Hindi NewsBihar NewsBanka NewsBounsi Fair A Colorful Festival of Shopping and Entertainment
मेला में उमड़ रही लोगों की भीड़, जमकर हो रही खरीदारी

मेला में उमड़ रही लोगों की भीड़, जमकर हो रही खरीदारी

संक्षेप:

बौंसी। निज संवाददाताबौंसी। निज संवाददाता बौंसी मेला इन दिनों पूरे शबाब पर है। जैसे-जैसे सूर्य ढलता है, वैसे-वैसे मेला परिसर दूधिया रोशनी में न

Jan 20, 2026 01:57 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, बांका
share Share
Follow Us on

बौंसी, निज संवाददाता। बौंसी मेला इन दिनों पूरे शबाब पर है। जैसे-जैसे सूर्य ढलता है, वैसे-वैसे मेला परिसर दूधिया रोशनी में नहा उठता है और उसकी रौनक कई गुना बढ़ जाती है। रंग-बिरंगी लाइटों से सजा मेला मानो लोगों को अपनी ओर आमंत्रित करता नजर आता है। दूर-दराज के गांवों से लोग सपरिवार मेले का आनंद लेने पहुंच रहे हैं और देर रात तक मेला परिसर गुलजार बना रहता है। मेले में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक हर आयु वर्ग के लिए मनोरंजन और खरीदारी की भरपूर व्यवस्था है। सुनामी झुला, तारामाची, ब्रेक डांस, ड्रैगन ट्रेन जैसे झूलों पर बच्चों की खिलखिलाहट गूंज रही है, तो वहीं युवा वर्ग भी रोमांचक झूलों का भरपूर आनंद ले रहा है।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

मनोरंजन गृहों में प्रतिदिन भारी भीड़ उमड़ रही है। सोमवार को मेला मैदान में लोगों का सैलाब उमड़ पड़ा। पार्किंग स्थल से लेकर मुख्य प्रवेश द्वार तक लोगों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। चारों ओर लगी दुकानों पर खरीदारों की भीड़ देखते ही बन रही थी। लोग पूरे परिवार के साथ मेला पहुंचे और जरूरत से लेकर शौक तक की वस्तुओं की जमकर खरीदारी की। मेला परिसर में लगा जादुघर शो बच्चों के लिए खास आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। बच्चे उत्सुकता से शो देखने के लिए कतार में खड़े नजर आए। अभिभावकों का कहना है कि यह शो बच्चों के लिए ज्ञान और मनोरंजन का अच्छा संगम है। मीना बाजार में महिलाओं की खास भीड़ देखने को मिल रही है। सौंदर्य प्रसाधन, चूड़ियां, साड़ियां, कॉस्मेटिक, हेयर एक्सेसरी और फैशन से जुड़ी वस्तुओं की दुकानों पर खरीदारों की अच्छी-खासी भीड़ जुट रही है। वहीं हरेक माल की दुकानों पर सस्ते दामों पर घरेलू उपयोग के सामान जमकर बिक रहे हैं। घरेलू सामान से लेकर शादी-ब्याह की खरीदारी मेले में घरेलू प्रयोग के बर्तन, बाल्टी, मग, कुकर, थाली, गिलास, चादर, कंबल, गद्दे, तकिए, ट्रॉली बैग, लोहे के बक्से सहित अनेक प्रकार के सामान उपलब्ध हैं। लोग शादी-ब्याह और गृह प्रवेश के लिए भी मेले से जमकर खरीदारी कर रहे हैं। दुकानदारों का कहना है कि इस बार घरेलू उपयोग की वस्तुओं की बिक्री सबसे अधिक हो रही है। फन वर्ल्ड के दुकानदारों ने बताया कि रोजाना अनुमान से कहीं अधिक बिक्री हो रही है। बच्चों के खिलौने, गुब्बारे, बंदूक, गुड़िया, कार, गेम सामग्री लोगों को खूब भा रही है। खान-पान की दुकानों पर भी जबरदस्त भीड़ देखी जा रही है। पिज्जा, बर्गर, चाट, गोलगप्पे, चाऊमीन, मोमोज, आइसक्रीम, कॉफी और पारंपरिक व्यंजनों का लोग जमकर लुत्फ उठा रहे हैं। कई परिवार तो खाने-पीने के लिए ही विशेष रूप से मेले में पहुंच रहे हैं। दुकानदारों का कहना है कि बौंसी मेला उनकी आजीविका का बड़ा सहारा है। भीड़ देखकर सभी दुकानदार उत्साहित हैं और उन्हें उम्मीद है कि आने वाले दिनों में बिक्री और बढ़ेगी। दुकानदारों के अनुसार अगर मेला कुछ दिन और चले तो व्यापार और बेहतर हो सकता है। बौंसी मेला केवल खरीदारी और मनोरंजन का स्थान नहीं, बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक मिलन का भी बड़ा केंद्र बन चुका है। लोग वर्षों बाद मिलने वाले रिश्तेदारों और मित्रों से यहीं मुलाकात कर रहे हैं। बच्चों के लिए यह मेला यादगार पल बन रहा है, तो बुजुर्गों के लिए पुरानी यादों को ताजा करने का अवसर। कुल मिलाकर बौंसी मेला इन दिनों रोशनी, रौनक, भीड़ और कारोबार का संगम बन चुका है, जहाँ हर शाम एक उत्सव में बदल जाती है और पूरा बौंसी क्षेत्र मेले की रंगीन दुनिया में डूबा नजर आता है।