लापरवाही से थाली तक पहुंची सल्फर की पोटली, बिगड़ी 100 से अधिक प्रशिक्षु सिपाहियों की तबीयत

Mar 14, 2026 01:35 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, बांका
share

साइड स्टोरी साइड स्टोरी बांका,निज संवाददाता । बांका के समुखिया मोड स्थित पुलिस लाइन में प्रशिक्षु सिपाहियों के मेस में हुए फूड प्वाइजनिंग के

लापरवाही से थाली तक पहुंची सल्फर की पोटली, बिगड़ी 100 से अधिक प्रशिक्षु सिपाहियों की तबीयत

बांका,निज संवाददाता। बांका के समुखिया मोड स्थित पुलिस लाइन में प्रशिक्षु सिपाहियों के मेस में हुए फूड प्वाइजनिंग के मामले में प्रारंभिक तौर पर लापरवाही की बात सामने आ रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार मेस के लिए जो चना सब्जी बनाने हेतु लाया गया था,उसमें फफूंद न लगे इसके लिए उसमें सल्फर की एक पोटली बांधकर रखी गई थी। बताया जाता है कि जब रसोई में सब्जी बनाने के लिए चना धोकर कड़ाही में डाला गया,उस समय सल्फर की पोटली को अलग नहीं किया गया। इसी लापरवाही के कारण वह भोजन के साथ ही पक गई और खाने में मिल गई।

भोजन करने के बाद प्रशिक्षु सिपाहियों को घबराहट, जी मिचलाना, गले और पेट में जलन तथा उल्टी जैसी शिकायतें होने लगीं। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस पदाधिकारी और प्रशासनिक अधिकारी सक्रिय हो गए। फूड सैंपल को जांच के लिए फोरेंसिक टीम ने कलेक्ट कर लिया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। इधर देर शाम तक कई प्रशिक्षु सिपाहियों की तबीयत में सुधार होने पर उन्हें अस्पताल से वापस पुलिस केंद्र भेज दिया गया। उनके लिए शुक्रवार रात को हल्का और सुपाच्य भोजन के रूप में खिचड़ी और चोखा की व्यवस्था की गई। सदर अस्पताल में भर्ती प्रशिक्षु सिपाहियों का कुशल क्षेम जानने के लिए बांका डीएम नवदीप शुक्ला, आईजी विवेक कुमार समेत जिले के सभी डीएसपी और थानाध्यक्ष बारी बारी से पहुंचते रहे। शुक्रवार को जिले के सामुखिया मोड़ स्थित पुलिस केंद्र से लेकर सदर अस्पताल तक पुलिस केंद्र के फूड प्वाइजनिंग की घटना ने हड़कंप मचा दिया। यह घटना तब सामने आई जब प्रशिक्षु सिपाही अपने प्रशिक्षण केंद्र में परोसे गए खाने के बाद अचानक बीमार पड़ गए। खाने में छोले और फ्राइड राइस शामिल थे, जिसे कुल 270 प्रशिक्षुओं को परोसा गया था। बीमार प्रशिक्षु सर दर्द, चक्कर आना, शरीर में कमजोरी, जी मचलना और पेट दर्द की शिकायत लेकर आनन फानन मे सीधे सदर अस्पताल पहुंचे। घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और प्रशिक्षुओं का हाल-चाल जाना। घटना की गंभीरता को देखते हुए आईजी भी बांका दौरे पर पहुंचे और प्रशिक्षुओं के स्वास्थ्य का जायजा लिया। जबकि सीएस डा. जितेन्द्र कुमार ने भी इसे फूड प्वाइजनिंग की आशंका बताई है। इस घटना ने पुलिस केंद्र में चल रहे मेस पर सवाल खड़ा कर दिया है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।