बॉर्डर के चेकपोस्ट पर लोगों ने किया हंगामा
मैनाटाड़ के भेड़िहरवा एसएसबी चेकपोस्ट पर ग्रामीणों ने वाहन जांच के खिलाफ हंगामा किया। आरोप है कि एसएसबी ने बारात लौटते समय चार वाहनों को रोका और चालकों को पैदल घर जाने को कहा। इस पर ग्रामीणों ने भारी संख्या में चेकपोस्ट पहुंचकर विरोध जताया। एसएसबी ने आरोपों को खारिज कर दिया।

मैनाटाड़, एक प्रतिनिधि। थाना क्षेत्र के इंडो-नेपाल बॉर्डर के भेड़िहरवा एसएसबी चेकपोस्ट पर रविवार सुबह में ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया। वे एसएसबी पर वाहन जांच के नाम पर परेशान करने का आरोप लगा रहे थे। भेड़िहरवा गांव के ग्रामीणों के हंगामे से थोड़ी देर के लिए वहां अफरातफरी मच गई। बड़ी संख्या में चेकपोस्ट पर पहुंचे लोगों बारात की गाड़ी रोकने का आरोप लगाया। सूचना पर एसएसबी के सहायक सेनानायक अविनाश पटेल व मैनाटाड़ थानाध्यक्ष शंभू शरण गुप्ता मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया। इधर, प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि गणेश साह उर्फ भोट साह भी मौके पर पहुंचे। सेनानायक ने ग्रामीणों के आरोप को खारिज कर दिया।
कहा कि आधी रात को किसी को भी बॉर्डर के नेपाल व भारतीय गांव में आने-जाने की इजाजत नहीं दी जाएगी। लोगों की सुविधा को ध्यान में रखकर एसएसबी कानून अनुसार काम करेगी।ग्रामीण सह वार्ड सदस्य कन्हैया कुमार, अशर्फी महतो, मनोज कुमार, संतोष कुमार, जैनुद्दीन अंसारी, इज़हारुल अंसारी, मैनुद्दीन मियां, पवन कुमार आदि का कहना था कि शनिवार को भेड़िहरवा के वाहन मालिक सह चालक संतोष कुमार, इम्तेयाज, राजकुमार और सलमान मियां साठी थाने के धमौरा से बारात लेकर नेपाल के मिर्जारपुर गये थे। रात में लौटने के दौरान उनके चारों वाहनों को एसएसबी ने रोक दिया। चारों ने एसएसबी से गुहार लगाई की चेकपोस्ट से मात्र चार सौ मीटर की दूरी पर हमलोगों का घर है। वाहन के साथ हमलोगों को जाने दिया जाय। लेकिन एसएसबी ने उनकी बात नहीं मानी और चारों वाहनों को चेकपोस्ट के पास मंदिर में लगवा दिया। वाहन मालिकों सह चालकों को पैदल घर जाने को कहा। तब वे लोग पैदल घर चले गये। लेकिन रविवार सुबह में बड़ी संख्या में ग्रामीण चेकपोस्ट पहुंचे और हंगामा शुरू कर दिया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


