नहर में बाइक समेत गिरे दो सवार, भांजे की मौत

Feb 19, 2026 12:40 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, बगहा
share

रामनगर में एक मामा-भांजा बुधवार को कोहरे में ट्रैक्टर से बचते समय बाइक समेत त्रिवेणी नहर में गिर गए। भांजा अभिषेक कुमार (19) की डूबने से मौत हो गई, जबकि मामा सहवाग राउत (27) तैरकर बाहर निकल गए। ग्रामीणों ने शव को निकाला और आक्रोशित होकर सड़क जाम कर दी।

नहर में बाइक समेत गिरे दो सवार, भांजे की मौत

रामनगर, एक प्रतिनिधि। रामनगर-भैरोगंज मुख्य पथ पर मोतीपुर पुल से बाइक समेत मामा-भांजा बुधवार सुबह कोहरे में सामने से आ रहे ट्रैक्टर से बचने के दौरान त्रिवेणी नहर में गिर गये। इसमें भांजा अभिषेक कुमार (19) की डूबने से मौत हो गई। वहीं मामा सहवाग राउत (27) नहर से तैरकर बाहर निकल गये। अभिषेक नौतन थाना क्षेत्र के धूमनगर कुर्मी टोला निवासी भरत प्रसाद का पुत्र थे। मामा पूर्वी चंपारण के पहाड़पर थाने के सरेया के रहने वाले हैं। ग्रामीणों ने मशक्कत कर भांजे का शव का निकाला। उसका शव निकलते ही ग्रामीण आक्रोशित हो उठे। लोगों ने शव रखकर सड़क जाम कर दिया।

करीब 3.30 घंटे तक ग्रामीणों ने बवाल काटा। शव ले जाने के लिए पहुंची एंबुलेंस पर लोगों ने हमला कर दिया। चालक किसी तरह एंबुलेंस लेकर वहां से भागा। वहीं पुल को तोड़ने का भी प्रयास लोगों ने किया। इससे प्रशासन के हाथ-पांव फुल गये। एसडीपीओ रागिनी कुमारी मौके पर पहुंची और किसी तरह समझाकर लोगों को शांत कराया। एसडीपीओ ने बताया कि पोस्टमार्टम करा शव परिजनों को सौंप दिया गया है। आवेदन मिलने पर एफआईआर दर्ज कर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। रिश्तेदारी से लौट रहे थे मामा-भांजा, ट्रैक्टर से बचने में गिरे नहर में : घटना के सबंध में बताया जाता है कि बुधवार की सुबह पूर्वी चंपारण जिले के पहाड़पुर थाना क्षेत्र के सरेया मिश्राईन टोला निवासी सहबाग राऊत अपने भांजे नौतन थाने े धूमनगर कुर्मी टोला के अभिषेक कुमार के साथ बांसगांव परसौनी गांव स्थित रिश्तेदारी से बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान मोतीपुर पुल के समीप घने कोहरे में सामने से आ रहे ट्रैक्टर से बचाने के दौरान वे बाइक समेत त्रिवेणी नहर में जा गिरे। गिरने के बाद सहवाग तैरकर बाहर निकल गए। लेकिन अभिषेक नहर में डूब गया। उन्होंने इसकी जानकारी मोबाइल से भैरोगंज थाने के बासगांव परसौनी के बहन और बहनोई को दी। वहां पहुंचे लोगों ने दो घंटे की मशक्कत के बाद अभिषेक का शव नहर से निकाला।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।