
अब मूल्यांकन से टटोली जाएगी पैक्सों के कार्य व गतिविधियों की नब्ज
हिन्दुस्तान विशेषहिन्दुस्तान विशेष जिले में अंकेक्षण पूर्ण करने वाले तीन पैक्स होंगे पुरस्कृत सरकार ने शुरू की मुख्यमंत्री आदर्श पैक्स प्रोत्साहन योज
बांका, निज प्रतिनिधि। किसानों की सुविधा के लिए सरकार की ओर से पैक्सों को विकसित किया जा रहा है। जिससे किसानों को धान अधिप्राप्ति के अलावे बिहार राज्य सब्जी प्रसंस्करण विपणन योजना, डेयरी सहयोग समितियां, शहद उत्पादक सहयोग समितियां, सहकारी बैंक, कॉमन सर्विस सेंटर, बिहार राज्य फसल सहायता योजना, मुख्यमंत्री हरित कृषि संयंत्र योजना, प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधी केंद्र, प्रधानमंत्री किसान समृद्धि केंद्र एवं पेट्रोल-डीजल आउटलेट सहित अन्य सुविधाएं पैक्सों के माध्यम से दी जा सके। इसके लिए पैक्सों को कंप्यूटर एवं इंटरनेट की सुविधाओं से लैस किया जा रहा है। इसके अलावे सरकार की ओर से पैक्सों को विकसित किए जाने के साथ ही उसे प्रोत्साहित भी किया जा रहा है।

जिससे पैक्सों की आमदनी का स्त्रोत बढाया जा सके। वहीं, अब सूबे में मूल्यांकन के जरिये पैक्सों के कार्यकलापों और उसकी गतिविधियों की नब्ज टटोली जाएगी। इसके लिए सरकार ने मुख्यमंत्री आदर्श पैक्स प्रोत्साहन योजना की शुरूआत की है। इसको लेकर पैक्स के चयन के लिए ग्रेडेशन प्रणाली, अर्हता, प्रक्रिया एवं पुरस्कार की राशि तय कर दी गई है। इसके साथ ही मूल्यांकन के लिए अंकों का निर्धारन भी कर दिया गया है। इसमें 31 अगस्त 2025 तक वित्तीय वर्ष 2024-25 का अंकेक्षण पूर्ण करने वाले पैक्स मुख्यमंत्री आदर्श पैक्स प्रोत्साहन योजना पुरस्कार के लिए आवेदन करने के योग्य होंगे। मुख्यमंत्री आदर्श पैक्स प्रोत्साहन योजना के तहत पहले फेज में जिला स्तर पर जिले के चयनित 3 पैक्सों को पुरस्कृत किया जाएगा। जबकि दूसरे फेज में राज्य स्तर पर 38 जिलों से चयनित तीन पैक्सों को पुरस्कृत किया जाएगा। मुख्यमंत्री आदर्श पैक्स प्रोत्साहन योजना के तहत पैक्सों के चयन की प्रक्रिया त्रिस्तरीय होगी। प्रथम स्तर के चयन के लिए जिला स्तर पर जिला सहकारिता पदाधिकारी की अध्यक्षता में त्रिसदस्यी कमिटी का गठन किया जाएगा। जिसमें जिला अंकेक्षण पदाधिकारी, सहयोग समितियां के प्रबंध निदेशक एवं सहकारी बैंक के शाखा प्रबंधक सदस्य होंगे। द्वितीय स्तर में प्रमंडल स्तर पर संयुक्त निबंधक, सहयोग समितियां की अध्यक्षता में त्रिसदस्यीय कमिटी बनेगी। जिसमें अंकेक्षण संयुक्त निबंधक, सहयोग समितियां एवं सहकारी बैंक के प्रबंध निदेशक सदस्य होंगे। जबकि राज्यस्तरीय कमिटी में सदस्य सचिव, प्रबंध निदेशक, बिहार राज्य सहकारी बैंक होंगे। इसके अलावे अध्यक्ष एवं अन्य दो सदस्य सहकारिता विभाग बिहार पटना के अपर मुख्य सचिव व प्रधान सचिव की ओर से नामित पदाधिकारी होंगे। मुख्यमंत्री आदर्श पैक्स प्रोत्साहन योजना का मूल्यांकन 100 अंकों का होगा। इसमें अभिशासन एवं वित्तीय सुदृढता के लिए 30 अंक, आधारभूत संरचना एवं क्षमता निर्माण के लिए 30 अंक, व्यवसायिक गतिविधियों के लिए 30 अंक एवं सामाजिक उत्तरदायित्व संबंधी गतिविधियों के लिए 10 अंक निर्धारित हैं। वहीं, जिला स्तर पर चयनित पैक्स को प्रथम पुरस्कार के तौर पर 5 लाख, द्वितीय पुरस्कार के रूप में 3 लाख एवं तृतीय पुरस्कार के रूप में 2 लाख की राशि दी जायेगी। जबकि राज्य स्तर पर प्रथम पुरस्कार की राशि 15 लाख, द्वितीय पुरस्कार की राशि 10 लाख एवं तृतीय पुरस्कार की राशि 7 लाख होगी। कोट... सूबे में अब पैक्सों के कार्यकलापों एवं गतिविधियों का मूल्यांकन किया जाएगा। इसके लिए सरकार ने मुख्यमंत्री आदर्श पैक्स प्रोत्साहन योजना की शुरूआत की है। ये मूल्यांकन 100 अंक के होंगे। इसके तहत जिला स्तर पर चयनित तीन पैक्सों को पुरस्कृत किया जाएगा। इसके अलावे राज्य स्तर पर भी तीन पैक्सों को पुरस्कृत किया जाएगा। इसके लिए 31 अगस्त 2025 तक अंकेक्षण पूर्ण करने वाले पैक्स आवेदन के लिए योग्य होंगे। मो जैनुल आब्दीन अंसारी, डीसीओ, बांका

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




