घरेलू विवाद में पति ने पत्नी की गला दबाकर हत्या

Jan 13, 2026 01:26 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, बांका
share Share
Follow Us on

बांका के खमरुआडीह गांव में एक पति ने घरेलू विवाद के दौरान अपनी पत्नी रिंकू देवी की गला दबाकर हत्या कर दी। मृतका के दो छोटे बच्चे हैं, जिनके सिर से मां का साया उठ गया है। आरोपी पति घटना के बाद फरार है और ग्रामीण न्याय की मांग कर रहे हैं।

घरेलू विवाद में पति ने पत्नी की गला दबाकर हत्या

चान्दन (बांका)। निज प्रतिनिधि आनंदपुर थाना क्षेत्र के पूर्वी कटसकरा पंचायत के खमरुआडीह गांव में देर रात एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां घरेलू विवाद ने खूनी रूप ले लिया। पति ने अपनी ही पत्नी की गला दबाकर निर्मम हत्या कर दी। मृतका की पहचान उमेश यादव की 28 वर्षीय पत्नी रिंकू देवी के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया है। मृतका अपने पीछे दो मासूम पुत्र—सुवास कुमार (8 वर्ष) एवं विभास कुमार (6 वर्ष)—को छोड़ गई है, जिनके सिर से मां का साया सदा के लिए उठ गया। इस दर्दनाक घटना से ग्रामीणों में गहरा शोक और आक्रोश व्याप्त है।

मृतका के पिता, सुईया थाना क्षेत्र के आका गांव निवासी अर्जुन यादव ने बताया कि सोमवार की शाम पति-पत्नी के बीच किसी मामूली बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद के दौरान आरोपी दामाद ने उनकी बेटी की गला दबाकर हत्या कर दी। घटना के बाद से ही आरोपी पति अपने दोनों बच्चे को लेकर घर से फरार है। अर्जुन यादव ने पुलिस प्रशासन से दोषी के विरुद्ध कड़ी से कड़ी कार्रवाई करते हुए न्याय दिलाने की मांग की है। घटना की सूचना मिलते ही आनंदपुर थाना की पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर थाना लाई। इस संबंध में थानाध्यक्ष विपिन कुमार ने बताया कि मंगलवार को मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, बांका भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि मृतका के पिता के लिखित आवेदन और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आरोपी पति सहित अन्य के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इधर, ग्रामीणों ने इस नृशंस घटना की कड़ी निंदा करते हुए आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी और कठोर सजा की मांग की है। गांव में घटना को लेकर दहशत और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।