ट्रैक्टर की चपेट में आने से महिला व बच्ची की मौत
बेतिया जिले के नगरदेही गांव के पास मॉर्निंग वाक कर रही महिला निर्मला देवी और उसकी बेटी आरती कुमारी की अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्रॉली से कुचलकर मौत हो गई। घटना बुधवार सुबह हुई। पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर...

बेतिया/मैनाटाड़, हिसं/एप्र। भंगहा थाना क्षेत्र के नगरदेही गांव के समीप इंडो नेपाल बार्डर सड़क पर मॉर्निंग वाक करने निकली इनरवा वार्ड नं. 4 निवासी हरिशंकर साह की पत्नी निर्मला देवी (30) तथा चन्द्रप्रकाश पासवान की पुत्री आरती कुमारी (7) की मौत अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्रॉली से कुचलकर हो गयी। घटना बुधवार की सुबह पांच बजे की है। भंगहा थानाध्यक्ष रौशन कुमार ने बताया कि पुलिस ने ट्रैक्टर ट्रॉली के चालक सेढ़वा निवासी मुकेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि धान लदा ट्रैक्टर ट्रॉली ग्रामीणों के पास हैं। पुलिस की टीम वहां पर कैंप कर रही है। मृत बच्ची आरती कुमारी और मृतका निर्मला देवी के शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।
परिजनों की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की जाएगी। सूत्रों के अनुसार चंदप्रकाश पासवान की बेटी आरती कुमारी और हरिशंकर प्रसाद की पत्नी निर्मला देवी सड़क पर टहल रहे थे। उसी दौरान भंगहा से धान लदी ट्रैक्टर ट्रॉली इनरवा के तरफ आ रही थी। नगरदेही गांव के समीप अनियंत्रित ट्रैक्टर ने आरती व निर्मला को कुचल दिया। मौके पर मौजूद महिला व पुरुष घटना स्थल की तरफ दौड़े तो चालक गाड़ी छोड़कर भाग गया। जख्मी बच्ची और महिला को मौके से उठाकर इनरवा बजार एक निजी नर्सिंग होम में ले जाया गया। वहां पर प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को चिकित्सक ने गंभीर स्थिति में बेतिया रेफर कर दिया। परिजन सुबह सात बजे दोनों को लेकर जीएमसीएच पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




