बांका : सर्पदंश से किशोर की मौत के बाद रेफरल अस्पताल में हंगामा
बौंसी, निज संवाददाता। 15 वर्षीय सागर कुमार की सर्पदंश से मौत के बाद परिजनों ने रेफरल अस्पताल में हंगामा किया। परिजनों का आरोप है कि चिकित्सक ने समय पर उपचार नहीं किया। सागर को गंभीर स्थिति में भागलपुर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई। हंगामे पर चिकित्सक ने आरोपों को निराधार बताया।

बौंसी, निज संवाददाता। थाना क्षेत्र के घोरेला कैरी गांव निवासी 15 वर्षीय सागर कुमार की सर्पदंश से मौत के बाद शुक्रवार को रेफरल अस्पताल में परिजनों ने हंगामा किया। परिजन एवम् ग्रामीण ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगा रहे थे। जानकारी के अनुसार, गुरुवार देर रात सागर कुमार को घर में सांप ने काट लिया था। परिजन उसे तत्काल बौंसी रेफरल अस्पताल लेकर पहुंचे।
परिजनों का आरोप
परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में तैनात चिकित्सक ने समय पर उपचार शुरू नहीं किया और आवश्यक एंटी स्नेक वेनम (एएसवी) इंजेक्शन भी नहीं दिया। उनकी स्थिति गंभीर होने पर उसे भागलपुर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। शुक्रवार को परिजन शव लेकर पुनः रेफरल अस्पताल पहुंचे और विरोध कर दिया।
डॉक्टर की प्रतिक्रिया
हंगामे की सूचना पर रेफरल प्रभारी डॉ. संजीव कुमार मौके पर पहुंचे और परिजनों से वार्ता कर उन्हें शांत कराया। इधर, आरोपित चिकित्सक डॉ. आर. के. सिंह ने अपने ऊपर लगाए गए सभी आरोपों को निराधार बताया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बांका भेज दिया। घटना के बाद मृतक की मां रेणु देवी, भाई सचिन सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि गांव में शोक का माहौल व्याप्त है。


