Banka News: शादी का झांसा देकर दुष्कर्म व 11 लाख रुपये ठगी का आरोप, चौरबै का युवक गिरफ्तार।
Banka News: बांका की महिला थाना पुलिस ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने और 11 लाख रुपये ठगने के आरोप में राज रौशन कुमार को गिरफ्तार किया। पीड़िता ने शिकायत में कहा कि आरोपी ने शादी का भरोसा देकर उसे लगातार यौन शोषित किया और पैसे मांगता रहा। मामला दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है।

Banka News: बांका,निज संवाददाता । शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने और 11 लाख रुपये की ठगी करने के आरोप में बांका महिला थाना की पुलिस ने अमरपुर थाना क्षेत्र के चौरबै गांव निवासी राज रौशन कुमार को गिरफ्तार किया है। पीड़िता भागलपुर जिलेकी रहने वाली है। उसकी शिकायत पर महिला थाना में प्राथमिकी दर्ज करने के बाद सोमवार को पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। मामले की जांच जारी है। पीड़िता ने अपने आवेदन में बताया है कि वह पावर ग्रिड सब स्टेशन में कार्यरत है तथा बांका में रहती है। उसी परिसर में उसकी एक महिला सहकर्मी का भी फ्लैट है।
सहकर्मी के यहां उसके साले राज रौशन कुमार का अक्सर आना-जाना होता था। इसी दौरान दोनों की पहचान हुई। महिला का आरोप है कि परिचय का लाभ उठाकर राज रौशन कुमार ने पहले उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाया। विरोध करने पर उसने शादी करने का भरोसा दिया और कहा कि वह जल्द ही परिवार से बात कर विवाह करेगा। इसी भरोसे में वह लगातार उसका यौन शोषण करता रहा। आवेदन में पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि राज रौशन कुमार ने प्रेम का ढोंग कर विवाह का झांसा देकर अलग-अलग समय पर उससे करीब 11 लाख रुपये भी ले लिए। जब भी वह रुपये वापस करने या शादी की बात करती थी,वह कोई न कोई बहाना बनाकर बात टाल देता था। बाद में उसने कहा कि पहले उसके भाई की शादी हो जाने दें, उसके बाद दोनों की शादी परिवार की सहमति से करा दी जाएगी। महिला का कहना है कि आरोपित के भाई की शादी संपन्न होने के बाद जब उसने पुनः विवाह की बात उठाई तो राज रौशन कुमार और उसके परिवार के लोगों ने शादी से साफ इनकार कर दिया। आरोप है कि पांच जुलाई को राज रौशन कुमार ने फोन कर उसके साथ गाली-गलौज भी की और शादी करने से मना कर दिया। इसके बाद खुद को ठगा महसूस करते हुए उसने महिला थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई। महिला थाना पुलिस ने रविवार को पीड़िता के आवेदन पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की। इसके बाद सोमवार को कार्रवाई करते हुए आरोपित राज रौशन कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच में जुटी है। महिला थानाध्यक्ष जया भारती ने बताया कि पीड़िता के आवेदन पर मामला दर्ज कर आरोपित राज रौशन कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले के सभी बिंदुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि पीड़िता द्वारा लगाए गए आर्थिक लेन-देन और अन्य आरोपों से संबंधित क्या क्या साक्ष्य उपलब्ध हैं।जिससे कि कोर्ट में पुलिस को पीड़िता का पक्ष रखने में परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


