न्यायिक अधिकारियों ने दिया हरित संदेश, मां के नाम लगाए 32 पौधे

हिन्दुस्तान, बांका
Follow us on Google News
share

*।* * जजेज कॉलोनी में हरियाली का संकल्प, न्यायिक अधिकारियों ने किया सामूहिक वृक्षारोपण। * बढ़ती वैश्विक तापवृद्धि पर चिंता, प्रधान जिला जज ने वृक्ष

न्यायिक अधिकारियों ने दिया हरित संदेश, मां के नाम लगाए 32 पौधे

बांका, निज संवाददाता। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार, बांका के तत्वावधान में गुरुवार को जजेज कॉलोनी स्थित आवासीय परिसर में वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अध्यक्ष सह प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सत्यभूषण आर्य ने किया। इस दौरान "मां के नाम एक पौधा" अभियान के तहत न्यायिक अधिकारियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। जिला विधिक सेवा प्राधिकार की सचिव सह वरिष्ठ प्रभाग न्यायिक पदाधिकारी सपना रानी के आमंत्रण पर बांका न्यायमंडल के सभी जिला एवं सत्र न्यायाधीश, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी एवं न्यायिक दंडाधिकारियों ने सुबह 10 बजे आवासीय परिसर में एक-एक पौधा अपनी मां के नाम लगाया।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सत्यभूषण आर्य एवं फैमिली कोर्ट के प्रधान न्यायाधीश धर्मेंद्र झा द्वारा आम और नीम जैसे फलदार, छायादार एवं औषधीय गुणों वाले पौधों के रोपण से हुई। पौधारोपण से पूर्व गड्ढों में जैविक उर्वरक डाला गया तथा पौधे लगाने के बाद सिंचाई की गई। इस अवसर पर प्रधान जिला जज ने सभी लोगों से प्रत्येक वर्ष कम से कम एक पौधा लगाने और उसके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की। इसके बाद जिला विधिक सेवा प्राधिकार की सचिव सपना रानी, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी शैलेंद्र कुमार सहित अन्य न्यायिक अधिकारियों ने जामुन, अमरूद समेत विभिन्न फलदार पौधों का रोपण किया। कार्यक्रम के दौरान कुल 32 पौधे लगाए गए। मीडिया को संबोधित करते हुए डीएलएसए अध्यक्ष सह प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सत्यभूषण आर्य ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि लगभग 52 वर्ष पूर्व संयुक्त राष्ट्र संगठन द्वारा पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से विश्व पर्यावरण दिवस मनाने का निर्णय लिया गया था। आज वैश्विक तापवृद्धि चिंताजनक स्तर पर पहुंच चुकी है और इसके दुष्प्रभाव दिन-प्रतिदिन अधिक गंभीर होते जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कंक्रीट के बढ़ते जंगल, वाहनों और वातानुकूलित उपकरणों के बढ़ते उपयोग से पर्यावरण पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। ऐसे में वृक्षारोपण ही पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने का सबसे प्रभावी माध्यम है। बांका जैसे हरित क्षेत्र वाले जिले में किसानों के साथ-साथ अधिकारियों और आम नागरिकों की भी जिम्मेदारी है कि वे हर वर्ष कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं और उसके संरक्षण का भी संकल्प लें। कार्यक्रम में जिला एवं सत्र न्यायाधीश अतुलवीर सिंह, शाहनवाज आलम, स्नेह प्रभा, ओमप्रकाश सहित न्यायमंडल के कई अन्य न्यायिक पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi NewsBihar NewsBanka Newsन्यायिक अधिकारियों ने दिया हरित संदेश, मां के नाम लगाए 32 पौधे