Banka News: पांच सौ साल पुरानी परंपरा: लक्ष्मीपुर भुवनेश्वरी मंदिर में तांत्रिक पद्धति से होती है दुर्गा पूजा
Banka News: तंत्र साधकों की साधना का प्रमुख केंद्र रहा है मंदिर, संरक्षण के अभाव में खो रही गौरवशाली अतीत की पहचानतंत्र साधकों की साधना का प्रमुख केंद्र रहा है मं

मंदिर का इतिहास और तांत्रिक पूजा परंपरा
Banka News:
बौंसी, निज संवाददाता। लक्ष्मीपुर राज परिवार द्वारा स्थापित मां भुवनेश्वरी दुर्गा मंदिर में करीब 5 सौ वर्षों से तांत्रिक पद्धति से दुर्गा पूजा किए जाने की परंपरा चली आ रही है। नवरात्र के दौरान यहां बंगाल की तांत्रिक परंपरा के अनुसार पूजा-अर्चना की जाती है। कभी तंत्र साधकों की साधना का प्रमुख केंद्र रहे इस मंदिर का गौरवशाली इतिहास आज भी इसकी भव्यता में झलकता है। हालांकि, उचित संरक्षण और विकास के अभाव में मंदिर की ऐतिहासिक पहचान को सहेजने की जरूरत महसूस की जा रही है। लक्ष्मीपुर स्टेट के महाराज प्रताप नारायण देव के पूर्वजों ने इस भव्य मंदिर की स्थापना कराई थी। राजमहल परिसर के ठीक सामने स्थित मां भुवनेश्वरी का विशाल मंदिर कभी धार्मिक आस्था के साथ-साथ कला और संस्कृति का भी प्रमुख केंद्र हुआ करता था। स्थानीय लोगों के अनुसार, दुर्गा पूजा के अवसर पर बिहार, बंगाल और ओडिशा समेत विभिन्न क्षेत्रों से कलाकार यहां पहुंचते थे। राज परिवार की ओर से आयोजित कार्यक्रमों में अपनी कला का प्रदर्शन करने वाले कलाकारों को सम्मानित और पुरस्कृत भी किया जाता था। मंदिर में पिछले 48 वर्षों से पंडित जगदेव मिश्र पुजारी के रूप में पूजा-अर्चना करा रहे हैं। वहीं, नवरात्र के नौ दिनों तक पंडित अरुण मिश्र के नेतृत्व में तांत्रिक पद्धति से पूजा कराई जाती है। मंदिर के लिए बांका के मूर्तिकार द्वारा मां दुर्गा की प्रतिमा का निर्माण किया जा रहा है। पंडित जगदेव मिश्र के अनुसार, पहले यहां बड़ी संख्या में तंत्र साधक पहुंचते थे और मंदिर परिसर में रहकर साधना करते थे। वर्ष 2003 में मां काली की प्रतिमा चोरी होने के बाद तंत्र साधकों के यहां आने की संख्या में कमी आई। उनका मानना है कि यदि मंदिर को सरकारी स्तर पर संरक्षित किया जाए और इसकी ऐतिहासिक महत्ता के अनुरूप सुविधाएं विकसित की जाएं, तो इसकी पुरानी पहचान को फिर से स्थापित किया जा सकता है। गांव के युवा रजनीकांत साह ने बताया कि मां भुवनेश्वरी मंदिर से बांका जिले के अलावा आसपास के कई जिलों के लोगों की गहरी आस्था जुड़ी हुई है। यही वजह है कि सालों भर श्रद्धालु यहां पहुंचकर पूजा-अर्चना करते हैं। नवरात्र के दौरान मंदिर में भक्तों की भीड़ बढ़ जाती है। उन्होंने बताया कि मंदिर परिसर में सरोवर का निर्माण भी कराया जा रहा है, जिससे धार्मिक स्थल की सुंदरता और आकर्षण बढ़ने की उम्मीद है। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, एक समय लक्ष्मीपुर राज परिवार की ओर से दशहरा से लेकर काली पूजा तक करीब एक महीने तक विभिन्न सांस्कृतिक और मनोरंजक कार्यक्रम आयोजित कराए जाते थे। इन कार्यक्रमों को देखने के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों से लोग पहुंचते थे। बिहार, बंगाल और ओडिशा के कलाकारों को आमंत्रित किया जाता था। उनके प्रदर्शन से पूरा क्षेत्र उत्सवी माहौल में डूब जाता था। दशहरा मेले में दंगल और कुश्ती प्रतियोगिताएं भी आयोजित होती थीं, जिनमें नामचीन पहलवान हिस्सा लेते थे। प्रतियोगिता में जीतने वाले पहलवानों को राज परिवार की ओर से पुरस्कृत किया जाता था। कलाकारों को भी उनकी प्रस्तुति के लिए सम्मानित किया जाता था। इस तरह मंदिर केवल धार्मिक आस्था का केंद्र ही नहीं, बल्कि क्षेत्र की समृद्ध कला और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक भी था। मंदिर के बेहतर संचालन के लिए एक कमेटी का गठन किया गया है। जिसमें चंडी पाठ पंडित अरुण मिश्र जगदेव मिश्र, टहलू भोलेशंकर साह, सुधांशु कुमार हैं जबकि कमिटी अध्यक्ष सदाशिव भगत हैं। ग्रामीण रजनीकांत साह, चंदन कुमार भीम सिंह अशोक साहविष्णु राउत रमेश साह, प्रेम रजक सहित अन्य लोगों का कहना है कि मंदिर के ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व को देखते हुए इसके संरक्षण की ठोस पहल होनी चाहिए। इससे न केवल प्राचीन परंपराओं को सुरक्षित रखा जा सकेगा, बल्कि लक्ष्मीपुर की सांस्कृतिक विरासत और गौरवशाली अतीत को भी नई पहचान मिल सकेगी।

