आवास योजना में वसूली के गंभीर आरोप, हुई जांच

Newswrap हिन्दुस्तान, बांका
share

कटोरिया के तसरिया गांव में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत महिलाओं ने जियो-टैगिंग में अवैध वसूली के आरोप लगाए। बीडीओ देवाशीष कुमार ने जांच के दौरान कई महिलाओं से पूछताछ की, जिन्होंने पैसे देने के बावजूद योजना का लाभ न मिलने की बात कही। ग्रामीणों ने निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

आवास योजना में वसूली के गंभीर आरोप, हुई जांच

कटोरिया। प्रखंड अंतर्गत भोरसार-भेलवा पंचायत के तसरिया गांव में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) को लेकर ग्रामीणों द्वारा दिए गए सामूहिक आवेदन पर शुक्रवार को बीडीओ देवाशीष कुमार ने स्थल जांच की। जांच के दौरान योजना से वंचित महिलाओं द्वारा जियो-टैगिंग प्रक्रिया में अवैध वसूली के गंभीर आरोप लगाए गए। मामले में ग्रामीणों ने सोमवार को आवेदन देकर बीडीओ से शिकायत की थी कि जियो-टैगिंग के नाम पर रुपए लिए गए, लेकिन कई पात्र परिवारों के नाम लाभुक सूची से हटा दिए गए। शिकायत के आलोक में शुक्रवार को बीडीओ गांव पहुंचे और छूटे हुए लाभुकों से क्रमवार पूछताछ की। जांच के दौरान कई महिलाओं ने खुलकर आरोप लगाए।

एक महिला ने बताया कि उससे जियो-टैगिंग के समय 500 रुपए लिए गए थे। वहीं दूसरी महिला ने आरोप लगाया कि उससे 1000 रुपए की मांग की गई और उसने राशि दे भी दी, लेकिन इसके बावजूद उसे योजना का लाभ नहीं मिला। महिलाओं का कहना था कि एक महिला खुद को आवास योजना की टीम से जुड़ा बताती थी, घर-घर जाकर फोटो खींचती थी और प्रक्रिया पूरी करने के नाम पर रुपए मांगती थी। लेकिन पैसे देने के बाद भी कई पात्र लाभुकों का नाम सूची में सुनिश्चित नहीं हुआ। जांच के दौरान बीडीओ ने संबंधित कर्मी की पहचान, हुलिया और भूमिका के बारे में जानकारी ली। इधर, जांच के दौरान की बातचीत का वीडियो भी ग्रामीणों द्वारा तेजी से वायरल किया जा रहा है। वीडियो में एक विकलांग महिला चम्पा देवी सहित अन्य महिलाएं कैमरे पर रुपए लिए जाने की बात कहती नजर आ रही हैं। फिलहाल ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष व उच्चस्तरीय जांच, दोषी कर्मियों की जवाबदेही तय करने तथा वसूली गई राशि लाभुकों को वापस दिलाने की मांग दोहराई है। कोट:: ग्रामीणों से मिले आवेदन पर स्थल पर जाकर जांच की गई। किस आधार पर कुछ नाम छोड़े गए, इसकी जांच की गई। जांच के दौरान अवैध वसूली के आरोप भी सामने आए हैं। जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।-देवाशीष कुमार, बीडीओ, कटोरिया

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।