खेत एक, फसल अनेक मॉडल ने बदली खेती की तस्वीर, डीएम ने लिया जायजा
खडहारा बना प्रेरणा का केंद्र, किसानों को हर संभव सहयोग का भरोसाखडहारा बना प्रेरणा का केंद्र, किसानों को हर संभव सहयोग का भरोसा बाराहाट (बांका), निज प्

बाराहाट (बांका), निज प्रतिनिधि। शनिवार को बाराहाट प्रखंड के खडहारा स्थित फार्म में विकसित “खेत एक, फसल अनेक” मॉडल का जायजा लेने जिले के शीर्ष अधिकारी पहुंचे। इस दौरान जिला पदाधिकारी नवदीप शुक्ला, डीडीसी उपेन्द्र सिंह, जिला कृषि पदाधिकारी, जिला उद्यान पदाधिकारी बांका तथा प्रखंड उद्यान पदाधिकारी बाराहाट मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान बड़ी संख्या में किसान और ग्रामीण भी उपस्थित थे। इस अभिनव मॉडल को प्रगतिशील किसान अभिषेक कुमार चौधरी ने तैयार किया है। उन्होंने एक ही खेत में तरबूज, भिंडी, कद्दू, पपीता और टमाटर जैसी विभिन्न फसलों का सफल उत्पादन कर खेती में विविधता और नवाचार का उत्कृष्ट उदाहरण पेश किया है।
इस मॉडल ने पारंपरिक खेती की सोच को बदलते हुए किसानों के बीच नई उम्मीद जगाई है।अधिकारियों को मॉडल की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया गया कि महज एक एकड़ जमीन से किसान सालाना 3 से 4 लाख रुपये तक की आय अर्जित कर सकता है। यह मॉडल कम लागत में अधिक उत्पादन और बेहतर मुनाफा सुनिश्चित करता है, जिससे खेती को लाभकारी और टिकाऊ बनाया जा सकता है। अब तक 1000 से अधिक किसान इस फार्म का दौरा कर चुके हैं और इस तकनीक को अपनाने की दिशा में प्रेरित हुए हैं। निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे जिले के सभी प्रखंडों में लागू करने की बात कही, ताकि अधिक से अधिक किसान इसका लाभ उठा सकें। डीएम ने किसानों को हर संभव सहयोग का भरोसा देते हुए कहा कि प्रशासन नई तकनीकों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। यह मॉडल न केवल खेती में विविधता लाता है, बल्कि किसानों की आय बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। आने वाले समय में यह पहल पूरे बांका जिले के लिए आर्थिक समृद्धि का मजबूत आधार बन सकती है।फोटो- 22खेती का जायजा लेते डीएम व साथ में पदाधिकारी
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


