स्टैंडिंग के चुनाव से बदलेगा नगर सरकार की कैबिनेट का चेहरा

Newswrap हिन्दुस्तान, बांका
share

16 अप्रैल को होगा नगर निकायों के सशक्त स्थायी समिति का चुनाव16 अप्रैल को होगा नगर निकायों के सशक्त स्थायी समिति का चुनाव डीएम के पर्यवेक्षण, निर्देशन

स्टैंडिंग के चुनाव से बदलेगा नगर सरकार की कैबिनेट का चेहरा

बांका, निज प्रतिनिधि। जिले में 16 अप्रैल को नगर निकायों की होने वाली सशक्त स्थायी समिति (स्टैंडिंग) के चुनाव से नगर सरकार की कैबिनेट का चेहरा बदल जाएगा। डीएम सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी नवदीप शुक्ला ने चुनाव की तारीख व समय तय की है। यहां बांका नगर परिषद के अलावे तीन नगर पंचायत अमरपुर, कटोरिया एवं बौंसी में चुनाव का काउंट डाउन शुरू हो गया है, अगले चार दिनों के अंदर तस्वीर साफ हो जाएगी। चुनाव को लेकर नगर एवं आवास विभाग ने पहले ही अधिसूचना जारी करते हुए चुनाव की तिथि की भी घोषण दी है। नगर विकास विभाग से इसके लिए दिशा-निर्देश जारी होते ही नगर निकायों में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है।

सभापति व अध्यक्ष के समर्थक और विरोधी गुट अपनी दमदार उपस्थिति दर्ज कराने में लगे हैं। इन गुटों को अलग-अलग राजनीतिक दलों के साथ ही राजनीतिक हस्तियों का भी समर्थन है। इसमें वर्तमान से लेकर पूर्व विधायक तक शामिल हैं। ऐसे हालात में राज्य सरकार द्वारा अधिनियम में संसोधन करने के बाद पहली बार समिति के तीन सीटों (सदस्यों) के लिए होने वाला चुनाव रोचक होना तय है। इससे पूर्व समिति के सदस्यों को मनोनीत किया जाता था। बिहार नगरपालिका (संसोधन) अधिनियम 2026 के द्वारा नगर निकाय के सशक्त स्थायी समिति के सदस्यों का निर्वाचन निर्वाचित वार्ड पार्षदों के गुप्त मतदान से बहुमत के आधार पर डीएम के पर्यवेक्षण, निर्देशन एवं नियंत्रण में कराने का प्रावधान किया गया है। फिलवक्त बांका नगर परिषद के 26 वार्डों में 26 वार्ड पार्षद हैं। जिनके बीच से ही निर्वाचित होकर आने वाले तीन सदस्य समिति में शामिल होंगे। अब बदले हालात में समिति के निर्वाचित सदस्यों के शपथ ग्रहण के साथ ही पहले से मनोनीत सशक्त स्थायी समिति विघटित हो जाएगी। वहीं, नए प्रावधान के तहत पार्षद एक सीट के लिए ही नामांकन कर सकेंगे। जबकि हर पार्षद सभी तीन सीटों के लिए अलग-अलग मतदान करेंगे। किसी पार्षद द्वारा एक से अधिक सीटों पर नामांकन करने पर नामांकन में से न्यूनतम क्रमांक वाली मतपेटिका में किया गया नामांकन ही वैध माना जाएगा। डीएम के स्तर से समिति के हर सीट या पद के लिए सहायक निर्वाचन पदाधिकारी नियुक्त किये गये हैं। साथ ही निर्वाचन में सहयोग करने के लिए अन्य पदाधिकारी व कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। सशक्त स्थायी समिति के चुनाव की सारी प्रक्रिया एक ही दिन पूरी की जाएगी। स्टैंडिंग के सभी पदों के लिए एक ही समय में अलग-अलग चुनाव होंगे। चुनाव के दिन नामांकन व निर्वाचन से लेकर निर्वाचित सदस्यों को पद व गोपनीयता की शपथ दिलाने का काम सुबह आठ बजे शुरू होगा और बिना विराम के पूरा किया जाएगा। नामांकन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मतदान शुरू होगा। मतदान समाप्त होने के ठीक बाद नगर निकाय के निर्वाचित वार्ड पार्षदों के समक्ष रिक्तिवार मतपेटियों को खोलकर मतगणना की जाएगी और अधिक मत पाने वाले नामांकित वार्ड पार्षद को संबंधित रिक्त के विरूद्ध निर्वाचित घोषित करते हुए प्रमाण पत्र निर्गत किया जाएगा। निर्वाचन की प्रक्रिया समाप्त होने के तुरंत बाद बिहार नगरपालिका अधिनियम 2007 की धारा-24 के महत सशक्त स्थायी समिति के निर्वाचित सदस्यों को गोपनीयता की शपथ दिलाई जाएगी। वहीं, निर्वाचन की पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी कराई जाएगी। जिससे सभी अभिलेख अगले चुनाव तक सुरक्षित रखे जाएंगे। कार्यपालक पदाधिकारी सुमित्रा नंदन ने कहा कि जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह डीएम की ओर से सशक्त स्थायी समिति के चुनाव की तारीख की घोषणा कर दी गई है। यहां 16 अप्रैल को जिले के नगर निकायों के स्टैंडिंग का चुनाव होगा। चुनाव स्वच्छ, निष्पक्ष व शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए तैयारी को फाइनल टच दिया जा रहा है। वहीं, एक ही दिन निर्वाचन की सारी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।