाएं भी प्रदान करेंगी, जिससे उन्हें व्यावहारिक अनुभव के साथ सेवा भावना को मजबूत करने का अवसर मिलेगा। इस अवसर पर स्कूल की प्रिंसिपल सह रजिस्ट्रार माया वर्मा ने कहा कि अत्यंत कम संसाधन में बिहार के नर्सिंग स्कूल संचालित हो रहे है,ऐसे में कड़ी लगन और मेहनत के बदौलत ही सही मुकाम छात्राओं को मिल सकता है,हालांकि यहां टीचिंग फैकल्टी बढ़ाने की सख्त आवश्यकता है,क्योंकि अनुभवात्मक ज्ञान के साथ साथ थ्योरी के ज्ञान की भी सख्त जरूरत होती है,केवल परीक्षा पास करना ही बेहतर डिग्रीधारी नर्स नहीं बनाता है,इसके लिए सर्वांगीण विकास और संपूर्ण ज्ञान की आवश्यकता होगी,तभी वे आगे चलकर सफल नर्स बनते हुए मानव सेवा के नेक पेशे के सपनों को साकार कर सकेंगी । मौके पर सदर अस्पताल के प्रबंधक सुनील चौधरी, हेड क्लर्क राजीव पांडे, पम्मी, रोहित कुमार, सोनू कुमार, वार्डन इतू कुमारी, डिंपल, सिक्योरिटी गार्ड सुपरवाइजर अनूप सिंहा, गौतम कुमार समेत कई अन्य स्टाफ सदस्य मौजूद रहे। समारोह का समापन प्रेरणादायक और शैक्षणिक वातावरण में हुआ।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

;;;