Banka News: पुलिस-जनता के बीच समन्वय मजबूत करने पर जोर, एसपी ने की सामुदायिक पुलिसिंग की समीक्षा
Banka News: बांका एक संवाददाता।बांका एक संवाददाता। बांका पुलिस अधीक्षक अमितेश कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को सामुदायिक पुलिसिंग को लेकर समीक्षा बैठक

Banka News: बांका, एक संवाददाता। बांका पुलिस अधीक्षक अमितेश कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को सामुदायिक पुलिसिंग को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के साथ अपराध नियंत्रण की व्यवस्था को और प्रभावी बनाना रहा। बैठक में जिले के सभी थानों के नामित सामुदायिक पुलिस अधिकारी और संबंधित पुलिस पदाधिकारी शामिल हुए। एसपी ने पुलिस पदाधिकारियों को आम लोगों के साथ लगातार संवाद बनाए रखने और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनकर समाधान की दिशा में पहल करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अपराध नियंत्रण के साथ पुलिस और जनता के बीच विश्वास कायम करना भी जरूरी है।
स्थानीय स्तर पर लोगों की सक्रिय भागीदारी से कई आपराधिक गतिविधियों की जानकारी समय पर पुलिस तक पहुंच सकती है। बैठक में पुलिस-जनता के बीच विश्वास और सहयोग को मजबूत करने, स्थानीय समस्याओं की पहचान कर समाधान करने तथा संवेदनशील एवं जनोन्मुखी पुलिस व्यवस्था विकसित करने पर विस्तार से चर्चा हुई। अधिकारियों को सामुदायिक पुलिसिंग के माध्यम से आमजन से बेहतर संपर्क स्थापित करने पर विशेष जोर दिया गया।


