जिलेभर में ठंड ने बढ़ाई लोगों की चिंता, अस्पतालों में बढ़ी भीड़

जिलेभर में ठंड ने बढ़ाई लोगों की चिंता, अस्पतालों में बढ़ी भीड़

संक्षेप:

बांका, नगर प्रतिनिधि -: बांका, नगर प्रतिनिधि -: जिलेभर में पिछले कुछ दिनों से बढ़ी ठंड ने आम जनजीवन को प्रभावित करना शुरू कर दिया है। पिछले एक

Dec 12, 2025 11:12 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, बांका
share

बांका, नगर प्रतिनिधि। जिलेभर में पिछले कुछ दिनों से बढ़ी ठंड ने आम जनजीवन को प्रभावित करना शुरू कर दिया है। पिछले एक सप्ताह से तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है, जिसके चलते लोग सर्दी-खांसी, जुखाम और गले में दर्द जैसी मौसमी बीमारियों से परेशान दिखाई दे रहे हैं। वहीं स्वास्थ्य विभाग ने भी बदलते मौसम को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की अपील की है। अस्पतालों में मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। सदर अस्पताल बांका से लेकर निजी क्लीनिक तक सर्दी-जुखाम और वायरल इंफेक्शन के मरीजों की लंबी कतारें दिखाई दे रही हैं। डॉक्टरों का कहना है कि अचानक तापमान में गिरावट और सुबह-शाम की ठंडी हवाओं के कारण लोग बीमार पड़ रहे हैं।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

खासकर बच्चे और बुजुर्ग इस मौसम में तेजी से संक्रमण की चपेट में आ रहे हैं। डॉक्टरों के अनुसार, इस समय गले में खराश, खांसी, नाक बहना, सिरदर्द और तेज जुकाम जैसे लक्षण वाली बीमारियाँ अधिक देखने को मिल रही हैं। कई मरीज बुखार और बदन दर्द की शिकायत लेकर भी अस्पताल पहुँच रहे हैं। चिकित्सकों का कहना है कि यह मौसमी वायरल है, जो सामान्यतः 3 से 5 दिनों में ठीक हो जाता है, लेकिन सावधानी बरतना बेहद ज़रूरी है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि किसी भी तरह के लक्षण दिखने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें और स्वयं दवा लेने से बचें। साथ ही पर्याप्त नींद लेने, धूप सेकने और विटामिन-सी युक्त खाद्य पदार्थों के सेवन की सलाह भी दी गई है। जिलेभर में बढ़ते ठंड ने लोगों की परेशानी भी बढ़ा दी है। अस्पतालों में बढ़ती भीड़ और बदलते मौसम के खतरे को देखते हुए जिलेवासियों को विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है, ताकि वे इस मौसमी बीमारी से सुरक्षित रह सकें। उधर बाजारों में गरम कपड़ों और सर्दी-जुकाम से बचाव वाले उत्पादों की मांग बढ़ गई है। चाय की दुकानों पर अदरक की चाय और काढ़े का सेवन भी बढ़ा है। वहीं स्कूलों में भी बच्चों को स्वेटर और टोपी पहनकर आने की लगातार सलाह दी जा रही है। शुक्रवार को जिले का अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि जिले का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि विगत कुछ दिनों से 10 डिग्री सेल्सियस पर ही स्थिर है। वहीं मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों में तापमान में और गिरावट होने की संभावना है। सुबह और देर रात के समय शीतलहर जैसी स्थितियाँ बन सकती हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि ठंड बढ़ने के साथ बीमारियों का प्रकोप और बढ़ सकता है, इसलिए लोगों को सतर्क रहने की आवश्यकता है। क्या कहते हैं डॉक्टर रोजाना 200 से अधिक मरीज सर्दी-जुखाम और गले दर्द की शिकायत लेकर अस्पताल पहुँच रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे मौसम में घर से बाहर निकलते समय पूरी तरह ढककर निकलना चाहिए। इसके अलावा गरम पानी पीना, खांसी-जुकाम वाले व्यक्तियों से दूरी बनाए रखना और संतुलित भोजन लेना बेहद आवश्यक है। डॉ. उस्मान गनी चिकित्सा पदाधिकारी, सदर अस्पताल बांका।