ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News बिहार बांकाकटोरिया: सम्पूर्ण क्रांति मंच के जेपी सेनानियों ने की बैठक

कटोरिया: सम्पूर्ण क्रांति मंच के जेपी सेनानियों ने की बैठक

कटोरिया (बांका)। निज प्रतिनिधिकटोरिया (बांका)। निज प्रतिनिधि बाजार के सुईया रोड स्थित तैलीय वैश्य धर्मशाला में रविवार को संपूर्ण क्रांति मंच के...

कटोरिया: सम्पूर्ण क्रांति मंच के जेपी सेनानियों ने की बैठक
Newswrapहिन्दुस्तान टीम,बांकाMon, 14 Mar 2022 04:12 AM
ऐप पर पढ़ें

कटोरिया: सम्पूर्ण क्रांति मंच के जेपी सेनानियों ने की बैठक

कटोरिया (बांका)। निज प्रतिनिधि

बाजार के सुईया रोड स्थित तैलीय वैश्य धर्मशाला में रविवार को संपूर्ण क्रांति मंच के जेपी सेनानियों की बैठक आयोजित हुई। जिसकी अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष नरेश साह ने की। मौके पर प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष कांता प्रसाद सिंह, जिलाध्यक्ष हरे कृष्ण पांडेय एवं जिला सचिव अधिकलाल यादव मुख्य रूप से उपस्थित थे। बैठक में बताया गया कि आगामी 29 एवं 30 मार्च को लखीसराय स्थित श्री श्री 108 दमनेश्वरनाथ महादेव अशोक धाम के प्रांगण में जेपी सम्पूर्ण क्रांति मंच के सभी जेपी सेनानियों का प्रांतीय सम्मेलन होगा। प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष ने कहा कि जेपी सेनानियों ने देश में आजादी की दूसरी लड़ाई लड़ी। लेकिन अभी तक समाज में बढ़ रही बुराइयों को देख मन विचलित हो जाता है। कहा कि जयप्रकाश नारायण जी का संपूर्ण क्रांति का नारा आज भी अधूरा है। बैठक में प्रखंड अध्यक्ष एवं प्रखंड व्यस्था प्रबन्धक शिवशंकर शर्मा को जेपी सेनानियों को अशोक धाम तक ले जाने का प्रभार सौंपा गया। मौके पर जेपी सेनानी शिवशंकर शर्मा, सुरेन्द्र भगत, शंकर प्रसाद गुप्ता, शिवजी सिंह, जयप्रकाश शर्मा, प्रदीप साह, किशुन शर्मा, लक्ष्मण साह, भोला साह, सुषमा देवी, बाल किशोर साह आदि मौजूद थे।

मारपीट की घटना में आधे दर्जन पर प्राथमिकी

चान्दन (बांका)। निज प्रतिनिधि

चान्दन थाना क्षेत्र के गौरीपुर पंचायत के सिमरिया गांव में जमीन सम्बन्धी विवाद को लेकर बीते शनिवार की शाम हुई मारपीट की घटना में छह लोगों के खिलाफ चांदन थाना में प्राथमिकी दर्ज की गयी है। इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अशोक ठाकुर को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। जानकारी के अनुसार बीते शाम फायर मैन के पद पर कटोरिया में पद स्थापित गृह रक्षा वाहिनी के जवान सिमरिया गांव निवासी दीनदयाल ठाकुर और उसकी चचेरी बहन गीता देवी के बीच जमीन सम्बन्धी विवाद को लेकर तीखी नोंक झोंक के साथ पत्थर बाजी हुई थी। पत्थरबाजी के दौरान दीनदयाल ठाकुर का सिर फट गया था। इस मामले में फायर मैन ने चचेरी बहन गीता देवी व उनकी चारों शादी शुदा बेटी इंदु देवी, बिंदु देवी, पुतली देवी व खुशबू देवी सहित अशोक ठाकुर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने हेतु चांदन थाना में आवेदन दिया था। इस सम्बन्ध में थानाध्यक्ष नसीम खान ने बताया की लिखित शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर हिरासत में भेज दिया गया।

बेलहर-दामजोर पथ जर्जर लोगों को ही रही परेशानी

बेलहर(बांका)/ निज प्रतिनिधि

प्रखंड मुख्यालय बेलहर - दामजोर पथ के जर्जर रहने के कारण दर्जन भर गांव के लोगों को यातायात में परेशानी हो रही है। सड़क में जगह जगह गढ्ढे हो जाने और सड़क के पिच उखड़ जाने के कारण सड़क खतरनाक रूप ले लिया है। इस पथ में आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। इस पथ से बहजोरा, हाडियासी, दामजोर, गिद्धा, उल्ही, लालदेहरी, नैयासी, टेंगरा आदि गावों के लोगों का आना जाना होता है। गांव के लोगों के लिए यह पथ लाइफ लाइन का काम करती है। लोग अपने रोजमर्रा का कार्य प्रखंड मुख्यालय आकर निपटाते हैं व बच्चे स्कूल आते जाते हैं। लेकिन सड़क खराब रहने के कारण वाहन भी नहीं चलते हैं और पैदल चलना भी मुहाल होता है। खासकर बारिश के दिनों में यह पथ पैदल चलने लायक भी नहीं रह जाता है। जिससे मरीजों और गर्भवती महिलाओं आदि को अस्पताल तक लाने ले जाने में भी परेशानी होती है। स्थानीय ग्रामीणों ने सरकार से अविलम्ब सड़क निर्माण कराने की मांग किया है।

फोटो नंबर- बेलहर 44 बेलहर दामजोर पथ की जर्जर स्थिति

अनियंत्रित कार दुकान में घुसी, चपेट में आने से दो हुए जख्मी

कटोरिया (बांका)। निज प्रतिनिधि

बाजार के चौक पर रविवार को एक कार अनियंत्रित होकर सुईया रोड के दो स्टेशनरी दुकान में घुस गई। इस दौरान लगभग एक घंटे तक अफरातफरी का माहौल बना रहा। दुर्घटना में कार की चपेट में आने से दो लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। वहीं कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गयी। साथ ही दोनों दुकानों एवं दुकान के सामने खड़ी दो साइकिल में क्षति हुई। जख्मी में एक स्टेशनरी दुकान का मालिक राजेश साह (42 वर्ष) एवं थाना क्षेत्र के जाखाजोर निवासी कुलदीप यादव की पत्नी मनिता देवी (35 वर्ष) शामिल हैं। जानकारी के अनुसार भागलपुर जिले के सुल्तानगंज थाना क्षेत्र के तिलकपुर गांव के अजय कुमार धनबाद से अपने चालक के साथ स्विफ्ट डिजायर कार से घर आ रहे थे। इसी दौरान बाजार के चौक पर सुईया रोड में मोड़ने के क्रम में गाड़ी अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे स्थित राजेश साह एवं संगम गुप्ता की स्टेशनरी दुकान में घुस गई। गाड़ी के चपेट में आने से दुकान के आगे खड़ी महिला एवं दुकान मालिक राजेश साह गंभीर रूप से जख्मी हो गए। स्थानीय लोगों से घटना की सूचना मिलते ही थाना से सअनि जनार्दन सिंह सदलबल मौके पर पहुंचे तथा गाड़ी को बाहर निकाला गया। साथ ही जख्मी दोनों को इलाज के लिए रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टर कृपा सिंधु द्वारा प्राथमिक उपचार कर जख्मी महिला को बेहतर इलाज के लिए देवघर रेफर कर दिया गया। डॉक्टर ने बताया कि महिला का एक पैर टूट गया है। पुलिस द्वारा दुर्घटनाग्रस्त गाड़ी को कब्जे में लेकर आगे की कागजी कार्रवाई की जा रही है।

प्रतियोगिता मे अव्वल रहे तौशिफ को मिला सम्मान

धोरैया(बांका)। संवाद सूत्र

राष्ट्रीय अविष्कार अभियान अंतर्गत जिला स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी एवं विज्ञान प्रश्नोतरी प्रतियोगिता कार्यक्रम के दौरान धोरैया मध्य विद्यालय रामपुर के जूनियर ग्रुप के तौशिफ राजा ने प्रथम स्थान प्राप्त करते हुए राज्य स्तर पर जिला से अपना जगह बनाते हुए नाम रौशन किया है। मध्य विद्यालय रामपुर भगवानपुर के सप्तम वर्ग के छात्र तौशिफ राजा के द्वारा वर्षा जल संचयन पर प्रोजेक्ट तैयार किया था। जिसे प्रोजेक्ट को बिहार शिक्षा परिषद बांका के राष्ट्रीय अविष्कार अभियान अंतर्गत जिला स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में रखा गया। जहां प्रतियोगिता में मौजूद प्रोजेक्ट के लिए तौशिफ को प्रथम स्थान प्राप्त होने के साथ ही सम्मानित किया गया। प्रथम स्थान प्राप्त होने के साथ ही तौशिफ ने प्रधान प्रदीप कुमार सिंह, शिक्षक अब्दुल्लाह रहमानी सहित सभी शिक्षक को प्रेरित करने के साथ ही विद्यालय का भी नाम रौशन किया है।

यह हिन्दुस्तान अखबार की ऑटेमेटेड न्यूज फीड है, इसे लाइव हिन्दुस्तान की टीम ने संपादित नहीं किया है।
हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें