रोमांचक फाइनल में गया क्रिकेट एकेडमी बनी चैंपियन, जमुई को 2 रन से हराकर जीती ट्रॉफी
चान्दन ( बांका )। निज प्रतिनिधि चान्दन ( बांका )। निज प्रतिनिधि आनंदपुर थाना क्षेत्र के इंटर स्तरीय बालिका उच्च विद्यालय भैरोगंज के मैदान पर एचिवर्स

चान्दन (बांका), निज प्रतिनिधि। आनंदपुर थाना क्षेत्र के इंटर स्तरीय बालिका उच्च विद्यालय भैरोगंज के मैदान पर एचिवर्स एकेडमी द्वारा आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला रविवार को बेहद रोमांचक रहा। कांटे की टक्कर वाले मुकाबले में गया क्रिकेट एकेडमी ने टीपीएस क्रिकेट एकेडमी जमुई को 2 रन से पराजित कर ट्रॉफी अपने नाम कर ली।
मैच का विवरण
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए गया क्रिकेट एकेडमी की टीम ने 23.1 ओवर में सभी विकेट गंवाकर 113 रन बनाए। टीम की ओर से प्रिंस केशरी ने 38 गेंदों पर 27 रन तथा प्रकाश कुमार ने 39 गेंदों पर 24 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। 114 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीपीएस क्रिकेट एकेडमी जमुई की टीम लक्ष्य के करीब पहुंचकर भी जीत हासिल नहीं कर सकी और 28.3 ओवर में 111 रन पर ऑलआउट हो गई।
खिलाड़ी और पुरस्कार
मुकाबले में शानदार प्रदर्शन के लिए गया क्रिकेट एकेडमी के अमित राजेंद्र कुमार को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। समापन समारोह में मुख्य अतिथि सह बांका सांसद गिरिधारी यादव, पूर्व मुखिया सहेन्द्र दास एवं पूर्व मुखिया सुरेश यादव ने संयुक्त रूप से विजेता टीम गया क्रिकेट एकेडमी को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। इस दौरान विजेता टीम गया क्रिकेट एकेडमी को 12 हजार रुपये नकद पुरस्कार तथा उपविजेता टीपीएस क्रिकेट एकेडमी जमुई को 5 हजार रुपये नकद पुरस्कार प्रदान किया गया।
खेल के महत्व
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद ने कहा कि इस तरह के खेल आयोजनों से जिला स्तर के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि खेल के क्षेत्र में भी युवा अपने राज्य और देश का नाम रोशन कर सकते हैं तथा लगन और कठिन परिश्रम से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। टूर्नामेंट के सफल आयोजन में संघ के जिलाध्यक्ष राजीव सिंह, उपाध्यक्ष कन्हैया प्रसाद चौहान, राजेश यादव, समाजसेवी कृष्ण मुरारी यादव, पवन यादव समेत अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


