Banka News: जिलेभर में धूमधाम से मनाया गया गणेश चतुर्थी, तीज और चरचंदा
Banka News: पेज चार की लीडपेज चार की लीड तीन पर्वों के महासंगम से भक्तिमय हुआ बांका, गणेश चतुर्थी, तीज और चरचंदा पर मंदिरों से लेकर पूजा पंडालों तक

Banka News: बांका, नगर प्रतिनिधि। जिलेभर में सोमवार को आस्था और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। एक ही दिन गणेश चतुर्थी, हरितालिका तीज और चरचंदा का पर्व होने से शहर से लेकर गांव तक माहौल भक्तिमय बना रहा। सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही, जबकि शाम होते-होते पूजा पंडालों और घरों में धार्मिक अनुष्ठानों का दौर शुरू हो गया।
गणेश चतुर्थी उत्सव
जहां तीनों पर्वों को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।इस दौरान गणेश चतुर्थी के अवसर पर शहर के विभिन्न इलाकों में आकर्षक पूजा पंडाल सजाए गए। विधि-विधान से भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित कर श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना की। साथ ही गणपति महाराज के जयकारों से आसपास का वातावरण गूंजता रहा। पूजा पंडालों में दिनभर श्रद्धालुओं के आने-जाने का सिलसिला जारी रहा। कई जगहों पर शाम में आरती और प्रसाद वितरण भी किया गया।
हरितालिका तीज का त्यौहार
वहीं, हरितालिका तीज को लेकर सुहागिन महिलाओं में विशेष उत्साह रहा। महिलाओं ने पति की लंबी आयु और सुखी दांपत्य जीवन की कामना को लेकर निर्जला उपवास रखा। दिनभर उपवास के बाद महिलाओं ने मंदिरों में पहुंचकर भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा-अर्चना की तथा तीज व्रत की कथा सुनी। हाथों में रची मेहंदी और पारंपरिक परिधान में सजी महिलाओं से मंदिर परिसर भी उत्सवी नजर आया।
चरचंदा पर्व की तैयारी
इधर, संध्याकालीन बेला में चरचंदा पर्व को लेकर भी श्रद्धालुओं में ख़ास उत्साह रहा। व्रतियों ने पूजा-अर्चना कर चंद्रमा के उदय होने की प्रतीक्षा की। चांद दिखाई देने के बाद महिलाओं ने अर्घ्य देकर व्रत का धार्मिक अनुष्ठान पूरा किया। जिसके बाद घरों की छतों और आंगनों में भी चरचंदा की पूजा हुई।
वहीं एक ही दिन तीन प्रमुख पर्व पड़ने से बाजारों में भी दिनभर चहल-पहल बनी रही। फल, पूजा सामग्री, मिठाई, वस्त्र और मनिहारी दुकानों पर लोगों की भीड़ जुटी रही। तीनों पर्वों के महासंगम ने पूरे जिले को आस्था, उमंग और उल्लास के रंग में रंग दिया。


