जिलेवासियों ने धूमधाम से मनाई मकर संक्रांति

Jan 15, 2026 01:02 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, बांका
share

जिले की फिजाओं में घुली तिलवा-तिलकुट की मिठासजिले की फिजाओं में घुली तिलवा-तिलकुट की मिठास बांका, नगर प्रतिनिधि -: जिलेभर में बुधवार को मकर संक्रांति

जिलेवासियों ने धूमधाम से मनाई मकर संक्रांति

बांका, नगर प्रतिनिधि। जिलेभर में बुधवार को मकर संक्रांति का पर्व पूरे उत्साह, आस्था और पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया गया। सुबह से ही वातावरण में चहल-पहल देखने को मिली और पर्व की रौनक चारों ओर बिखरी नजर आई। इस दौरान मंदिरों में पूजा-अर्चना, गंगा स्नान, दान-पुण्य और घर-घर में पारंपरिक व्यंजनों की खुशबू ने जिले की फिजाओं को त्योहारमय बना दिया। अहले सुबह से ही जिलेवासी स्थानीय नदियों, तालाबों और घाटों पर स्नान कर सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित किया। इसके बाद लोगों ने तिल, गुड़, चूड़ा, दही और खिचड़ी का दान कर पुण्य लाभ अर्जित किया। मान्यता है कि, मकर संक्रांति पर किया गया दान कई गुना फलदायी होता है, इसी कारण जगह-जगह जरूरतमंदों के बीच अन्न, वस्त्र और मिठाइयों का वितरण किया गया।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

जबकि पर्व के अवसर पर बाजारों में विशेष रौनक देखी गई। दही, तिलवा, तिलकुट, लाई, मूढ़ी, गुड़ और खिचड़ी सामग्री की दुकानों पर ग्राहकों की भारी भीड़ उमड़ी रही। वहीं स्थानीय कारीगरों द्वारा तैयार किए गए ताजे तिलकुट और तिलवा लोगों की पहली पसंद बने रहे। मिठाइयों की खुशबू से पूरा बाजार महक उठा और पर्व की मिठास हर किसी के चेहरे पर झलकती दिखी। उधर घरों में महिलाओं ने पारंपरिक व्यंजन बनाकर परिवार के साथ पर्व का आनंद लिया। जबकि बच्चों में भी त्योहार को लेकर खासा उत्साह देखा गया। साथ ही कई स्थानों पर पतंगबाजी का आयोजन हुआ, जहां रंग-बिरंगी पतंगों से आसमान सजा नजर आया। ग्रामीण इलाकों में सामूहिक भोज और मेलों का भी आयोजन किया गया। मकर संक्रांति का पर्व जिले में सामाजिक सौहार्द, परंपरा और उल्लास का प्रतीक बनकर उभरा। तिल-गुड़ की मिठास के साथ लोगों ने एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं और नए मौसम की शुरुआत को हर्षोल्लास के साथ मनाया।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।