ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News बिहार बांकाकटोरिया: छड़ लूट मामले में एक गिरफ्तार

कटोरिया: छड़ लूट मामले में एक गिरफ्तार

कटोरिया (बांका)। निज प्रतिनिधिकटोरिया (बांका)। निज प्रतिनिधि झारखंड के देवघर जिला अंतर्गत नगर थाना एवं जसीडीह थाना की पुलिस बुधवार को...

कटोरिया: छड़ लूट मामले में एक गिरफ्तार
हिन्दुस्तान टीम,बांकाThu, 23 Sep 2021 05:01 AM
ऐप पर पढ़ें

कटोरिया: छड़ लूट मामले में एक गिरफ्तार

कटोरिया (बांका)। निज प्रतिनिधि

झारखंड के देवघर जिला अंतर्गत नगर थाना एवं जसीडीह थाना की पुलिस बुधवार को कटोरिया बाजार के सुईया रोड से एक व्यक्ति को लूटपाट के मामले में गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई। गिरफ्तार व्यक्ति कटोरिया बाजार के सुईया रोड निवासी बिहारी सिंह बताया गया है। जानकारी के अनुसार गत 8 सितम्बर की रात जसीडीह थाना क्षेत्र के बसुवाडीह मोड़ के समीप से स्कॉर्पियो पर सवार चार अपराधी एक ट्रक के चालक एवं खलासी की मिली भगत से करीब 25 टन छड़ से लदे ट्रक को लेकर फरार हो थे। पुलिस ने चालक एवं खलासी को हिरासत में लेकर पूछताछ के बाद उनके निशानदेही पर बांका के अमरपुर थाना क्षेत्र के कुशमाहा गांव के रवि इंटरप्राइजेज से छड़ बरामद किया था। इस मामले में पुलिस ट्रक के चालक व खलासी सहित तीन लोगों को पूर्व में ही गिरफ्तार कर चुकी है।

चलाया वाहन चेकिंग अभियान

कटोरिया (बांका)। निज प्रतिनिधि

बांका की उड़न दस्ता टीम द्वारा बुधवार को कटोरिया बाजार के देवघर रोड स्थित जमुआ मोड़ के पास सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस अभियान का नेतृत्व अनि विलास सिंह कर रहे थे। इस दौरान टीम ने दो पहिये एवं चार पहिये वाहनों की जांच कर कुल पांच हजार रुपए का जुर्माना वसूला।

अंतिम दिन 107 लोगों ने कराया नामांकन दर्ज

रजौन(बांका)। निज संवाददाता

तीसरे चरण में होने वाले पंचायत चुनाव के लिए बुधवार को नामांकन के अंतिम दिन विभिन्न पदों के लिए कुल 107 अभ्यर्थियों ने अपना नामांकन दर्ज कराया। जबकि नामांकन दर्ज कराने के लिए 32 अभ्यर्थियों ने एनआर भी कटवाया। प्रखंड मुख्यालय से मिली जानकारी के अनुसार बुधवार को मुखिया पद के लिए 18, पंचायत समिति सदस्य पद के लिए करीब 05, सरपंच पद के लिए 03 , पंच पद के लिए 45, वार्ड सदस्य पद के लिए करीब 40 अभ्यर्थियों ने अलग-अलग काउंटर पर अपना-अपना नामांकन दर्ज कराया। बुधवार को मुखिया पद के लिए अकेले पड़घड़ी-लकड़ा पंचायत से 12 अभ्यर्थियों ने नामांकन दर्ज कराया। ऐसी स्थिति में पड़घड़ी-लकड़ा पंचायत मुखिया पद के लिए सर्वाधिक नामांकन दर्ज कराने वाला पंचायत बन गया है। इस पंचायत से मुखिया पद के लिए नामांकन दर्ज कराने वाले अभ्यर्थियों की संख्या सर्वाधिक 18 तक पहुंच गई है। 23 से 25 सितंबर तक यहां स्क्रूटनी का कार्य चलेगा, जबकि 27 सितंबर को नाम वापसी, 8 अक्टूबर को मतदान, वहीं 10 अक्टूबर को मतगणना का कार्य होगा।

प्रत्याशी लगा रहे चक्कर

पंजवारा(बांका)। निज प्रतिनिधि

पंचायत चुनाव की रणभेरी बजते ही बाराहाट प्रखंड क्षेत्र के 15 पंचायतों में मुखिया,सरपंच,पंचायत समिति,वार्ड,पंच जिला परिषद के भावी उम्मीदवार इन दिनों वोटरों का नब्ज टटोलने के लिए गांव-गलियों का चक्कर लगा रहे है। हालांकि बाराहाट प्रखंड क्षेत्र में छठे चरण में 3 नवंबर को चुनाव होना है,लेकिन इसके पूर्व ही यहां धीरे धीरे पंचायत चुनाव को लेकर माहौल गरमाने लगा है। पंचायत चुनाव लड़ने वाले संभावित प्रत्याशी वोटरों को अपने पक्ष में करने के लिए अभी से ही हर तरह के हथकंडे अपना रहे है। भावी उम्मीदवारों के द्वारा करीब-करीब प्रत्येक दिन पंचायत क्षेत्र के विभिन्न गांव व टोला में भोज का भी आयोजन किया जा रहा है। हालांकि,वोटर भी पांच साल तक पद पर रह चुके निवर्तमान जनप्रतिनिधि से विकास कार्यों का हिसाब मांगते दिख रहे है। जिसके चलते विकास का झूठा सब्जबाग दिखाने वाले कई निवर्तमान जनप्रतिनिधियों को दिन में ही तारे नजर आने लगते है।

करम पूजा धूमधाम से मनाया

चान्दन (बांका)। निज प्रतिनिधि

प्रखण्ड क्षेत्र के बिरनियां पंचायत अंतर्गत खैरगढ़ा गांव में आदिवासियों के प्रमुख त्योहारों में से एक करम पूजा बुधवार को धूमधाम से मनाया गया । पारंपरिक वाद्य यंत्रों यथा नगाड़े ,मांदर और झाल की धुन पर महिलाओं ,पुरूषों व बच्चों ने झुमते नाचते गाते इस पर्व का जमकर आनंद लिया। प्रधान रंजीत सौरेन ने बताया आदिवासी समुदाय का प्रकृति से गहरा लगाव रहा है। प्रकृति में हरियाली कायम रहे इसी उद्देश्य से यह पर्व मनाया जाता है। नृत्य और गाने के साथ करम पूजा कर चांदो (भगवान) से प्रकृति की रक्षा की गुहार लगाई जाती है। इस पर्व को संपन्न कराने में सोनेलाल, चुड़ामन पुजहर, श्याम लाल,रीतलाल, सुभाष, जेठा सहित आदिवासी समुदाय के अन्य गणमान्य लोगों की भूमिका सराहनीय रही।

फोटो नंबर-चांदन 22 पूजा के दौरान आदिवासी समुदाय के महिला पुरूष

जर्जर सड़क दे रहा खतरे को आमंत्रण

बांका। निज संवाददाता

प्रखंड क्षेत्र के बहेरा पंचायत अंतर्गत नीमाटांड़ होते हुए जगाय गांव तक जाने वाला सड़क खतरे का आमंत्रण दे रहा है। क्योंकि यह सड़क बरसात के दिनों में जर्जर हो चुका है आधा से अधिक सड़क कट चुका है। यह रास्ता मात्र दो पहिया वाहन के जाने के लायक ही रह गया है। मालूम हो कि इस सड़क का निर्माण कराया गया था जिस का रखरखाव 5 वर्षों तक किया जाना था लेकिन इसका रखरखाव आज तक नहीं किया गया है। अब यहां के निवासी गुहार किसके लगाएंगे सबसे बड़ी समस्या है। इस संबंध में मामले का उजागर होने के बाद भी आज तक कार्यवाही नहीं की गई। अगर सही रूप से मामले की जांच हो तो इसमें मामले का उजागर होगा साथी कई लोग दोषी पाए जाएंगे।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें