
दीपावली-छठ पर भी अधर में मार्जिन मनी, डीलर परेशान
फरवरी से बकाया है भुगतान, 27 सितंबर को सौंपा गया था ज्ञापनफरवरी से बकाया है भुगतान, 27 सितंबर को सौंपा गया था ज्ञापन बांका। एक संवाददाता जिले के जन वि
बांका, एक संवाददाता। जिले के जन वितरण प्रणाली डीलरों की परेशानियां कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। दुर्गा पूजा जैसे बड़े त्योहार के दौरान भी उन्हें मार्जिन मनी का भुगतान नहीं मिल सका, और अब दीपावली व छठ जैसे प्रमुख पर्व सामने हैं। बावजूद इसके, आठ महीने से लंबित कमीशन भुगतान को लेकर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। डीलरों की नाराजगी अब आक्रोश में बदलती दिख रही है। बताया जा रहा है कि मार्जिन मनी का भुगतान फरवरी से सितंबर 2025 तक का बकाया है। इस अवधि में बार-बार आश्वासन और पत्राचार के बावजूद विभागीय स्तर से कोई स्पष्ट कार्रवाई नहीं हुई है।

डीलरों का कहना है कि त्योहार के समय जब घर-गृहस्थी का खर्च बढ़ जाता है, ऐसे में कमीशन की राशि ही एकमात्र सहारा होती है। अब जब दुर्गा पूजा किसी तरह गुजरी, तो दीपावली और छठ पर संकट और गहरा गया है। बता दें कि गत 27 सितंबर को फेयर प्राइस डीलर एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष सह बांका जिला अध्यक्ष सच्चिदानंद तिवारी के नेतृत्व में डीलरों ने बांका अनुमंडल पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपा था। इसमें तत्काल बकाया राशि भुगतान की मांग की गई थी। उस समय भी आश्वासन मिला, लेकिन अब तक धरातल पर कोई पहल नहीं हुई है। डीलरों ने बताया कि उनके सामने परिवार चलाना तक मुश्किल हो गया है। बच्चों की पढ़ाई, इलाज, त्योहारों की तैयारी और रोजमर्रा की जरूरतें, सब कुछ प्रभावित हो रहा है। उनका आरोप है कि विभागीय लापरवाही ने उन्हें आर्थिक संकट में धकेल दिया है। फेयर प्राइस डीलर एसोसिएशन के जिला संघ ने साफ तौर पर कहा है कि यदि अब भी समय रहते भुगतान नहीं किया गया, तो वे आंदोलनात्मक कदम उठाने को विवश होंगे। संगठन ने प्रशासन से मांग की है कि दीपावली और छठ पर्व को ध्यान में रखते हुए जल्द से जल्द बकाया कमीशन राशि का भुगतान किया जाए।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




