लौरिया में पुलिस पर पथराव कर झोपड़ी फूंका

Jan 03, 2026 09:47 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, बगहा
share Share
Follow Us on

दुबौलिया गांव में जमीन मापी के दौरान सीओ और थानाध्यक्ष समेत पांच कर्मियों पर भीड़ ने लाठी-डंडे और पत्थरों से हमला किया। हमले में सीओ और थानाध्यक्ष सहित तीन लोग घायल हो गए। आरोपियों ने एक झोपड़ी को भी आग लगा दी। पुलिस और प्रशासन को मौके से भागना पड़ा।

लौरिया में पुलिस पर पथराव कर झोपड़ी फूंका

लौरिया, एक संवाददाता। थानाक्षेत्र की बेलवा लखनपुर पंचायत के दुबौलिया गांव में शनिवार दोपहर बाद जमीन की मापी कराने गए सीओ, थानाध्यक्ष सहित पांच कर्मियों को आरोपियों ने लाठी-डंडे व पथराव कर पीट दिया। प्रशासन की ओर से कराई जा रही वीडियोग्राफी के कैमरे व उड़ रहे ड्रोन को भीड़ ने क्षतिग्रस्त कर दिया। इस दौरान आरोपियों ने स्व. राजेदव राम के पुत्र सनोज कुमार झोपड़ी (घोटा) भी फूंक दी। इसे बुझाने में उसकी मां कृष्णा देवी (55) मामूली रूप से झुलस गई है। आरोपियों की उग्र भीड़ देखकर अधिकारियों समेत पुलिस को जान बचाकर घटनास्थल से भागना पड़ा। हमले में सीओ नीतेश कुमार सेठ, थानाध्यक्ष रमेश कुमार शर्मा समेत घायल तीन कर्मियों का लौरिया सीएचसी में इलाज कराया गया।

सीओ के बाएं हाथ, पेट और पैर, थानाध्यक्ष के के दाएं हाथ, पेट और ऊंगलियों में चोटें आई हैं। इस दौरान पुलिस मूकदर्शक बनी रही। सीओ ने बताया कि लौरिया नगर पंचायत के मनोज जायसवाल की दो एकड़ जमीन दुबौलिया गांव में है। उस जमीन को गांव के ही वंशराज राम अपनी बता रहे हैं। इधर, नरकटियागंज भूमि उपसमाहर्ता ने बीते 17 दिसंबर को प्रशासन और पुलिस बल के साथ जमीन की मापी का आदेश दिया था। उस दिन भी वंशराज और उनके समर्थकों ने पुलिस व अधिकारियों को खदेड़ दिया था। इसके बाद उन्हें तीन जनवरी का समय मापी के लिए दिया गया था। इधर, शनिवार को बीएलडी आर एक्ट के तहत सीओ नीतेश कुमार सेठ, थानाध्यक्ष रमेश कुमार शर्मा, अंचलकर्मियों की टीम बेतिया से पहुंची पुलिस बल के साथ दुबौलिया में जमीन की मापी करने गई। उनके पहुंचते ही वंशराज राम, उनके परिजनों समेत दर्जनों समर्थकों ने पुलिस व प्रशासन पर ईंट, पत्थर व लाठी, डंडे से हमला कर दिया। जब तक पुलिस प्रशासन मामले को समझती, तब तक सीओ-थानाध्यक्ष और तीन अन्य कर्मी भीड़ में फंस गये। आरोपियों ने उन्हें बुरी तरह पीट दिया। उन्हें उसी समय इलाज के लिए सीएसपी पहुंचाया गया। इधर, भीड़ इतनी उग्र थी कि वहां एक घर को भी आग के हवाले कर दिया। प्रशासन द्वारा ले गए ड्रोन और वीडियोग्राफी वाले कैमरे को भी चकनाचूर कर दिया गया। ताकि कोई साक्ष्य नहीं मिल सके। पुलिस भीड़ को समझाने में जुटी रही, इधर भीड़ पुलिस व प्रशासनिक टीम पर हमले करते रही। जिसके बाद पुलिस टीम को पीछे हटना पड़ा।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।