ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News बिहार बांकाबेलहर : ट्रक फंस जाने से पांच घंटे सड़क जाम

बेलहर : ट्रक फंस जाने से पांच घंटे सड़क जाम

बेलहर(बांका)/ निज प्रतिनिधिबेलहर(बांका)/ निज प्रतिनिधि बेलहर बांका मुख्य मार्ग पर बकरार गांव के पास जर्जर सड़क में दो ओवरलोड ट्रकों के...

बेलहर : ट्रक फंस जाने से पांच घंटे सड़क जाम
हिन्दुस्तान टीम,बांकाSun, 13 Jun 2021 04:21 AM
ऐप पर पढ़ें

बेलहर : ट्रक फंस जाने से पांच घंटे सड़क जाम

बेलहर(बांका)/ निज प्रतिनिधि

बेलहर बांका मुख्य मार्ग पर बकरार गांव के पास जर्जर सड़क में दो ओवरलोड ट्रकों के फंस जाने से करीब पांच घंटे तक मुख्य मार्ग पर दोनों तरफ लंबा जाम लग गया। जाम शनिवार की सुवह पांच बजे से लगा और 10 बजे जब जेसीबी के सहारे ट्रकों को रोड से हटाया गया तब जाम टूटा। विदित हो कि बेलहर बांका मुख्य पथ का निर्माण कार्य अधूरा छोड़कर नवम्बर 2020 के पहले ही संवेदक चंपत हो गया है। जबकि इस पथ में बेलगाम ओवरलोड ट्रकों का भरमार है। जिससे खासकर साहबगंज और बकरार गांव तक सड़क पूरी तरह से ध्वस्त हो गया है और आए दिन वाहन फंसते हैं और जाम लगता है।

पूर्व मंत्री की पहल पर पंजवारा बाजार को मिला नया ट्रांसफर्मर

पंजवारा(बांका)। निज प्रतिनिधि

पंजवारा मुख्य बाजार के व्यवसायियों को शनिवार को नया ट्रांसफार्मर मिल गया। जिससे स्थानीय व्यवसाइयों ने हर्षित होकर पूर्व राजस्व मंत्री सह बांका विधायक रामनारायण मंडल को धन्यवाद ज्ञापित किया। बता दें कि पंजवारा मुख्य बाजार में थाना के समीप लगे ट्रांसफार्मर की खराबी के कारण गुरुवार शाम से ही लोगों को सुचारू रुप से विद्युत आपूर्ति नहीं मिल रही थी। आपूर्ति होने पर काफी लो वोल्टेज रहता था। जिससे इस भीषण उमस भरी गर्मी में लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।साथ ही पेयजल सहित अन्य समस्याओं से भी लोगों को जूझना पड़ रहा था। स्थानीय लोगों ने इस समस्या से सुबे के पूर्व राजस्व मंत्री एवं वर्तमान भाजपा विधायक रामनारायण मंडल को अवगत कराया। समस्या की जानकारी मिलते ही उन्होंने विभागीय अधिकारियों को जल्द से जल्द नया ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। जिसके बाद बिजली विभाग के द्वारा शनिवार दोपहर बाद नया ट्रांसफार्मर पंजवारा बाजार में भेजकर लगवाया गया।

विधायक भूदेव चौधरी बने डीएन सिंह महाविद्यालय शासी निकाय के अध्यक्ष

रजौन(बांका)। निज संवाददाता

धोरैया विधानसभा क्षेत्र के राजद विधायक भूदेव चौधरी को स्थानीय डीएन सिंह महाविद्यालय भुसिया के शासी निकाय के अध्यक्ष पद के लिए सर्वसम्मति से चयन कर लिया गया है। शनिवार को शासी निकाय की एक बैठक महाविद्यालय परिसर में ही क्षेत्रीय विधायक भूदेव चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। इस बैठक में विगत बैठकों की संपुष्टि के बाद शासी निकाय के अध्यक्ष पद के लिए क्षेत्रीय विधायक के नाम का प्रस्ताव प्रभारी प्राचार्य जीवन प्रसाद सिंह ने दिया, जिसका समर्थन सचिव डॉ. राजीव रंजन सिंह ने किया। बैठक में शिक्षक व शिक्षकेतर कर्मचारियों के अनुदान वितरण को लेकर भी कई चर्चाएं हुई लेकिन इसके अंतिम निर्णय के लिए अगली बैठक मुकर्रर कर दी गई। शासी निकाय के नवनिर्वाचित अध्यक्ष विधायक ने बताया कि शनिवार की बैठक में दो सदस्य अनुपस्थित थे। व्यस्तता के कारण डीडीसी बांका ने इसमें भाग नहीं लिया है। शासी निकाय के सभी सदस्य को आगामी बैठक में उपस्थित होने के लिए विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है। इस बैठक में अनुदान वितरण पर अंतिम मुहर लग जाएगा। को कहा गया है। बैठक में प्रभारी प्राचार्य जीवन प्रसाद सिंह, डॉ. राजीव रंजन सिंह के अलावे विश्वविद्यालय प्रतिनिधि डॉक्टर हरपाल कौर ने भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में भाग लिया।

दोहरे हत्याकांड के तीसरे दिन भी पुलिस को कोई सफलता नहीं

डर से गांव में नहीं रह रहे हैं मृतक के परिजन

कटोरिया (बांका) निज प्रतिनिधि

भूमि विवाद एवं हत्या के प्रतिशोध में गुरुवार को हुई कटोरिया थाना क्षेत्र के ललमटिया टोला के चाचा-भतीजा की हत्या के मामले में पुलिस को अब तक कोई सफलता नहीं मिली है। घटना के तीसरे दिन शनिवार को भी दोहरे हत्याकांड में शामिल हत्यारे पुलिस के गिरफ्त से बाहर है। हत्या के बाद एसडीपीओ बेलहर प्रेमचंद्र सिंह के नेतृत्व में गठित हुई टीम लगातार छापेमारी अभियान चला रही है। लेकिन न कोई आरोपित को पुलिस गिरफ्तार कर पाई है और न ही हत्या में प्रयुक्त सामान जब्त कर पाई है। थानाध्यक्ष नीरज तिवारी का कहना है कि हत्याकांड में आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए सभी संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। साथ ही जल्द उन्हें गिरफ्तार करने का दावा भी कर रहे हैं। लेकिन अब तक पुलिस के हाथ सिर्फ मायूसी ही लगी है। इधर घटना के बाद सभी हत्यारोपी फरार हैं। उनके घरों में ताला लटका हुआ है। गांव की गलियों में सन्नाटा पसरा हुआ है। घटना के बाद से गांव के लोग सहमे हुए हैं। इस नृशंस हत्या के भयावह दृश्य को देखकर बच्चे भी घर से बाहर खेलने नहीं निकल रहे हैं। मृतक दोनों के पत्नी एवं बच्चे डर से गांव को छोड़कर मचवरिया गांव में रह रहे हैं। हत्यारों के अब तक नहीं पकड़े जाने से उन्हें भी जान के खतरे का डर सता रहा है। बता दें कि ललमटिया टोला से सौ मीटर की दूरी पर घर से थाना क्षेत्र के मचवरिया स्थित ससुराल लौटने के क्रम में गांव के टेंटू उर्फ बिनोद राय एवं उसके भतीजे रंजीत राय की कुल्हाड़ी, फरसा जैसे धारदार हथियार से काटकर बेहरमी से नृशंस हत्या कर दी गई थी।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें