ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News बिहार बांकाअब संगीत सुनने नहीं देखने के लिए बन रहा: अल्ताफ

अब संगीत सुनने नहीं देखने के लिए बन रहा: अल्ताफ

‘तुम तो ठहरे परदेशी, साथ क्या निभाओगे... गाने से पूरे देश में छा जाने वाले सुप्रसिद्ध बॉलीवुड गायक अल्ताफ राजा ने कहा कि आज का संगीत सुनने नहीं सिर्फ वीडियो देखने के लिए बन रहा...

अब संगीत सुनने नहीं देखने के लिए बन रहा: अल्ताफ
हिन्दुस्तान टीम,बांकाThu, 17 Jan 2019 01:24 AM
ऐप पर पढ़ें

‘तुम तो ठहरे परदेशी, साथ क्या निभाओगे... गाने से पूरे देश में छा जाने वाले सुप्रसिद्ध बॉलीवुड गायक अल्ताफ राजा ने कहा कि आज का संगीत सुनने नहीं सिर्फ वीडियो देखने के लिए बन रहा है। संगीत ऐसा हो जो मन को सुकून दे, लेकिन आज सिर्फ तड़कता भड़कता संगीत ही छाया हुआ है। अल्ताफ राजा राजकीय मेला मंदार महोत्सव में भाग लेने बांका पहुंचे थे। उन्होंने बुधवार को हिन्दुस्तान के साथ खास बातचीत में अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि रोमांटिक फिल्मों में संगीत का ज्यादा महत्व होता है। आज इसकी कमी लोगों को खलती है। भले ही लगातार आधुनिकता के दौर में दुनियां बढ़ती जा रही है लेकिन सच्चाई यह है कि हमारा संगीत जैसे गुम होता जा रहा है। संगीत में मधुरता होनी चाहिए। आज टेक्नो साउंड ही सिर्फ संगीत में सुनाई पड़ती है। शब्दों व शायरी की कमी खलती है। भारतीय संगीत का महत्व तो विदेशों में ज्यादा देखने को मिलता है। विभिन्न देशों के लोग आज भी भारतीय फिल्म के पुराने गानों को सुनते हैं तथा उन्हें सुकून मिलता है। उन्होंने कहा कि ऐसे आज भी अधिकांश भारतीय लोग पुराने व रोमांटिक गानों को ही सुनते हैं। भले ही आज के संगीत अलग परिस्थिति से गुजर रहा है लेकिन शायद आने वाले समय में फिर पुराने तौर पर संगीत सुनने को लोगों को मिल सकता है। उन्होंने बताया कि अबतक उनकी लगभग 25 एलबम भी आ चुकी है। करीब 35 फिल्मों में उन्होंने गाना गाया है। उनकी दो नई एलबम आ रही है जिसमें ‘मौत नहीं लेती है रिश्वत... एवं ‘मां की खिदमत करों... प्रमुख हैं। उन्होंने बताया कि उनकी पहली एलबम वर्ष1993 में ‘सजिदा रब को कर आई थी। वर्ष 1997 में शपथ फिल्म में उनके गाने ‘तुम तो ठहरे परदेशी... ने जबरदस्त ख्याती प्राप्त की थी। उन्होंने देश के युवाओं से एक अपील की है कि वे अपने भविष्य के लिए शॉटकाट रास्ता नहीं अपनाएं। मेहनत करें, सफलता आपके कदम चुमेंगी। इंटरनेट का सही उपयोग करें ताकि नकारात्मक सोच आप में नहीं आए। इस मौके पर डीडी न्यूज की एंकर रूपम त्रिविक्रम भी मौजूद थीं।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें