दरोगा की परीक्षा बांका में 10 केन्द्रों पर 18 व 21 जनवरी को
परीक्षा के सफल संचालन को लेकर डीएम एसपी ने जारी किया निर्देशपरीक्षा के सफल संचालन को लेकर डीएम एसपी ने जारी किया निर्देश बांका। निज संवाददाता पुलिस अ

बांका, निज संवाददाता। पुलिस अवर निरीक्षक परीक्षा को स्वच्छ, शांतिपूर्ण एवं कदाचार-मुक्त वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी नवदीप शुक्ला एवं पुलिस अधीक्षक उपेन्द्रनाथ वर्मा की संयुक्त अध्यक्षता में शुक्रवार को समाहरणालय सभागार में संयुक्त ब्रीफिंग का आयोजन किया गया। परीक्षा दिनांक 18 जनवरी एवं 21 जनवरी 2026 को दो पालियों में आयोजित की जाएगी, जिसमें प्रथम पाली पूर्वाह्न 10:00 बजे से 12:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली अपराह्न 02:30 बजे से 04:30 बजे तक होगी। बांका जिले में कुल 10 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की जाएगी, जिनमें आर.एम.के. इंटर स्कूल, बांका, नया टोला बांका, एम.आर.डी. 2 हाई स्कूल, अलीगंज, बांका, 2 एस.एस. गर्ल्स हाई स्कूल, गांधी चौक, बांका, टी.आर.पी.एस. (ठाकुर रूदेश्वरी प्रसाद सिंह) हाई स्कूल, ककवारा, बांका-देवघर रोड, उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय, फतेहपुर-कठेल, अमरपुर, बांका, सी.एम.एस. हायर सेकेंडरी स्कूल, शाहपुर, अमरपुर, बांका, सार्वजनिक 2 उच्च विद्यालय, सर्वोदयनगर, समुखिया मोड़, बांका, आदर्श बालिका हाई स्कूल, अमरपुर, बांका, एस.एन.एस. हाई स्कूल, मोहनपुर, ढाका मोड़ के समीप, बाराहाट, बांका तथा डॉ. हरिहर चौधरी हाई स्कूल, बाराहाट, बांका शामिल हैं।
परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं कदाचार-मुक्त ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर स्टैटिक दंडाधिकारी-सह-प्रेक्षक, जोनल-सह-गस्ती दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी/पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है, जो परीक्षा तिथि को अपने-अपने प्रतिनियुक्त स्थलों पर समय से पहुंचकर परीक्षा समाप्ति तक विधि-व्यवस्था संधारण सुनिश्चित करेंगे। जोनल दंडाधिकारी परीक्षा केंद्रों पर लगातार गश्ती एवं भ्रमणशील रहकर परीक्षा का सुचारु संचालन सुनिश्चित करेंगे। स्टैटिक मजिस्ट्रेट द्वारा परीक्षा केंद्र अथवा परीक्षा कक्ष में प्रवेश से पूर्व प्रत्येक अभ्यर्थी की भौतिक जांच कराई जाएगी, जिससे यह सुनिश्चित किया जा सके कि किसी भी अभ्यर्थी के पास किसी प्रकार की लिखित सामग्री, प्रवेश पत्र पर किया गया लेख, सादा कागज, क्लिपबोर्ड, स्लाइड रूल, कैलकुलेटर, मोबाइल फोन, ब्लूटूथ उपकरण, डिजिटल डायरी, पामटॉप, पीडीए अथवा कोई अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण उपलब्ध न हो। इस फ्रिस्किंग प्रक्रिया में पुलिस बल की उपस्थिति अनिवार्य होगी तथा महिला अभ्यर्थियों की जांच महिला पुलिस कर्मियों द्वारा कराई जाएगी। स्टैटिक मजिस्ट्रेट परीक्षा केंद्र के प्रत्येक परीक्षा कक्ष एवं हॉल का लगातार निरीक्षण करेंगे, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता या कदाचार की संभावना न रहे। केंद्राधीक्षक एवं सहायक केंद्राधीक्षक को छोड़कर परीक्षा केंद्र पर प्रतिनियुक्त सभी कर्मियों के मोबाइल फोन परीक्षा प्रारंभ होने से पूर्व ही स्टैटिक मजिस्ट्रेट के पास जमा कराना अनिवार्य होगा। परीक्षा संचालन के दौरान जिले में विधि-व्यवस्था संधारण के लिए अनुमंडल कार्यालय परिसर में जिला नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है, जो अनुमंडल पदाधिकारी, बांका के नियंत्रणाधीन रहेगा। नियंत्रण कक्ष का दूरभाष संख्या 06424-222225 निर्धारित किया गया है। साथ ही, जिला नियंत्रण कक्ष में अग्निशामक दस्ता की प्रतिनियुक्ति की गई है तथा किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए चिकित्सा सुविधा हेतु एम्बुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश सिविल सर्जन, बांका को दिया गया है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



