विभागीय उदासीनता की भेंट चढ़ा आंगनबाड़ी भवन, लाखों खर्च के बावजूद अधूरा निर्माण
चान्दन (बांका)। निज प्रतिनिधि चान्दन (बांका)। निज प्रतिनिधि प्रखंड क्षेत्र के धनुबसार पंचायत अंतर्गत हबड़ीडीह गांव में स्थित आंगनबाड़ी केंद्र का भवन

चान्दन (बांका), निज प्रतिनिधि। प्रखंड क्षेत्र के धनुबसार पंचायत अंतर्गत हबड़ीडीह गांव में स्थित आंगनबाड़ी केंद्र का भवन विभागीय अधिकारियों की उदासीनता के कारण वर्षों बाद भी अधूरा पड़ा हुआ है। हैरत की बात यह है कि इस भवन के निर्माण पर लाखों रुपये खर्च किए जा चुके हैं, बावजूद इसके आज तक इसे पूर्ण नहीं कराया जा सका है। आंगनबाड़ी सेविका सीता देवी ने बताया कि भवन अधूरा रहने के कारण बच्चों, गर्भवती महिलाओं एवं धात्री महिलाओं को मिलने वाली सरकारी सेवाएं सुचारू रूप से संचालित नहीं हो पा रही हैं। बारिश और गर्मी के मौसम में केंद्र संचालन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
बाल विकास परियोजना पदाधिकारी द्वारा सामुदायिक भवन में अस्थायी व्यवस्था के तहत केंद्र चलाया जा रहा है, जिससे बच्चों की पढ़ाई और पोषण कार्यक्रम प्रभावित हो रहे हैं। सेविका सीता देवी ने प्रखंड विकास पदाधिकारी से जल्द से जल्द भवन निर्माण कार्य पुनः प्रारंभ कर उसे पूर्ण कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि निर्माण कार्य शीघ्र पूरा हो जाए तो क्षेत्र के बच्चों और महिलाओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। स्थानीय ग्रामीणों ने भी विभाग से इस मामले में त्वरित हस्तक्षेप की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि सरकार द्वारा आंगनबाड़ी केंद्रों को मजबूत करने के उद्देश्य से करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर लापरवाही के कारण योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक नहीं पहुंच पा रहा है। अब देखना यह है कि संबंधित विभाग और प्रशासन इस गंभीर समस्या पर कब तक संज्ञान लेते हैं और अधूरे पड़े आंगनबाड़ी भवन का निर्माण कार्य कब पूरा कराया जाता है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




