समुखियामोड़ स्थित पुलिस लाइन में जल्द लगेगा बैंक ऑफ बड़ौदा का एटीएम

Newswrap हिन्दुस्तान, बांका
share

पुलिसकर्मियों को मिलेगी बड़ी राहत सुविधापुलिसकर्मियों को मिलेगी बड़ी राहत सुविधा बांका,निज संवाददाता। बांका जिले के समुखियामोड़ स्थित पुलिस लाइन के मु

समुखियामोड़ स्थित पुलिस लाइन  में जल्द लगेगा बैंक ऑफ बड़ौदा का एटीएम

बांका,निज संवाददाता। बांका जिले के समुखियामोड़ स्थित पुलिस लाइन के मुख्य प्रवेश द्वार पर बैंक ऑफ़ बड़ौदा का एटीएम मशीन जल्द ही स्थापित होने जा रहा है। इसको लेकर आवश्यक आधारभूत संरचना का निर्माण कार्य लगभग पूरा कर लिया गया है और अप्रैल महीने के पहले सप्ताह तक एटीएम के क्रियाशील होने की संभावना जताई जा रही है। यह पहल खास तौर पर पुलिस केंद्र में रह रहे प्रशिक्षु सिपाहियों,महिला एवं पुरुष पुलिस पदाधिकारियों, आरक्षियों और उनके परिवारजनों के लिए बेहद लाभकारी साबित होगी। अब तक इस परिसर में किसी भी बैंक का एटीएम उपलब्ध नहीं था,जिसके कारण यहां रहने वाले पुलिसकर्मियों को छोटी-छोटी बैंकिंग जरूरतों के लिए भी करीब 5 किलोमीटर दूर बांका मुख्यालय जाना पड़ता था।

इससे समय की बर्बादी के साथ-साथ ड्यूटी के बीच असुविधा भी होती थी। एटीएम मशीन लग जाने के बाद पुलिस लाइन में रहने वाले लोगों को 24 घंटे नकद निकासी की सुविधा मिलेगी। साथ ही खाते का बैलेंस चेक करने, मिनी स्टेटमेंट निकालने और जरूरत पड़ने पर किसी अन्य खाते में राशि ट्रांसफर करने जैसी सुविधाएं भी बिना बैंक शाखा गए ही उपलब्ध हो जाएंगी। इससे पुलिसकर्मी ड्यूटी के दौरान भी अपने परिवार या परिजनों को तुरंत पैसे भेज सकेंगे और उन्हें लंबी कतारों में लगने की परेशानी से भी मुक्ति मिलेगी। मालूम हो कि बांका पुलिस केंद्र में बड़ी संख्या में प्रशिक्षु सिपाही प्रशिक्षण लेते हैं और कई पुलिस अधिकारी व जवान अपने परिवार के साथ यहां निवास करते हैं। ऐसे में एटीएम की सुविधा का अभाव लंबे समय से महसूस किया जा रहा था। इस समस्या को देखते हुए जिला पुलिस प्रशासन द्वारा पहल की गई , जिसके परिणामस्वरूप बैंक ऑफ बड़ौदा ने यहां एटीएम स्थापित करने का निर्णय लिया। इस एटीएम के शुरू हो जाने से न केवल पुलिसकर्मियों को राहत मिलेगी,बल्कि उनके परिवारजनों के लिए भी बैंकिंग सेवाएं काफी आसान हो जाएंगी। विशेष रूप से महिला पुलिसकर्मियों और उनके परिवार के सदस्यों को दूर जाकर बैंकिंग कार्य करने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी, जिससे उनकी सुरक्षा और सुविधा दोनों में वृद्धि होगी। स्थानीय स्तर पर भी इस पहल को काफी सकारात्मक कदम माना जा रहा है। लोगों का मानना है कि इससे पुलिस बल का मनोबल बढ़ेगा और उन्हें अपनी जिम्मेदारियों के निर्वहन में अधिक सुविधा मिलेगी।वहीं समुखिया गांव के आसपास के इलाके वाले लोग भी इस एटीएम के शुरू होने से लाभांवित हो पाएंगे।इस संबंध में पुलिस अधीक्षक उपेंद्रनाथ वर्मा ने बताया कि पुलिस लाइन में एटीएम की सुविधा लंबे समय से जरूरी थी। पुलिसकर्मियों को छोटी-छोटी जरूरतों के लिए बाहर जाना पड़ता था,जिससे उनकी ड्यूटी भी प्रभावित होती थी। उन्होंने कहा कि बैंक ऑफ बड़ौदा के सहयोग से यह सुविधा जल्द ही शुरू हो जाएगी और इससे यहां रह रहे सभी पुलिसकर्मी एवं उनके परिवार के लोग के अलावा स्थानीय आमजन भी सीधे तौर पर लाभान्वित होंगे।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।