Banka News: बारिश से पानी पानी हुआ शहर व गांव

हिन्दुस्तान, बांका
Follow us on Google News
share

Banka News: भादो की फुहार ने बदला मौसम का मिजाज, मूसलाधार बारिश से शहर की सड़कें बनीं तालाब भादो की फुहार ने बदला मौसम का मिजाज, मूसलाधार बारिश से शहर की सड़कें ब

Banka News: बारिश से पानी पानी हुआ शहर व गांव

Banka News: बांका, नगर प्रतिनिधि। भादो में बुधवार को मौसम ने अचानक करवट ली। सुबह से शुरू हुई रिमझिम फुहार दोपहर तक मूसलाधार बारिश में बदल गई। बीती रात रातभर हुई बारिश के बाद दिन में भी घंटों हुई झमाझम बारिश से जिले का मौसम पूरी तरह सुहाना हो गया। वहीं बारिश के साथ चली तेज हवा और वातावरण में बढ़ी नमी से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को जिले का अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस दौरान करीब 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली, जबकि आर्द्रता का स्तर 93 प्रतिशत रहा। वहीं लगातार हुई बारिश से खेतों में पर्याप्त पानी पहुंचने से धान की फसल को बड़ी राहत मिली है। पिछले दिनों बारिश के अभाव और उमस भरी गर्मी के कारण किसान धान की फसल को लेकर चिंतित थे। बुधवार को हुई मूसलधार बारिश से खेतों में पानी जमा हो गया। इससे धान की फसल को आवश्यक नमी मिली और किसानों ने राहत की सांस ली। किसानों का कहना है कि, धान की फसल के लिए यह बारिश काफी उपयोगी साबित होगी। यदि आने वाले दिनों में भी मौसम इसी तरह मेहरबान रहा तो फसल की स्थिति और बेहतर हो सकती है。

जलजमाव से शहर की सड़कें बनीं तालाब, नमी बढ़ने से वायरल संक्रमण का खतरा

बारिश से एक ओर जहां जिले के किसानों के चेहरे खिल उठे, वहीं दूसरी ओर शहरवासियों की परेशानी बढ़ गई। बुधवार को हुई मूसलाधार बारिश ने नगर परिषद की जलनिकासी व्यवस्था की पोल खोल दी। लगातार 3 घंटों से भी अधिक हुई बारिश के बाद शहर की कई प्रमुख सड़कें पानी में डूब गईं। शहर के कचहरी परिसर, डोकनिया मार्केट, शिवाजी चौक, गांधी चौक, विजयनगर चौक, पुरानी बस स्टैंड, हड़ियासी मोड़ सहित कई इलाकों में बारिश का पानी सड़कों पर फैल गया। जबकि कई जगहों पर जलजमाव के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी हुई। इधर बाजारों में भी दुकानदारों को सड़क पर जमा पानी के कारण काफ़ी परेशानीयों का सामना करना पड़ा।

वहीं बारिश के बाद वातावरण में नमी का स्तर काफी बढ़ गया है। साथ ही मौसम में लगातार हो रहे बदलाव का असर लोगों के स्वास्थ्य पर भी पड़ रहा है। जहां जिले में सर्दी-खांसी, बुखार और वायरल संक्रमण से पीड़ित मरीजों की संख्या बढ़ रही है।चिकित्सकों के अनुसार बारिश के मौसम में भीगने से बचने के साथ साफ-सफाई और खान-पान पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। जलजमाव वाले क्षेत्रों में मच्छरों का प्रकोप बढ़ने से भी लोगों को सतर्क रहने की आवश्यकता है। जिले में हुई मूसलाधार बारिश ने एक ओर किसानों को राहत दी है, तो दूसरी ओर शहर की जलनिकासी व्यवस्था को लेकर लोगों की चिंता बढ़ा दी है।शहरवासियों ने जलजमाव वाले स्थानों से जल्द पानी निकासी कराने तथा नालों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने की मांग की है।

क्या कहते हैं डॉक्टर

बारिश के बाद वातावरण में नमी बढ़ने और तापमान में उतार-चढ़ाव के कारण सर्दी-खांसी, बुखार और वायरल संक्रमण के मामले बढ़ सकते हैं।इस दौरान लोगों को बारिश में भीगने से बचना चाहिए। घर के आसपास पानी जमा नहीं होने दें और मच्छरों से बचाव के उपाय करें। साफ पानी पिएं और ताजा व गर्म भोजन का सेवन करें। बुखार या अन्य लक्षण लगातार बने रहने पर चिकित्सकीय परामर्श जरूर लें।

डॉ. उस्मान घनी, चिकित्सा पदाधिकारी, सदर अस्पताल, बांका

क्या कहते हैं मौसम वैज्ञानिक

भादो में मानसूनी गतिविधि बढ़ने से जिले में बारिश का दौर देखने को मिल रहा है। बुधवार को हुई लगातार बारिश के कारण तापमान में गिरावट आई और वातावरण में नमी का स्तर बढ़ गया। अगले कुछ दिनों में भी बादल छाए रहने के साथ कहीं हल्की तो कहीं मध्यम बारिश की संभावना बनी रह सकती है। लोगों को गरज-चमक के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचना चाहिए।

डॉ. नेहा कुमारी, मौसम वैज्ञानिक, क़ृषि विज्ञान केंद्र, बांका

सामान्य प्रश्न

✦बारिश से किसानों को क्या लाभ मिला?−
बारिश से किसानों को धान की फसल के लिए आवश्यक नमी मिली और उन्होंने राहत की सांस ली।
Hindustan | Bureau

लेखक के बारे में

Hindustan | Bureau

हिन्दुस्तान भारत का एक प्रतिष्ठित हिंदी समाचार-पत्र है, जिसकी स्थापना 1936 में महामना पंडित मदन मोहन मालवीय ने की थी। स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत को समेटे यह प्रकाशन आज भारत के सर्वाधिक पढ़े जाने वाले हिंदी समाचार-पत्रों में दूसरे स्थान पर है। WAN-IFRA के अनुसार, 2016 में 'हिन्दुस्तान' विश्व के शीर्ष 13 सर्वाधिक प्रसारित अखबारों में शामिल था। हर रोज 5 राज्‍यों सह‍ित देश की राजधानी द‍िल्‍ली और एनसीआर (नोएडा, गाज‍ियाबाद, गुरुग्राम) में 23 संस्‍करण प्रकाश‍ित होते हैं। ‘पाठक सर्वोपर‍ि’ हिन्दुस्तान की संपादकीय नीति है। समय पर, शोध और गहन खोजबीन के बाद व‍िस्‍तार से न्‍यूज र‍िपोर्ट प्रकाश‍ित की जाती है। हर खबर में सभी पक्षों और दृष्टिकोणों को संतुलित रूप से पेश किया जाता है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi NewsBihar NewsबांकाBanka News: बारिश से पानी पानी हुआ शहर व गांव